राजस्थान में मंगलवार को न्यूनतम तापमान में गिरावर्ट दर्ज की गई। नागौर, प्रतापगढ़, सीकर, पाली, जयपुर, उदयपुर में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री तक गिर गया।
पहाड़ी राज्यों में मौसम साफ रहने से राजस्थान समेत अन्य मैदानी राज्यों में उत्तरी हवा के असर से तापमान में गिरावट हुई।
हालांकि, दिन में अब भी गर्मी है। विशेषकर पश्चिमी राजस्थान वाले जिलों में दिन का तापमान अब भी 35 से 38 डिग्री के बीच ही दर्ज हाे रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार 15 नवंबर के बाद सर्दी बढ़ सकती है।
रात में सबसे ज्यादा सर्दी सीकर में
पिछले 24 घंटों के दौरान सबसे ठंडा इलाका सीकर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 12.5, फतेहपुर में 12.7, माउंट आबू में 13.1, नागौर में 13.5, सिरोही में 13.8, भीलवाड़ा में 14.4, उदयपुर में 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इभरतपुर, करौली, अलवर, गंगानगर के एरिया में मंगलवार सुबह-शाम हल्की धुंध, कोहरा रहा।
दिन में गर्मी बरकरार
मंगलवार को राज्य के कुछ शहरों में दिन के अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट हुई। बाड़मेर में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। चित्तौड़गढ़ में 36, जैसलमेर में 35.8, पाली में 35.6, जोधपुर में 35.5, डूंगरपुर, कोटा में 34.2, उदयपुर और भीलवाड़ा में 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
अब आगे क्या?
मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने राज्य में अगले एक सप्ताह तक आसमान साफ रहने की संभावना जताई है। इस दौरान दिनभर धूप रहने और कुछ शहरों के अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी होने की संभावना है। हालांकि, रात में सर्दी तेज हो सकती है।
राजस्थान के प्रमुख शहरों में मौसम का हाल
जयपुर: मंगलवार को दिन के तापमान में 2 डिग्री तक गिरावट हुई। अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जयपुर में दिनभर आसमान साफ रहा और धूप रहने से हल्की गर्मी रही। रात में भी तापमान में मामूली गिरावट होने के बाद पारा 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ।
उदयपुर: मंगलवार को अधिकतम तापमान 34.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सोमवार के 33.7 डिग्री के मुकाबले 0.3 डिग्री अधिक रहा। वहीं, रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। सोमवार को न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री था, जो मंगलवार को घटकर 14.6 डिग्री सेल्सियस पर आ गया।
अलवर: मंगलवार को मौसम सामान्य बना रहा। सुबह कुछ देर के लिए आसमान में बादल छाए रहे। दोपहर 12 बजे तक हल्की सर्दी का एहसास रहा, लेकिन बाद में तापमान में बढ़ोतरी हुई। अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया।
अजमेर: मंगलवार को अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में मौसम सामान्य रहा, जबकि सुबह और रात के समय हल्की ठंडक महसूस हुई।
सीकर: जिले का न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री और अधिकतम तापमान 33 डिग्री दर्ज किया गया। सीकर में दोपहर में तो धूप में तेजी रही, लेकिन रात में तेज सर्दी महसूस हुई।
कोटा: बीते 24 घंटे में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ। अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि न्यूनतम तापमान 18.4 करीब डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। शाम और सुबह के वक्त हल्की ठंड का असर बरकरार रहा।
जोधपुर: मंगलवार को तापमान 36 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी 18 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार से शहर में तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।

