ग्वालियर के ग्राम कुलैथ में शुक्रवार को होने वाले किसान-पशुपालक सम्मेलन और पशु मेले की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। गुरुवार को कलेक्टर रुचिका चौहान और पुलिस अधीक्षक श्रुत कीर्ति सोमवंशी ने सभा स्थल का निरीक्षण किया। कार्यक्रम में सीएम डॉ. मोहन यादव शामलि होंगे।
सभा स्थल से ट्रैफिक तक व्यवस्थाओं की समीक्षा
मुख्यमंत्री के आगमन और सम्मेलन में बड़ी संख्या में किसानों व पशुपालकों के शामिल होने की उम्मीद है। जिसे देखते हुए प्रशासन सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दे रहा है। एयरपोर्ट से कुलैथ सभा स्थल तक करीब 1000 पुलिस अधिकारी और जवान तैनात रहेंगे। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में जाम की स्थिति से बचने के लिए पुलिस ने प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन की योजना भी तैयार की है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सभा स्थल, मुख्य मंच, बैठक व्यवस्था और अन्य तैयारियों का जायजा लिया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि बाहर से आने वाले किसानों और पशुपालकों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी की जाएं।
पशुपालन और खेती की प्रदर्शनी, बैलगाड़ी दौड़ भी होगी
किसान कल्याण वर्ष के तहत आयोजित सम्मेलन में उत्कृष्ट पशुपालन और उन्नत खेती से जुड़ी प्रदर्शनी लगाई जाएगी। आयोजन में कन्हैया लोकगीत, पारंपरिक बैलगाड़ी दौड़ और घोड़ा दौड़ भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। पशु मेले और पारंपरिक खेलों के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए डॉक्टरों सहित विशेष मेडिकल टीम तैनात रहेगी।
हितग्राहियों को हितलाभ भी बांटेंगे मुख्यमंत्री
सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित करेंगे। इससे पहले बुधवार को भी कलेक्टर और एसपी ने जिला पंचायत सीईओ सोजान सिंह रावत, एडीएम सीबी प्रसाद सहित अन्य अधिकारियों के साथ हैलीपेड, मुख्य मंच और बैठक व्यवस्था का निरीक्षण किया था। प्रशासन अब आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा है।

