भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार को मंत्रि-परिषद की बैठक मंत्रालय में सम्पन्न हुई। सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य कुमार काश्यप ने मंत्रि-परिषद के निर्णयों की जानकारी दी। मंत्री काश्यप ने बताया कि मंत्रि-परिषद ने प्रदेश के समग्र विकास, बुनियादी ढांचे के विस्तार और जनकल्याण के लिए 7 हजार करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृति दी है। प्रदेश में दुग्ध उत्पादन और उन्नत देशी गौवंश को बढ़ावा देने के लिए 'गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना' के क्रियान्वयन का अनुसमर्थन किया गया। मंत्रि-परिषद ने प्रदेश के 9 कमजोर जिला सहकारी केन्द्रीय बैंकों की वित्तीय स्थिति सुधारने के लिए अंशपूंजी सहायता के रूप में 325 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की। इसके साथ ही बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के ड्यू हो चुके निर्वाचन की अवधि एक वर्ष आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
मंत्रि-परिषद ने बैठक में भारत सरकार की आरडीएसएस योजना के पहले चरण में प्रदेश की 1,834 बसाहटों के 46 हजार से अधिक अविद्युतीकृत घरों और 54 शासकीय सार्वजनिक संस्थानों के विद्युतीकरण के लिए 193करोड़72लाख रुपये की कार्ययोजना को मंजूरी दी गई। प्रदेश में खनिज अन्वेषण नीति के क्रियान्वयन के लिए मध्यप्रदेश राज्य खनिज निगम लिमिटेड को क्रियान्वयन एजेंसी नियुक्त करने की भी स्वीकृति दी गई। मंत्रि-परिषद ने 'वेदान्त पीठ की स्थापना' के अंतर्गत ओंकारेश्वर स्थित एकात्म धाम में "अद्वैत लोक" के निर्माण के लिए 16वें वित्त आयोग की अवधि वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2030-31 के लिए 2,278 करोड़ 99 लाख रुपये मंजूर किए हैं। इसी अवधि के लिए सामान्य प्रशासन विभाग की 23 योजनाओं को निरंतर रखने के लिए 3,059 करोड़ 7 लाख रुपये तथा मुख्यमंत्री वैवेकिक अनुदान से संबंधित योजना को जारी रखने के लिए 1 हजार 165 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई।
'गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना'
मंत्रि-परिषद ने पशुपालन एवं डेयरी विभाग के अंतर्गत 'गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना' के क्रियान्वयन का अनुसमर्थन किया है। मुख्यमंत्री पशुपालन विकास योजना के नौ घटकों में से एक घटक 'प्रदेश की मूल गोवंशीय नस्ल एवं भारतीय उन्नत नस्ल की दुधारू गायों के लिए पुरस्कार योजना' को विलोपित कर उसके स्थान पर यह नवीन योजना लागू की गई है। मुख्यमंत्री द्वारा 3 अक्टूबर 2026 को की गई घोषणा के परिपालन में विभाग द्वारा 26 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश का मंत्रि-परिषद द्वारा अनुसमर्थन प्रदान किया गया
इस योजना का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के दुग्ध उत्पादन को दोगुना से अधिक कर मध्यप्रदेश को देश की 'मिल्क कैपिटल' बनाना, गोपालकों की आय में वृद्धि करना और गिर, साहीवाल, थारपारकर एवं मालवी जैसी उन्नत देशी दुधारू गौवंशीय नस्लों का संरक्षण एवं संवर्धन करना है। योजना के प्रथम वर्ष 2026-27 में प्रदेश की 208 ग्रामीण विधानसभाओं के एक-एक चिन्हित 'वृंदावन ग्राम' में गोपालकों के मध्य प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। वित्तीय वर्ष 2027-28 से 2030-31 तक यह प्रतियोगिता प्रदेश के सभी 313 विकासखण्डों में विकासखण्ड स्तर पर आयोजित की जाएगी।
प्रतियोगिता में ग्राम के सभी वर्गों के ऐसे गौपालक पात्र होंगे , जिनके पास भारतीय उन्नत देशी नस्ल की दुधारू गाय है और जिसका प्रतिदिन दुग्ध उत्पादन 6 लीटर या उससे अधिक है। गायों के तीन समय के दुग्ध उत्पादन के औसत के आधार पर पारदर्शी प्रक्रिया से विजेताओं का चयन विकासखण्ड एवं जिला स्तरीय समितियों द्वारा किया जाएगा तथा प्रतिवर्ष गोवर्धन पूजा दिवस पर पुरस्कार वितरित किए जाएंगे। प्रत्येक वृंदावन ग्राम और विकासखण्ड में सर्वश्रेष्ठ दुग्ध उत्पादक गाय पालने वाले गौपालक को प्रथम पुरस्कार के रूप में एक लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 50 हजार रुपये तथा तृतीय पुरस्कार के रूप में 25 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे। पुरस्कृत गौपालक के लिए पुरस्कार राशि का शत-प्रतिशत उपयोग देशी गौवंश के क्रय, संरक्षण और संवर्धन में ही किया जाएगा।

