सपा नेता शिवपाल यादव ने गुरुवार को गाजियाबाद जेल में बंद आजम खान से मुलाकात की। दोनों के बीच जेल की जाली के जरिए 2 घंटे बातचीत हुई।
जेल से बाहर आकर शिवपाल ने कहा- आजम खान को कई बार मारने की कोशिश की गई, लेकिन वे मजबूती से खड़े हैं। मुस्लिम होने की वजह से आजम और उनके परिवार का उत्पीड़न हो रहा है।
उन्होंने कहा-

आजम सपा में थे और हमेशा रहेंगे। उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं है। विधानसभा चुनाव को लेकर भी उनसे चर्चा हुई। आजम ने कहा कि पार्टी के पक्ष में माहौल है। 2027 में सपा की ही सरकार बनेगी।
शिवपाल से पहले 22 अक्टूबर को अखिलेश यादव ने रामपुर जेल में आजम से मुलाकात की थी। अखिलेश एक साल में 3 बार आजम से मिल चुके हैं।
आजम 12 दिन से गाजियाबाद की डासना जेल में बंद हैं। ED ने मनी लॉन्ड्रिंग केस में 31 अक्टूबर को रामपुर जेल से बाहर निकलते ही उन्हें गेट पर गिरफ्तार कर लिया था। 1 नवंबर को विशेष PMLA कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था।
1- जाली के जरिए आजम से बात हुई, यह प्रोटोकॉल का उल्लंघन
शिवपाल सुबह 9 बजकर 40 मिनट पर डासना जेल पहुंचे। सबसे पहले अधिकारियों से मिले। करीब 10 मिनट तक जेल की औपचारिकताएं पूरी कीं। इसके बाद उन्हें आजम खान से मिलने की अनुमति दी गई।
मुलाकात के बाद जेल से बाहर आए शिवपाल ने कहा- जाली के जरिए आजम साहब से बात हुई। यह प्रोटोकॉल का उल्लंघन है। हमारी सरकार बनी, तो जाली के जरिए मुलाकात की प्रक्रिया खत्म कर देंगे।
2- आजम पर झूठे मुकदमे लादे जा रहे, अब कोर्ट से ही उम्मीद
शिवपाल ने कहा- आजम पर झूठे मुकदमे लादे जा रहे हैं। अब तो कोर्ट से ही उम्मीद है। उनका कसूर सिर्फ इतना है कि उन्होंने गरीब बच्चों के लिए यूनिवर्सिटी बनाई।
3- चंद्रशेखर-ओवैसी के गठबंधन का PDA पर असर नहीं पड़ेगा
चंद्रशेखर-ओवैसी के गठबंधन पर शिवपाल ने कहा- ये दोनों चाहते हैं कि भाजपा की सरकार ही रहे। इसलिए इन्होंने मिलकर गठबंधन किया है। लेकिन, इसका असर PDA और समाजवादी पार्टी पर नहीं पड़ेगा।
वकील मोहम्मद जुनैद भी जेल पहुंचे, बोले- आजम को प्रताड़ित किया जा रहा
जंतर-मंतर पर खाना बांटने को लेकर चर्चा में आए वकील मोहम्मद जुनैद भी आजम खान के समर्थन में डासना जेल पहुंचे। उन्होंने कहा- अगर जौहर यूनिवर्सिटी का निर्माण असंवैधानिक तरीके से हुआ है या उसका नक्शा पास नहीं है, तो जुर्माना लगाया जा सकता है।
यूनिवर्सिटी को ढहाना सही नहीं है। एक व्यक्ति को केंद्र में रखकर राजनीतिक षड्यंत्र के तहत कार्रवाई की जा रही है। धर्म और जाति के आधार पर उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है।
6 नवंबर को पत्नी तंजीन फातिमा डासना जेल मिलने पहुंची थीं
6 नवंबर को तंजीन फातिमा बड़े बेटे अदीब आजम और मुंहबोली बेटी एकता कौशिक के साथ डासना जेल पहुंची थीं। उन्होंने पति आजम खान से मुलाकात की।
तंजीन ने कहा था- आजम को जेल में गंदगी के बीच रखा गया है। उनके साथ ऐसा व्यवहार हो रहा है, जैसे वे कहीं भाग जाएंगे। कातिल खुलेआम घूमता है, लेकिन आजम साहब के साथ ऐसा बर्ताव किया जा रहा है।
उन्होंने कहा- कोर्ट को बता दिया है कि आजम की तबीयत ठीक नहीं है। उन्हें स्ट्रोक पड़ चुका है। मेडिकल रिपोर्ट भी कोर्ट में जमा कर दी हैं, फिर भी उन्हें जेल में ऐसे हालात में रखा जा रहा है।
