सूर्य उपासना, लोक आस्था और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए ने दिया अर्घ्य

छठ जागरण में गूंजे भक्ति के स्वर

भोपाल राजधानी भोपाल के अयोध्या नगर स्थित सरयू सरोवर उद्यान में तीन दिवसीय छठ पूजा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। पूर्वांचल सामाजिक एवं सांस्कृतिक समिति, भोपाल की प्रमुख सामाजिक भागीदारी में आयोजित इस महोत्सव में छठ व्रतधारियों एवं श्रद्धालुओं ने पूरी आस्था के साथ भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना की। महोत्सव के दूसरे दिन 15 नवंबर को शाम 3:30 बजे से 7 बजे तक संध्या अर्घ्य एवं विशाल छठ जागरण का आयोजन किया गया। वहीं, तीसरे दिन 16 नवंबर को प्रातः 4 बजे से 7 बजे तक सूर्योदय अर्घ्य एवं विशाल छठ जागरण के साथ पूजा-अर्चना संपन्न हुई।

इस अवसर पर छठ व्रत रखने वाली शिक्षिका रिया सिंह ने छठ महापर्व के धार्मिक, सामाजिक और पारिवारिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि छठ पूजा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रकृति, सूर्य और जीवनदायिनी ऊर्जा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का महापर्व है। भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर व्रतधारी अपने परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की खुशहाली, उत्तम स्वास्थ्य और घर-परिवार में सुख-शांति की कामना करते हैं। यह पर्व हमें संयम, अनुशासन, स्वच्छता, पवित्रता और त्याग का संदेश देता है। छठ व्रत में व्रतधारी कठिन नियमों का पालन करते हुए पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ पूजा करते हैं। डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा हमें जीवन में संतुलन, आशा और सकारात्मकता का महत्व भी समझाती है। छठ महापर्व समाज में आपसी सहयोग, पारिवारिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजने का अवसर प्रदान करता है। रिया सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी लोक संस्कृति, परंपराओं और आस्था से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है।

वहीं पूर्वांचल सामाजिक एवं सांस्कृतिक समिति, भोपाल के अध्यक्ष कौशल झा ने कहा कि छठ महापर्व श्रद्धालुओं की अटूट आस्था, सामूहिक सहभागिता और छठी मैया के प्रति समर्पण का प्रतीक है। सभी व्रतधारियों एवं श्रद्धालुओं ने मिलकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और अपने व्रत का संकल्प पूरा किया। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं एवं समाज के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।

सरयू सरोवर उद्यान में आयोजित इस महोत्सव ने पूर्वांचल की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकजुटता की सुंदर झलक प्रस्तुत की। छठी मैया की आराधना, सूर्य उपासना और सामूहिक भक्ति के वातावरण के बीच श्रद्धालुओं ने परिवार तथा समाज की सुख-समृद्धि की मंगलकामना की।