नई दिल्ली: छठ पूजा को लेकर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे के एक बयान को लेकर एक बार फिर महाराष्ट्र-बिहार समेत पूरे देश में राजनीति गरमा गई है। सोशल मीडिया पर इसे लेकर जमकर रिएक्शन भी आ रहे हैं। लोग 2008 का वो वाकया याद कर रहे हैं, जब देश के रेल मंत्री रहे लालू प्रसाद यादव ने राज ठाकरे के छठ पूजा को लेकर दिए गए बयान पर खुली चुनौती दी थी। पूरी कहानी सिलसिलेवार तरीके से समझते हैं।
राज ठाकरे ने छठ पूजा पर क्या बोला था?
राज ठाकरे ने हाल ही में सोशल मीडिया एक्स पर लिखा था-'भारतीय जनता पार्टी (BJP) और उसके द्वारा पाला-पोसा गया जहरीला सोशल मीडिया इकोसिस्टम इस समय 'छठ पूजा' के मुद्दे का इस्तेमाल करके महाराष्ट्र के मुंबई में टकराव पैदा करने की पुरजोर कोशिश कर रहे हैं।
इसके लिए, वे सोशल मीडिया पर ऐसी रील्स फैला रहे हैं जिनमें पूजा-पाठ के रीति-रिवाजों को दिखाया गया है और उन्हें एक 'सांस्कृतिक घुसपैठ' के रूप में पेश किया जा रहा है। इतना ही नहीं, उन्होंने मुंबई के कुछ रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी संगीत बजाने की भी कोशिश की, जिसे महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) ने तुरंत रुकवा दिया।'
मैं मराठी लोगों से आग्रह करता हूं। हमें उनके चुने हुए युद्ध के मैदान में लड़ने की कोई जरूरत नहीं है। यह 'महाराष्ट्र का तरीका' नहीं है। वे शायद छत्रपति शिवाजी महाराज की 'गुरिल्ला युद्ध' (छापामार युद्ध) की रणनीति को भूल गए हों, लेकिन हमें इसे याद रखना चाहिए। हम तय करेंगे कि इन रणनीतियों का इस्तेमाल करके कब और कैसे जवाब देना है। हमें उनके बिछाए गए उन जालों में नहीं फंसना चाहिए, जो उन्होंने अपने स्वार्थ के लिए बुने हैं।
राज ठाकरे, मनसे प्रमुख
राज ठाकरे ने आगे लिखा-'फिर भी, BJP निराश है क्योंकि वे जिस टकराव को पैदा करना चाहते थे, वह हो नहीं पाया। यह सारी भागदौड़ और हथकंडे उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी चुनावों को ध्यान में रखकर अपनाए जा रहे हैं।'
जब राज ठाकरे ने छठ पूजा को बताया था 'नौटंकी'
जनवरी, 2008 में भी राज ठाकरे ने छठ पूजा को लेकर एक तीखी टिप्पणी की थी। राज ठाकरे ने तब इसे कथित तौर पर 'नौटंकी' और 'राजनीतिक ताकत का जरिया' बताया था। उस वक्त राज ठाकरे ने अपनी राजनीति चमकाने के लिए मुंबई में काम करने वाले यूपी और बिहार के मेहनती लोगों के खिलाफ जहर उगलना शुरू कर दिया था। उस वक्त उत्तर भारतीय ऑटो टैक्सी ड्राइवरों, रेहड़ी-पटरी वालों के बीच डर का माहौल बनाया जा रहा था। यहां तक कि बड़े-बड़े नेता भी राज ठाकरे के उस बयान पर या तो सधी हुई प्रतिक्रिया दे रहे थे या फिर उस बयान से ही कन्नी काट रहे थे।
रेल मंत्री रहे लालू ने सीधे ललकारा था
उस वक्त लालू प्रसाद यादव केंद्र सरकार में रेल मंत्री थे। उन्होंने राज ठाकरे को सार्वजनिक तौर पर खुली चुनौती दी थी। उन्होंने तब कहा था कि वो मुंबई में ही छठ पूजा मनाएंगे। उन्होंने राज ठाकरे को सीधी चुनौती दी थी और कहा था कि वे उनके घर के बाहर पूजा-पाठ करेंगे। यह विवाद तब और बढ़ गया जब राज ठाकरे ने चेतावनी दी कि अगर लालू इस त्योहार के लिए मुंबई आते हैं, तो उन्हें विरोध का सामना करना पड़ेगा।
मैं किसी से डरने वाला नहीं हूं। इस बार छठी मइया की पूजा मैं खुद मुंबई आकर राज ठाकरे के घर के ठीक सामने या शिवाजी पार्क में करूंगा और यूपी-बिहार के लोगों की ताकत दिखाऊंगा। अगर उनमें देश की सेक्युलर ताकतों का सामना करने की हिम्मत है, तो वे रोक कर देख लें।
लालू प्रसाद यादव का ये बयान सोशल मीडिया पर वायरल है
दिल्ली से लेकर मुंबई तक मची थी हलचल
सोशल मीडिया फेसबुक पर एक ने लिखा-'एक केंद्रीय मंत्री की इस सीधी और खुली ललकार ने दिल्ली से लेकर मुंबई के मंत्रालय तक हलचल मचा दी। लालू यादव ने सिर्फ बयान नहीं दिया, बल्कि केंद्र सरकार और संसद के भीतर भी इस गुंडागर्दी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। सुप्रीम कोर्ट ने भी कड़ी फटकार लगाते हुए साफ कहा कि यह एक देश है और इसे किसी की जागीर नहीं बनने दिया जाएगा। नतीजा यह हुआ कि जिस राज ठाकरे के गुंडे सड़कों पर उत्पात मचा रहे थे, मुंबई प्रशासन को हरकत में आकर उन्हें गिरफ्तार करना पड़ा और कोर्ट से उनके भड़काऊ भाषण देने पर पाबंदी लगा दी गई। उसके बाद उसी मुंबई के जुहू चौपाटी से लेकर हर घाट पर यूपी-बिहार के लोगों ने पूरे स्वाभिमान और शांति के साथ छठी मइया को अर्घ्य दिया।'