ED ने किस मामले में आजम को पकड़ा है
ED की कार्रवाई का संबंध मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी और उससे जुड़े जौहर ट्रस्ट से है। एजेंसी सरकारी निर्माण कार्यों के धन और सामग्री के कथित दुरुपयोग, जमीन की खरीद और विश्वविद्यालय के निर्माण में इस्तेमाल हुए धन के स्रोत की जांच कर रही है।
ED के मुताबिक, इस मामले की जांच रामपुर के अजीमनगर थाने में दर्ज 26 FIR के आधार पर शुरू हुई। एजेंसी ने अपनी जांच में आरोप लगाया कि सरकारी ठेकों से जुड़े धन और निर्माण सामग्री का इस्तेमाल विश्वविद्यालय परिसर के निर्माण में किया गया।
59 इमारतों के निर्माण और 114 बैनामों से हासिल जमीन की कीमत 499.09 करोड़ रुपए आंकी गई, जबकि वैध स्रोतों से 72.63 करोड़ रुपए का हिसाब मिला। बाकी 426.46 करोड़ रुपए को एजेंसी ने कथित अपराध की कमाई माना है।
इसी आधार पर 28 अक्टूबर को ED ने यूनिवर्सिटी की जमीन और इमारतों की करीब 426.46 करोड़ की संपत्ति अस्थायी रूप से अटैच की थी।
आजम के जेल से बाहर आने पर क्या-क्या हुआ, पढ़िए
29 अक्टूबर को हाईकोर्ट ने 2 पैन कार्ड मामले में आजम और बेटे अब्दुल्ला की 10 साल की सजा सस्पेंड कर दोनों को जमानत दे दी थी। इसके बाद 11 महीने बाद 31 अक्टूबर की शाम सवा 7 बजे आजम-अब्दुल्ला रामपुर जेल से बाहर आए।
उनके बाहर आने से 15 मिनट पहले ED की एक टीम जेल के अंदर दाखिल हुई थी। जेल के मेन गेट पर सफेद रंग की कार से पहुंचे अफसरों और आजम के वकीलों के बीच तीखी बहस हुई।
इस दौरान आजम ने भी अफसरों के सवालों के जवाब दिए, लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद अधिकारी उन्हें अपनी कार में बैठाकर ले गए।
इसी दौरान आजम ने आसमान की तरफ हाथ उठाकर इशारा किया और कहा- अल्लाह सब देख रहा है। अब कहने को क्या है? यह मुसलमान होने की सजा है। गलती यह है कि एक मुसलमान ने यूनिवर्सिटी बनाई। यह हमारा गुनाह है।
गाजियाबाद कोर्ट के बाहर आजम ने कहा था- क्या रह गया बोलने को
1 नवंबर को ED के अफसरों ने आजम को गाजियाबाद में ईडी की विशेष PMLA कोर्ट में पेश किया। इस दौरान CRPF और पुलिस के 100 जवान भी तैनात रहे। कोर्ट परिसर पहुंचने पर आजम काफी शांत दिखे।
वह सिर्फ लोगों की तरफ देखते रहे। कार की खिड़की का शीशा खोलते ही मीडिया ने पूछा- कुछ बोलेंगे नहीं? इस पर उन्होंने जवाब दिया- क्या रह गया है बोलने को।
सुप्रीम कोर्ट ने जमानत पर सुनवाई से इनकार किया था
सुप्रीम कोर्ट ने 5 नवंबर को आजम खान की जमानत याचिका पर सुनवाई से इनकार कर दिया। साथ ही उनकी याचिका इलाहाबाद हाईकोर्ट ट्रांसफर कर दी।
कोर्ट ने हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से कहा कि वे मामले को 16 नवंबर से पहले डिविजन बेंच के सामने सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करें। बेंच 16 नवंबर को ही आजम की याचिका पर अंतरिम आदेश पारित करे।
आजम ने कहा था- चुनाव में मुझे जेल में रखना चाहते हैं
आजम ने कोर्ट में कहा था- मैं हर मामले का सामना करूंगा, लेकिन मुझे जमानत चाहिए। मैं 80 साल का हूं। मुझे ED के अलावा 28 अन्य मामलों में गिरफ्तार किया गया। ऐसे तो मेरी मौत जेल में ही हो जाएगी। वे लोग मुझे चुनाव तक जेल में रखना चाहते हैं।
आजम खुद सुप्रीम कोर्ट के सामने पेश नहीं हुए थे। उन्होंने अपने वकील कपिल सिब्बल के जरिए ये बातें रखी थीं।

