तेल अवीव: इजरायल में नई सरकार के गठन से पहले राजनीति चरम पर है। 'यशार' पार्टी के नेता एमके गादी आइसेनकोट ने बुधवार को प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को एक खत लिखा है। इसमें उन्होंने चेतावनी दी है कि 'नई सरकार के गठन तक ईरान में कोई सैन्य कार्रवाई नहीं की जाए।' उन्होंने अपने पत्र में नेतन्याहू से आग्रह किया है कि नई सरकार के गठन तक सुरक्षा और राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर वो अतिरिक्त सावधानी रखें।
आइजनकोट की ये अपील उस वक्त आई है जब कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि नेतन्याहू, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर ईरान पर फिर से हमला करने का दबाव बना रहे हैं। आइसेनकोट ने इजरायल के अटॉर्नी जनरल गाली बहारव-मियारा से भी नेतन्याहू के फैसलों में हस्तक्षेप करने की अपील की है ताकि ये तय हो सकते कि उन्हें प्रधानमंत्री की तरफ से लगातार सुरक्षा को लेकर ब्रीफिंग मिलती रहे।
ईरान में हमले के लिए हाथ-पैर मार रहे नेतन्याहू
दरअसल इजरायली मीडिया N12 की एक रिपोर्ट में इसी महीने दावा किया गया है कि नेतन्याहू और इजरायल डिफेंस फोर्स (IDF) के चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल इयाल जमीर के बीच ईरान पर संभावित सैन्य कार्रवाई को लेकर गहरे मतभेद हो गये हैं। नेतन्याहू चाहते हैं कि ईरान पर हमले शुरू किए जाएं लेकिन आईडीएफ चीफ ने नई सरकार के बनने तक ऐसा करने से मना कर दिया।
आइजनकोट की चिट्ठी में लिखा है 'मेरी मांग है कि आप इस संवेदनशील दौर में राष्ट्रीय जिम्मेदारी के साथ काम करें। ऐसे खतरनाक कदमों के मामले में संयम और सावधानी बरतें जिन्हें तब तक टाला जा सकता है जब तक कि नेसेट (संसद) में नई सरकार शपथ ना ले ले।' उन्होंने आगे लिखा 'सरकारी संस्थानों और फैसले लेने की प्रक्रिया में लोगों के भरोसे को ठेस ना पहुंचाएं।'
आपको बता दें कि 27 अक्टूबर को इजरायल में संसदीय चुनाव हुए थे लेकिन किसी भी पार्टी को पूर्ण बहुमत नहीं मिल पाया इसलिए नई सरकार के गठन से पहले इजरायल में राजनीतिक रस्साकसी जारी है। नई सरकार के गठन तक बेंजामिन नेतन्याहू कार्यवाहक प्रधानमंत्री के तौर पर काम करते रहेंगे।
इजरायल में किस पार्टी को कितनी सीटें मिली हैं?
इजरायल की संसद में 120 सीटें हैं।
नेतन्याहू की लिकुड पार्टी को सबसे ज्यादा 27 सीटें मिलीं
नेतन्याहू के गठबंधन को के पास सबसे ज्यादा 53 सीटें हैं।
गादी आइजनकोट के विपक्षी गठबंधन के पास 48 सीटें हैं।
अरब पार्टियों 'रा'म' और 'द ज्वाइंट लिस्ट' के पास 19 सीटे हैं।
'रा'म' को 8 सीटें मिली हैं जबकि 'द ज्वाइंट लिस्ट' को 11 सीटें मिली हैं।
सरकार बनाने के लिए 61 सीटें जरूरी हैं।
इजरायल में नई सरकार के गठन पर सस्पेंस
इजरायल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने आइजनकोट को नई सरकार बनाने की जिम्मेदारी सौंपी है। उनके पास सरकार बनाने के लिए अब 28 दिनों का वर्त होगा और अगर वो अनुरोध करते हैं तो उन्हें 14 दिनों का अतिरिक्त समय भी मिल सकता है। दिक्कत ये है कि अरब पार्टियों के समर्थन के बिना किसी भी सरकार का गठन बहुत मुश्किल है लेकिन जो भी नेता अरब पार्टियों से गठबंधन करेगा उसके लिए राजनीतिक जोखिम काफी ज्यादा होंगे।
नेतन्याहू ने अरब पार्टियों की मदद से सरकार बनाने को 'देशद्रोह' तक कहा है। अभी तक आइजनकोट या उनके गठबंधन की तरफ से संकेत नहीं मिले हैं कि वो अरब पार्टियों के साथ मिलकर सरकार बनाने हैं। इसके अलावा मंगलवार को इजरायली संसद में उस वक्त बवाल देखने को मिला जब चुने गये सांसदों का शपथ ग्रहण कार्यक्रम चल रहा था। अरब पार्टियों के नेताओं ने इजरायली राष्ट्रगीत गाने से मना कर दिया। अरब पार्टियों के सांसद संसद से राष्ट्रगीत के वक्त बाहर निकल गये ऐसे में अब आइजनकोट राजनीतिक दबाव में हैं क्या राष्ट्रीय गीत गाने से इनकार करने वाली पार्टियों के समर्थन से वो सरकार बनाएंगे?

