नमस्कार,
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने ईरान के साथ जंग लगभग खत्म होने की बात कही। सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ बाजार में आ गई है। मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में आगे जानिए कि बांग्लादेश ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के देश लौटने को लेकर क्या कहा।
⏰आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर नजर रहेगी…
1. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 'स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26' के 10वें संस्करण के पुरस्कार प्रदान करेंगी।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि ईरान के साथ युद्ध लगभग खत्म हो चुका है। किसी भी बदलाव की स्थिति में अमेरिकी सेना तैयार है।
ट्रम्प ने कहा- सैन्य तौर पर ईरान का मामला लगभग खत्म हो चुका है। ईरान की लीडरशिप खत्म कर दी गई है, लेकिन हम अब भी यह तय करना चाहते हैं कि ईरान का परमाणु कार्यक्रम लंबे समय के लिए टल जाए।
ईरान बोला- अमेरिका जंग खत्म करे तो 2 दिन में होर्मुज खोल देंगे
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि अगर अमेरिका हर मोर्चे पर जंग खत्म करता है, तो ईरान दो दिन के अंदर होर्मुज स्ट्रेट खोल देगा। अमेरिका को पहले ईरान की शर्तें माननी होंगी। ऐसा नहीं हुआ तो ईरान जवाबी हमला करने के लिए तैयार है।
सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ मंगलवार से बिना किसी लॉन्च इवेंट के सीधे मार्केट में मिलने लगी है। हार्पर कॉलिन्स इंडिया से प्रकाशित किताब में 544 पेज और 7 चैप्टर हैं। पहले एडिशन में एक लाख कॉपियां छपी हैं।
किताब में आपातकाल के बाद चुनावी हार, संजय गांधी का निधन, इंदिरा गांधी की हत्या, राजीव गांधी की हत्या, खुद के कैंसर का पता चलना, प्रीमैच्योर बच्चे की मौत जैसे किस्से शामिल हैं, जो गांधी परिवार में हुई त्रासदियों को दिखाते हैं।
राजीव गांधी क्लिक किया फोटो, किताब का कवर
किताब के कवर पर सोनिया का फोटो है, जो 1966 में राजीव गांधी ने क्लिक किया था। शुरुआती पेज पर लिखा है- बेटे राहुल, बेटी प्रियंका और पोते-पोतियों रेहान और मिराया के नाम। सोनिया गांधी ने इसे निजी मेमॉयर बताते हुए कहा है कि यह राजनीतिक किताब नहीं है।
बांग्लादेश ने कहा है कि अगर पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना देश लौटती हैं तो उन्हें मौत की सजा दी जाएगी। उनके पास अब कोई विकल्प नहीं बचा है।
दरअसल, हसीना के वकीलों ने 9 नवंबर को बांग्लादेश के दिल्ली स्थित हाई कमीशन को ईमेल भेजकर उनके लिए नया पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र जारी करने की मांग की थी। बांग्लादेश सरकार ने इस मांग को खारिज कर दिया है।
एक रात में 15-20 जगह धमाके और आगजनी
इधर, हसीना के लौटने की खबरों के बीच बांग्लादेश में हिंसा बढ़ने लगी है। राजधानी ढाका में 8 और 9 नवंबर को 10 इलाकों में कई जगह धमाके और आगजनी की 15-20 घटनाएं हुईं।
इनमें देसी बम फेंकने और गाड़ियों में आग लगाने की घटनाएं शामिल हैं। एक व्यक्ति की मौत भी हुई है। पुलिस ने कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।
दुनिया के 50 सबसे प्रदूषित शहरों में 49 भारत के हैं। मंगलवार सुबह राजस्थान का श्रीगंगानगर दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर रहा। यहां AQI 821 दर्ज किया गया। भारत के अलावा पाकिस्तान के लाहौर में 430 AQI के रहा।
वहीं, दिवाली की रात दिल्ली के 20 सेंटर्स पर PM2.5 का स्तर 1000 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर से ऊपर रहा। इन केंद्रों पर कुल 126 घंटे तक प्रदूषण इस स्तर से ज्यादा दर्ज हुआ। मुंडका में सबसे ज्यादा 3,744 का स्तर मिला।
एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 201 से 300 तक होने पर हवा खराब मानी जाती है। 301 से 400 तक बहुत खराब और 401 से 500 गंभीर श्रेणी होती है। गंभीर प्रदूषण का असर स्वस्थ लोगों पर भी पड़ सकता है।
आंध्र प्रदेश के डिप्टी CM और अभिनेता पवन कल्याण ने अपनी तीसरी पत्नी अन्ना कोनिडेला से तलाक लिया है। शादी के 13 साल बाद दोनों अलग हुए। पवन ने तीन शादियां कीं, तीनों ही बार उनका तलाक हुआ है।
पवन कल्याण के ऑफिस ने कहा- पवन कल्याण और अन्ना आपसी सहमति से अलग हुए हैं। दोनों अपने बच्चों के लिए समर्पित माता-पिता की भूमिका निभाते रहेंगे।
तीसरी बार तलाक पर कहा- शादी खत्म, लेकिन दोस्त बने रहेंगे
तलाक के फैसले के बाद पवन कल्याण की ओर से जारी बयान में कहा गया- अपनी जिंदगी का एक बड़ा हिस्सा एक साथ बिताने के बाद हमने आपसी समझ और सम्मान के साथ अलग होने का फैसला किया है। भले ही हमारी शादी खत्म हो गई है, लेकिन हम अच्छे दोस्त बने रहेंगे।
उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में चंकी पांडे नाम का गधा 72 हजार रुपये में बिका। मेले में अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान और मिथुन चक्रवर्ती नाम के गधे भी लाए गए थे। दरअसल, मंदाकिनी नदी किनारे हर साल गधों और खच्चरों का मेला लगता है।

