नई दिल्ली: नमकीन और मिठाई बनाने वाली दिग्गज कंपनी हल्दीराम स्नैक्स फूड्स ने आईपीओ की तैयारी शुरू कर दी है। एक लाख करोड़ रुपये से ज्यादा के वैल्यूएशन पर कंपनी का आईपीओ करीब 10,000 करोड रुपये का हो सकता है। सूत्रों का कहना है कि कंपनी ने इसके लिए ईवाई के साथ हाथ मिलाया है और अगले साल के अंत में लिस्टिंग हो सकती है। प्रस्तावित आईपीओ में ओएफएस के साथ-साथ फ्रेश शेयर भी जारी किए जाएंगे।
हल्दीराम स्नैक्स फूड्स में प्रमोटर अग्रवाल फैमिली की 85 फीसदी हिस्सेदारी है। चार ग्लोबल फंड्स ने भी कंपनी में निवेश किया है। फाइनेंशियल ईयर 2026 की पहली छमाही में कंपनी का रेवेन्यू 7762 करोड़ रुपये रहा था। भारत में स्नैक्स मार्केट पिछले साल 50590 करोड़ रुपये का था और 2034 तक इसके 103556 करोड़ रुपये पहुंचने का अनुमान है।
कितना लगेगा समय?
एक एग्जीक्यूटिव ने कहा, 'प्रोजेक्ट मैनेजमेंट ऑफिस (PMO) प्रोसेस टीम के साथ ही पब्लिक लिस्टिंग की प्रोसेस शुरू हो गई है। इस बिजनेस के डाइवर्सिफाइड और कॉम्प्लेक्स स्ट्रक्चर को देखते हुए इस प्रोसेस में छह से 12 महीने का समय लग सकता है। या उससे ज्यादा समय भी लग सकता है।'
इस बारे में कंपनी के चीफ एग्जीक्यूटिव केके चुटानी और ईवाई को भेजे गए ईमेल का जवाब नहीं आया। दिल्ली की हल्दीराम स्नैक्स और नागपुर की हल्दीराम फूड्स इंटरनेशनल के मर्जर के बाद हल्दीराम स्नैक्स फूड बनाई गई है। इसमें सिंगापुर के टेमासेक, इंटरनेशनल होल्डिंग कंपनी, अल्फा वेव ग्लोबल और एल कैटरटन की भी हिस्सेदारी है।
किसकी कितनी हिस्सेदारी?
अमेरिकी इन्वेस्टर एल कैटरटन ने दिसंबर 2025 में हल्दीराम में निवेश किया था। टेमासेक, अल्फा वेव ग्लोबल और यूएई की इंटरनेशनल होल्डिंग कंपनी ने मार्च-अप्रैल 2025 में कंपनी में 15 फीसदी हिस्सेदारी खरीदी थी। यह भारत के कंज्यूमर सेक्टर में सबसे बड़ी प्राइवेट इक्विटी डील थी। यह निवेश 10 अरब डॉलर यानी 85,000 करोड़ रुपये के वैल्यूएशन पर किया गया था।
हल्दीराम ब्रांड की शुरुआत साल 1937 में गंगा बिसन अग्रवाल ने की थी। आज इसका बिजनेस 100 से अधिक देशों में फैला हुआ है। यह कंपनी 400 से अधिक तरह के फूड आइटम्स बेचती है। इनमें नमकीन, मिठाइयां, स्नैक्स, रेडी-टु-ईट फूड, फ्रोजन फूड, बिस्कुट, कनफेक्शनरी, रेडी-टु-ड्रिंक बेवरेजेज और पास्ता आदि शामिल हैं। कंपनी भारत के बाहर भी कई देशों को एक्सपोर्ट करती है।
भारत का स्नैक्स बाजार
स्नैक्स और नमकीन मार्केट में हल्दीराम का मुख्य मुकाबला बालाजी वैफर्स, बीकानेरवाला फूड्स, आईटीसी, पार्ले प्रॉडक्ट्स और पेप्सिको से है। देश के स्नैक फूड मार्केट में हल्दीराम की करीब 21% हिस्सेदारी है जबकि पेप्सिको 15% के साथ दूसरे नंबर पर है। इस मार्केट में करीब 3,000 छोटे और रीजनल प्लेयर्स भी हैं जिनकी हिस्सेदारी 40% है।

