भोपाल: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मां की तेरहवीं हैं। भोपाल के होशंगाबाद रोड स्थित वृंदावन गार्डन में कार्यक्रम रखा गया है। इस मौके पर पूरे देश के राजनेता और उनके शुभचिंतक श्रद्धांजलि देने के लिए पहुंचे हैं। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ समेत देश के कई राज्यों के सीएम वहां पहुंचे हैं।
योगी आदित्यनाथ ने दी श्रद्धाजंलि

यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ भी तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने के लिए भोपाल पहुंचे थे। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर शिवराज सिंह चौहान की मां की तस्वीर पर श्रद्धांजलि अर्पित की है। इसके बाद शिवराज सिंह चौहान के साथ बैठकर उनका हाल जाना है। दोनों नेताओं के बीच मुलाकात की तस्वीरें सामने आई हैं। इसमें शिवराज सिंह चौहान यूपी सीएम के साथ बैठे दिख रहे हैं। साथ में उनके बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान भी हैं। उनकी पोती इला को भी दुलारा है।
कई राज्यों के सीएम आए

उनकी मां को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए कई राज्यों के सीएम भोपाल पहुंचे हैं। छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय,डेप्युटी सीएम विजय शर्मा, हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी भी आए हैं। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद तमाम नेता वहां से निकलते रहे हैं।
राज्यों के कृषि मंत्री भी पहुंचे

इसके साथ ही अलग-अलग राज्यों के कृषि मंत्री भी उनकी मां काशी बाई को श्रद्धांजलि देने पहुंचे। बिहार के कृषि मंत्री विजय सिन्हा से लेकर अन्य राज्यों के कृषि मंत्री भी कार्यक्रम स्थल पर दिखे हैं। इसके साथ ही संगठन से जुड़े राजनेता भी वहां पहुंच रहे हैं।

ब्यूरोक्रेट्स भी पहुंच रहे

केंद्रीय मंत्री की मां की तेरहवीं कार्यक्रम में बड़े-बड़े ब्यूरोक्रेट्स भी पहुंच रहे हैं। श्रद्धांजलि देने के बाद शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर रहे हैं और वहां से निकल जा रहे हैं।


गौरतलब है कि शिवराज सिंह चौहान की मां काशी बाई का निधन 30 अक्टूबर को हुआ था। भोपाल एम्स में उन्होंने अंतिम सांस ली थी। इसके बाद पैतृक जैत गांव में उनका अंतिम संस्कार हुआ था। वह साकेत नगर स्थित एक बेटे के आवास पर रहती थीं।