सोशल मीडिया के इस दौर में पत्रकारिता को हर दिन एक गंभीर और नयी चुनौती का सामना करना पड़ता है। खबर को जल्दी परोसने या सनसनीखेज बनाने की होड़ में तथ्य पीछे छूट जाते हैं। सोशल मीडिया पर फर्जी खबरें चला दी जाती हैं। टीआरपी बढ़ाने के लिए भ्रामक सूचना को आधार मानकर न्यूज गढ़ी जाती है। इसका खामियाजा स्थापित पत्रकारों और उनके बैनर को भुगतना पड़ता है। पाठक अखबार पढ़ता है, दर्शक टीवी देखते हैं, लेकिन उस पर अब भरोसा नहीं करते। विश्वास का क्षरण हो रहा है। ट्रेडिशनल ऑफ न्यूज और बेदाग छवि वाले जर्नलिस्टों पर भी लोग सवाल उठाने लगे हैं।
एक दौर था जब पारंपरिक समाचार संस्थान आमतौर पर स्थापित संपादकीय प्रक्रियाओं, नैतिक और सरकारी नियमों का पालन करते थे। लेकिन आज समाचार एक 'उत्पाद' बन चुके हैं। सत्य और जनहित की खबरों के बजाय, दर्शक जुटाने और विज्ञापनों से कमाई के लिए सनसनीखेज, इन्फोटेनमेंट (मनोरंजनयुक्त सूचना) और सतही खबरों को प्राथमिकता दी जाने लगी है। कई बार तो खबरों में अंतर करना मुश्किल हो जाता है कि हम जो पढ़ रहे हैं वह पेड न्यूज है या वास्तविक! हकीकत से पाठक और दर्शक जब रूबरू होते हैं तो माथा पीटने के अलावा कुछ नहीं बचता। आज यह बहुत बड़ी चुनौती है, जिससे पत्रकारिता की जहां साख गिरी है, वहीं एक ईमानदार व निष्पक्ष छवि वाले पत्रकारों को भी तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सोशल मीडिया में तो जैसे फेक न्यूज की बाढ़ गई है। जिसे देखो वही पत्रकार बनने की सनक में है। समाज के प्रति न कोई जिम्मेदारी और न ही शासन-प्रशासन से सवाल करने की जरूरत। तथ्यपरक या खोजबीन से बहुत दूर। किसी भी पक्ष से संवाद करना जैसे जानते ही नहीं। जमीनी स्तर पर जाकर गहन छानबीन और बीट रिपोर्टिंग करीब-करीब खत्म हो चुकी है, जिससे सरकारी नीतियों व वास्तविकता के बीच संवाद सेतु तो कमजोर हुआ ही, स्वतंत्र संपादकीय नीति बनाए रखना भी मुश्किल हो चुका है।
आज एक ही उद्देश्य देखने को मिलता है कि फेसबुक, एक्स (ट्विटर) और यूट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म पर कैसे चमका जाए। इसके लिए खबर से जुड़ी डिजाइन की तुलना में भावनाओं को भड़काने या विवादित सामग्री को तेजी से आगे बढ़ाने में भी पीछे नहीं रहते। ऐसे में एक खबरनवीस को निर्भीक, निष्पक्ष और स्वतंत्र होकर सत्ता की आलोचना करना कठिन हो जाता है। सुरक्षित पत्रकारिता के लिए उसे चाटुकारिता का रास्ता अपनाना पड़ता है, वरना कानूनी नोटिस, धमकियों और राजनीतिक दबाव का सामना करना पड़ता है। यह चुनौती इतना बड़ी हो चुकी है कि पेशेवर और सत्यापित पत्रकारिता तथा सोशल मीडिया के अनियंत्रित विचारकों के बीच की रेखा धुंधली हो चुकी है।

