नई दिल्ली: कांग्रेस ने यौन शोषण के आरोपी मणिपुर के सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम को बड़ी जिम्मेदारी दे दी है। मणिपुर में विधानसभा चुनावों से पहले अपनी घोषणापत्र समिति का सह-अध्यक्ष और प्रचार तथा राज्य चुनाव समितियों का सदस्य नियुक्त किया है। लोकसभा में इनर मणिपुर से सांसद अकोइजम, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय ( JNU ) की 11 छात्राओं द्वारा की गई शिकायतों के बाद विवादों में आ गए हैं। हालांकि, दिल्ली उच्च न्यायालय ने 2 नवंबर को उनकी बर्खास्तगी पर रोक लगा दी और उनकी याचिका को जनवरी में सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया है।
कांग्रेस के महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल ने बुधवार को बताया कि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मणिपुर प्रदेश कांग्रेस समिति और उसकी चुनाव समितियों में इन नियुक्तियों को मंजूरी दे दी है।
18 मई को 11 छात्राओं ने अकोइजम पर लगाए थे गंभीर आरोप
18 मई को JNU की 11 छात्राओं द्वारा यौन उत्पीड़न और दुर्व्यवहार की शिकायत किए जाने के बाद, पांच सदस्यीय समिति ने उनके खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश की थी। 9 अक्टूबर को अकोइजम को बर्खास्त कर दिया गया। समिति की रिपोर्ट 11 अक्टूबर को पुलिस को सौंपी गई, जिसके बाद वसंत कुंज पुलिस ने FIR दर्ज की।
बीजेपी ने बोला हमला
वहीं, भारतीय जनता पार्टी (BJP) की राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस पर तीखा हमला किया है। उन्होंने कहा है कि लड़की हूं, लड़ सकती हूं...’ और ‘पितृसत्ता को ध्वस्त करें’ की हुंकार भरने वाली कांग्रेस का महिला सम्मान के प्रति असली चाल, चरित्र और चेहरा एक बार फिर देश के सामने आ गया है। महिला सम्मान पर कांग्रेस की कथनी और करनी में इतना बड़ा अंतर इसलिए है, क्योंकि उनके लिए महिलाओं की गरिमा बस एक चुनावी नारा है।
अंगोमचा बिमोल अकोइजम पर गंभीर आरोप
जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय की कम से कम 11 छात्राओं ने मई में विश्वविद्यालय की आंतरिक शिकायत समिति (ICC) के समक्ष यौन उत्पीड़न की शिकायतें दर्ज कराई थीं। उन पर कक्षाओं और वाइवा परीक्षा के दौरान छात्राओं के प्रति अश्लील, यौन रूप से संवेदनशील और आपत्तिजनक टिप्पणियां करने का आरोप है। कुछ छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया कि उनसे पढ़ाई या परीक्षा में बेहतर अंक से पास कराने के बदले में अनुचित मांगें की गईं।

