यूपी विधानसभा चुनाव से पहले AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने गठबंधन का ऐलान किया है। इसका नाम सामाजिक परिवर्तन मोर्चा रखा गया है। गठबंधन यूपी की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगा।
गुरुवार को लखनऊ में संयुक्त प्रेसवार्ता में ओवैसी ने कहा कि चंद्रशेखर यूपी में सीएम का चेहरा होंगे। भाजपा को रोकने के लिए हमारा मोर्चा मजबूत विकल्प बनेगा।
सांसद चंद्रशेखर ने कहा कि यह तीसरा मोर्चा नहीं, बल्कि पहला मजबूत मोर्चा होगा। बड़े गठबंधन में शामिल होने की कोशिश की, लेकिन हमें कमजोर समझा गया।
यूपी में मुस्लिम आबादी 19% और दलित आबादी 21% है। गठबंधन की नजर इसी 40% आबादी के वोटों पर है। इस गठबंधन का सीधा असर सपा और बसपा के वोट बैंक पर पड़ सकता है।
सपा के पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप ने कहा- प्रदेश की जनता जान चुकी है कि 2027 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। कोई भी बहकावे में नहीं आने वाला।
उन्होंने कहा कि जिस पार्टी को वे लोग विदा करने जा रहे हैं, उसकी चिंता बढ़ गई है। अब वह किस-किस को चुनाव मैदान में उतार रही है, यह उसकी चिंता है।
राकेश टिकैत बोले- ओवैसी सरकार का आदमी, चंद्रशेखर चक्कर में न पड़ें
किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा- ओवैसी सरकार के आदमी हैं। चंद्रशेखर को उनके चक्कर में नहीं पड़ना चाहिए।
ओवैसी केवल अखिलेश की बुराई करते हैं। मुसलमानों को भ्रमित होने की जरूरत नहीं है। बेईमानी हुई तो विपक्ष नहीं सरकार जीतेगी।
आरएलडी नेता बोले- एनडीए की सफलता पर कोई असर नहीं
RLD नेता केसी त्यागी ने ओवैसी-चंद्रशेखर गठबंधन पर कहा कि इससे NDA की सफलता या उसके एजेंडे पर कोई असर नहीं पड़ेगा। हालांकि, इससे चुनाव प्रचार में उत्साह और आक्रामकता बढ़ेगी।
कांग्रेस बोली- अब्दुल सीएम कहते-कहते चंद्रशेखर को घोषित किया
कांग्रेस लीडर आसिम वकार ने कहा- ‘ओवैसी चिल्ला-चिल्लाकर अखिलेश और राहुल गांधी से कहते थे कि किसी मुसलमान को CM का चेहरा बनाओ, अब्दुल दरी नहीं बिछाएगा। लेकिन अब खुद गठबंधन में चंद्रशेखर को CM का चेहरा बना दिया। अब बताइए, अब्दुल क्या करेगा? यूपी का मुसलमान खुद तय करेगा कि इस बार मुख्यमंत्री कौन बनेगा।’
योगी के 1.27 करोड़ नाम कटने के दावे पर सवाल
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए ओवैसी ने पूछा कि 10 अप्रैल को फाइनल SIR प्रकाशित होने के बाद 'बाबा' ने 1 करोड़ 27 लाख बहुसंख्यक समुदाय के लोगों के नाम कटने का आंकड़ा कैसे निकाल लिया? उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि शायद मुख्यमंत्री के पास गणित में पीएचडी होगी। ओवैसी ने यह भी पूछा कि इनमें कितने बांग्लादेशी, पाकिस्तानी या गैर-भारतीय नागरिक हैं, इसकी देशवार लिस्ट जारी की जाए।
अखिलेश यादव के अयोध्या जाने के सवाल पर ओवैसी ने अमीर मीनाई का शेर सुनाया-
"सरकती जाए है रुख से नकाब आहिस्ता-आहिस्ता, निकलता आ रहा है तेरा चेहरा आहिस्ता-आहिस्ता।"
ओवैसी बोले- अखिलेश विरासत की राजनीति करने वाले, क्या कभी गोली लगी?
ओवैसी ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए पूछा कि क्या उनकी गाड़ी पर गोली चली थी या उन्हें गोली लगी थी? कहा- गोली लगने का दर्द आज भी चंद्रशेखर आजाद की कमर में रहता है। ओवैसी ने कहा कि कांच के महलों में रहने वालों को पत्थर नहीं फेंकने चाहिए। वे नहीं समझ सकते कि चंद्रशेखर का परिवार किन मुश्किलों से गुजरा है, क्योंकि वे विरासत की राजनीति करते हैं।
ओवैसी बोले- अखिलेश पूर्व CM हैं और पूर्व ही रहेंगे
अखिलेश यादव के इस बयान पर कि भाजपा की मदद करने वालों को सुरक्षा दी गई है, ओवैसी ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री हैं और इंशाल्लाह पूर्व ही रहेंगे।