18 साल बाद बेटी ने भी पिता की तरह ही दिया करारा जवाब
RJD प्रमुख लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने भी आज 18 साल बाद अपने पिता की तरह ही राज ठाकरे को करारा जवाब दिया है। उन्होंने कहा, 'ये राज ठाकरे कौन हैं और कौन से नेता इनका समर्थन कर रहे हैं? इन्हें जानता ही कौन है? जैसे बारिश के मौसम में मेंढक बाहर निकल आते हैं, वैसे ही छठ के समय कुछ असामाजिक तत्व सामने आ जाते हैं, जो बिहार की संस्कृति और आस्था को नीचा दिखाने की कोशिश करते हैं।'
रोहिणी आचार्य ने कहा कि 'इन पर ध्यान देने की भी जरूरत नहीं है। ये हर साल छठ के समय सिर्फ मीडिया का ध्यान खींचने और चर्चा में बने रहने के लिए सामने आ जाते हैं। खैर, छठी मैया इन्हें सद्बुद्धि दें। इनके मन में भरी गंदगी और नफरत को दूर करने में इनकी मदद करें...। एक दिन ऐसा आएगा जब राज ठाकरे और उनके जैसे अन्य ये असामाजिक तत्व भी इस त्योहार को बहुत उत्साह के साथ मनाएंगे।'
1990 में चुनावों के दौरान चर्चा में आए राज ठाकरे
राज ठाकरे ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत शिवसेना के छात्र विंग 'भारतीय विद्यार्थी सेना' को लॉन्च करके की। 1990 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के प्रचार के दौरान वे चर्चा में आए। 1990 के दशक में राज ठाकरे खुद को अपने चाचा बालासाहेब का उत्तराधिकारी मानते थे। हालांकि, बालासाहेब ने अपने बेटे उद्धव ठाकरे को उन पर ज्यादा तवज्जो दी।
दरकिनार होने के बाद बनाई महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना
बालासाहेब ठाकरे के साथ काम करने वाले अन्य नेताओं द्वारा दरकिनार किए जाने के कई सालों बाद राज ठाकरे ने 27 नवंबर 2005 को शिवसेना से इस्तीफा दे दिया और एक नई राजनीतिक पार्टी बनाने की घोषणा की। 9 मार्च 2006 को मुंबई में राज ठाकरे ने 'महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना' (MNS) की स्थापना की।
2008 का उत्तर भारतीय विरोधी अभियान
राज ठाकरे ने अपने राजनीतिक करियर की बड़ी शुरुआत महाराष्ट्र में उत्तर प्रदेश और बिहार से आए प्रवासियों पर 2008 में हमलों से की। फरवरी 2008 में राज ठाकरे ने महाराष्ट्र और विशेष रूप से मुंबई में उत्तर प्रदेश और बिहार (उत्तर भारतीय राज्यों) से आए प्रवासियों के खिलाफ एक हिंसक आंदोलन का नेतृत्व किया।
शिवाजी पार्क में एक रैली के दौरान राज ठाकरे ने चेतावनी दी कि अगर मुंबई और महाराष्ट्र में इन लोगों (उत्तर भारतीयों) की 'दादागिरी' जारी रही, तो वे उन्हें इस महानगर से बाहर निकालने के लिए मजबूर हो जाएंगे। राज ठाकरे को समाजवादी पार्टी के नेता अबू आजमी के साथ गिरफ्तार किया गया था, लेकिन 15,000 रुपये जुर्माना भरने के बाद उन्हें रिहा कर दिया गया।
मराठी में व्यावसायिक साइनबोर्ड पर भी बवाल
जुलाई 2008 में राज ठाकरे ने सार्वजनिक रूप से चेतावनी दी कि मुंबई की दुकानों में पहले से मौजूद अंग्रेजी साइनबोर्ड के अलावा मराठी साइनबोर्ड भी होने चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि एक महीने के बाद मनसे कार्यकर्ता गैर-मराठी साइनबोर्ड पर कालिख पोतना शुरू कर देंगे। हालांकि बृहन्मुंबई नगर निगम ने पहले ही इस संबंध में एक कानून पारित किया था, लेकिन इसे लागू नहीं किया गया था।
सितंबर 2008 में, अपनी मांग मनवाने के लिए राज ठाकरे के कार्यकर्ताओं ने दुकानों पर हमला किया और साइनबोर्ड पर कालिख पोत दी। इसके बाद, अधिकांश दुकानदारों ने बात मान ली और मराठी साइनबोर्ड लगा दिए। उस वक्त मनसे के छह कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया, लेकिन बाद में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया।

