नई दिल्ली: अडानी ग्रुप की कंपनी कच्छ कॉपर लिमिटेड ने एक बड़ी डील की है। उसने साउथ अमेरिकी देश चिली की सरकारी कंपनी Codelco के साथ एक समझौते पर साइन किए हैं। इसके तहत दोनों कंपनियां नॉर्थ चिली के Kaburkaala कॉपर प्रोजेक्ट में स्ट्रैटजिक एक्सप्लोरेशन पार्टनरशिप स्थापित करेंगी। यह प्रोजेक्ट Antofagasta रीजन में है जो दुनिया के सबसे बड़े कॉपर उत्पादक क्षेत्रों में शामिल है। चिली के पास दुनिया का सबसे बड़ा कॉपर भंडार है।

इस पार्टनरशिप के तहत अडानी ग्रुप कैपिटल, टेक्नोलॉजी और प्रोजेक्ट एक्सपर्टीज में मदद करेगा जबकि Codelco के पास कॉपर के एक्सप्लोरेशन का जियोलॉजिकल और इंटरनेशनल अनुभव है। अडानी ग्रुप इंटिग्रेटेड और ग्लोबली डाइवर्सिफाइड कॉपर वैल्यू चेन बनाना चाहता है। उसके पास गुजरात के मुंद्रा में कॉपर स्मेल्टिंग कॉम्प्लेक्स है। दुनिया में कॉपर की डिमांड हाल में काफी तेजी से बढ़ी है। 2026 में कॉपर की सालाना डिमांड करीब 3.4 करोड़ टन रहने का अनुमान है जो 2050 तक 5 करोड़ टन से ज्यादा हो सकती है।
कहां होता है यूज?

तांबे को चमत्कारी धातु कहा जाता है। माना जाता है कि लगभग दस हजार साल पहले इंसान ने जब पहली बार तांबे से औजार बनाना सीखा था तो वह इसे एक चमत्कारी धातु मानता था। इसकी खासियतों की वजह से इसे देवताओं का वरदान समझा जाता था। हजारों साल बाद यह लाल धातु एक बार फिर दुनिया की इकॉनमी के केंद्र में है। माना जा रहा है कि दुनिया में विकास का अगला दौर तांबे पर टिका है। इसका यूज इलेक्ट्रिफिकेशन, रिन्यूएबल एनर्जी, इन्फ्रास्ट्रक्चर, एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग और ग्लोबल एनर्जी ट्रांजिशन में होता है।

भारत में पिछले फाइनेंशियल ईयर में कॉपर का उत्पादन 7 लाख टन रहा था। देश में मुख्य रूप से मध्य प्रदेश, राजस्थान और झारखंड में कॉपर का उत्पादन होता है। लेकिन देश में इसकी खपत सालाना खपत करीब 17 लाख टन है। भारतीय कंपनियां विदेशों से रॉ कॉपर का आयात करती हैं जिसे देश में रिफाइन किया जाता है। साथ ही रिफाइंड कॉपर का भी आयात किया जाता है। 2030 तक भारत में कॉपर की डिमांड 32.4 लाख टन और 2047 तक 98 लाख टन से अधिक पहुंचने का अनुमान है।
कहां होता है सबसे ज्यादा उत्पादन?

दुनिया में तांबे का सबसे अधिक उत्पादन चिली में होता है। इस देश में कॉपर का सालाना उत्पादन 53 लाख मीट्रिक टन है। उसके बाद अफ्रीकी देश डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो का नंबर है। इस देश में सालाना उत्पादन 33 लाख टन है। पेरू में तांबे का सालाना 26 लाख टन, चीन में 18 लाख टन, इंडोनेशिया में 11 लाख टन, अमेरिका में 11 लाख टन, रूस में 9.3 लाख टन, ऑस्ट्रेलिया में 8 लाख टन, कजाकस्तान में 7.4 लाख टन और मेक्सिको 7 लाख टन है।

अमेरिका ने तांबे को महत्वपूर्ण खनिजों की सूची में शामिल कर लिया गया है। अब इसे सिर्फ एक औद्योगिक कच्चा माल नहीं, बल्कि एक रणनीतिक संसाधन माना जा रहा है। माना जा रहा है कि अमेरिका रिफाइंड तांबे पर टैरिफ लगा सकता है। इसी कारण पिछले कुछ साल से तांबे की सप्लाई को अमेरिकी गोदामों की ओर मोड़ा जा रहा है। इससे COMEX में स्टॉक बढ़ रहा है जबकि लंदन मेटल एक्सचेंज (LME) का स्टॉक कम हो रहा है।

क्यों बढ़ रही है डिमांड?

चीन दुनिया में कॉपर का सबसे बड़ा उपभोक्ता है। रिफाइंड कॉपर की कुल वैश्विक खपत में उसकी हिस्सेदारी करीब 60% है। लेकिन कॉपर के आयात के लिए चीन को भारी कीमत चुकानी पड़ रही है। उसका इंपोर्ट प्रीमियम लंदन मेटल एक्सचेंज की कीमत की तुलना में रिकॉर्ड 200 डॉलर प्रति टन तक पहुंच गया है। इस साल की शुरुआत से इसमें करीब 700% की उछाल आ चुकी है। एआई बूम से कॉपर की डिमांड बढ़ रही है लेकिन इसकी सप्लाई टाइट है।

एआई और डेटा सेंटर्स में बढ़ते निवेश ने भी दुनिया में कॉपर की मांग को बढ़ावा दिया है। इसके अलावा फॉसिल फ्यूल से रिन्यूएबल एनर्जी की तरफ बदलाव से भी कॉपर की डिमांड बढ़ रही है। इलेक्ट्रिक वीकल्स के आने से मोटर, इनवर्टर, बैटरी पैक और चार्जिंग इन्फ्रा की डिमांड बढ़ी है। कंस्ट्रक्शन, पावर ग्रिड, इंडस्ट्रियल इक्विपमेंट और व्हाइट गुड्स में भी कॉपर का उपयोग होता है।