राजस्थान में 14-15 नवंबर को मौसम में बदलाव हो सकता है। वेस्टर्न डिर्स्टबेंस के असर से बीकानेर संभाग के एरिया में आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान कुछ स्थानों पर बारिश का भी अलर्ट है।
मौसम के इस बदलाव के बाद 16 नवंबर से राजस्थान में सर्दी बढ़ने की संभावना है। इस दौरान तापमान में 3 डिग्री तक की गिरावट हो सकती है।
पिछली 24 घंटे में राजस्थान के सभी इलाकों में आसमान साफ रहा । जैसलमेर, जोधपुर, चित्तौड़गढ़, बाड़मेर में दिन का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर दर्ज हुआ।
वहीं, रात शेखावाटी के जिलों में रात में सर्दी तेज हो गई है। यहां तापमान 11 डिग्री से भी नीचे दर्ज हो हुआ।
रेगिस्तानी जिलों में अब भी तेज गर्मी
बुधवार को सबसे ज्यादा तापमान 37 डिग्री सेल्सियस बाड़मेर में दर्ज हुआ। चित्तौड़गढ़ में अधिकतम तापमान 36.2, जैसलमेर में 35.2, जोधपुर में 35.1, पाली में 34.8 और बीकानेर में 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
रेगिस्तानी जिलों में नवंबर के करीब दो सप्ताह बीतने के बाद भी दिन में तेज गर्मी है। वहीं, शेखावाटी के सीकर, फतेहपुर, चूरू, पिलानी के तापमान में गिरावट होने से सर्दी बढ़ गई।
इन शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया। सबसे ज्यादा ठंडी रात बुधवार को फतेहपुर और सीकर में रही, जहां का न्यूनतम तापमान 10.8 और 10.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
अब आगे क्या?
मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने राज्य में अगले तीन दिन तक आसमान साफ रहने और दिनभर धूप रहेगी। इस दौरान कुछ शहरों के अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी होने की संभावना है। 14, 15 नवंबर को एक हल्के प्रभाव का पश्चिमी विक्षोभ राजस्थान में सक्रिय होगा।
बारिश की संभावना
इस सिस्टम के असर से बीकानेर संभाग के चूरू, गंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर के अलावा फलोदी और उसके आसपास बारिश की संभावना है। 1
6 नवंबर से राज्य में मौसम फिर से साफ होगा और तापमान में गिरावट शुरू होगी, जिससे रात में कई शहरों में सर्दी तेज होगी।
राजस्थान के प्रमुख शहरों का तापमान
जयपुर में बुधवार दिनभर आसमान साफ रहा और धूप रहने से हल्की गर्मी रही। अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। शाम होने के साथ हल्की हवाचली और ठंडक बढ़ गई। न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
अलवर: बुधवार को मौसम सामान्य बना रहा। सुबह से ही आसमान साफ रहा और दोपहर में धूप निकलने के साथ अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। सुबह के समय सूखी घास और झाड़ियों पर ओस की बूंदें नजर आईं। न्यूनतम तापमान करीब 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कोटा: बुधवार को तापमान में बदलाव देखने को मिला। अधिकतम तापमान में तीन डिग्री की गिरावट दर्ज हुई। पारा 31.3 डिग्री सेल्सियस के करीब रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान में 1 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई। न्यूनतम तापमान 17.1 सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने रात के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज होने की संभावना जताई है।
अजमेर: बुधवार को मौसम सुहावना रहा। न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री पर पहुंचा। अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री दर्ज किया गया। रात के तापमान में गिरावट से सुबह और रात के समय हल्की ठंड का एहसास बना हुआ है।
उदयपुर: बुधवार को दिन और रात दोनों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान मंगलवार के 34.0 डिग्री से घटकर बुधवार को 32.4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। वहीं, न्यूनतम तापमान में भी 0.2 डिग्री की गिरावट हुई। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री था, जो बुधवार को 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सीकर: बुधवार दिनभर मौसम साफ रहा। कई इलाकों में शाम को हल्के बादल छाए। अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री दर्ज किया गया। सीकर के तापमान में अभी खासे बदलाव की कोई संभावना नहीं है।
जोधपुर: नवंबर के दूसरे सप्ताह में भी दिन के तापमान 35 डिग्री से ज्यादा बना हुआ है। बुधवार को अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक है।

