राजस्थान में इस बार सर्दी कम पड़ सकती है। दिन और रात का तापमान सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है। प्रशांत महासागर में स्ट्रांग (बहुत मजबूत) ‘अल नीनो’ की स्थिति होने और ये स्थिति दिसंबर तक रहने की संभावना जताई है।
ऐसे में मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस स्थिति के चलते पश्चिमी विक्षोभ कम आने और उससे बारिश कम होने की संभावना रहती है।
मौसम विज्ञान केंद्र नई दिल्ली से नवंबर का जो पूर्वानुमान जारी किया है, उसमें भी इस बात के संकेत मिले हैं। नवंबर में इस बार राजस्थान समेत दक्षिण-पश्चिमी और उत्तरी भारत के राज्यों में सामान्य से ज्यादा तापमान रहने की संभावना है।
राजस्थान, गुजरात में न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री तक ऊपर रहने का अनुमान है।
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस ज्यादा और कम दोनों परिस्थितियां
जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- प्रशांत महासागर में ‘अल नीनो’ और हिंद महासागार में इंडियन ओशन डायपोल (IOD) की तटस्थ (न्यूट्रल) कंडीशन है। इसका असर जिस तरह समर मानसून पर देखने को मिला। उसी तरह पोस्ट मानसून और आगामी विंटर सीजन में भी देखने को मिलेगा। राजस्थान में नवंबर में सामान्य से ऊपर तापमान रहने और कम बारिश होने की संभावना है।
जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक ने बताया-

अल नीनो के असर से ग्लोबल विंड सर्कुलेशन पर बहुत प्रभाव पड़ता है, जिसके कारण वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (WD) की फ्रीक्वेंसी (आने का क्रम) प्रभावित होती है।

अक्सर देखने में आया है कि स्ट्रांग ‘अल नीनो’ कंडीशन में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की संख्या ज्यादातर समय बहुत कम भी रही है और कुछ समय ज्यादा वेस्टर्न डिस्टर्बेंस भी आए हैं।
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस ज्यादा आने से सर्दी तेज पड़ती है
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि राजस्थान समेत उत्तर और मध्य भारत में सर्दी का मुख्य फैक्टर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस होता है। जितने स्ट्रांग वेस्टर्न डिस्टर्बेंस उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत में आते हैं, उतनी बर्फबारी पहाड़ी राज्यों (जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल, उत्तराखंड) में होती है। साथ ही पंजाब, हरियाणा, राजस्थान समेत अन्य राज्यों में बारिश होने से यहां सर्दी और मोइश्चर (नमी) बढ़ती है, जिससे सर्दी अच्छी रहती है।
माइनस में जाता है राजस्थान में तापमान
राजस्थान में अक्सर दिसंबर-जनवरी में माउंट आबू, फतेहपुर समेत कई इलाकों में तापमान जमाव बिंदु (शून्य) या उससे नीचे माइनस में जाता है। पिछले सीजन जनवरी के महीने में माउंट आबू में पारा माइनस 5 डिग्री तक गिर गया था। जबकि नागौर, फतेहपुर में भी पारा माइनस में दर्ज हुआ था।

