क्या है किराये का पूरा विवाद?
सुनवाई के दौरान हाउसिंग बोर्ड के वकील ने कोर्ट को बताया कि पुनर्विकास परियोजना के पूरा होने और नए मकान का कब्जा मिलने तक वैध आवंटियों को वैकल्पिक आवास के लिए किराया दिया जाएगा। जब कोर्ट ने किराये की राशि के बारे में पूछा, तो बोर्ड के वकील ने कहा कि कलेक्टर द्वारा इलाके और योजना के अनुसार तय किया गया किराया दिया जाएगा।
इस पर याचिकाकर्ता खान के वकील ने आपत्ति जताई। उन्होंने कोर्ट के सामने तर्क रखा कि कलेक्टर द्वारा मात्र 1,200 से 1,500 रुपये प्रति माह किराया देने की बात कही जा रही है, जो मौजूदा बाजार दर और इलाके के हिसाब से बेहद कम है। उन्होंने मांग की कि जब तक कलेक्टर द्वारा उचित किराया अंतिम रूप से तय नहीं कर दिया जाता, तब तक मकान को न तोड़ा जाए।
1986 में बने थे 600 क्वार्टर, 490 पर अतिक्रमण का दावा
हाउसिंग बोर्ड और नगर निगम ने कोर्ट के समक्ष इस प्रोजेक्ट और इमारतों की स्थिति का पूरा ब्योरा रखा:
नगर निगम ने रिपोर्ट और तस्वीरें पेश कर बताया कि 1986 में हाउसिंग बोर्ड द्वारा बनाए गए ये क्वार्टर पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं। इन्हें खाली कराने के लिए 2016 से लगातार नोटिस दिए जा रहे हैं और रहवासियों को समझाने के लिए कैंप भी लगाए गए हैं।
बोर्ड के वकील ने बताया कि यहां कुल 600 जनता क्वार्टर बनाए गए थे, जिनमें से केवल 110 ही वैध रूप से आवंटित किए गए थे। शेष क्वार्टरों पर अतिक्रमणकारियों का कब्जा है, जिन्हें बार-बार प्रयास के बावजूद हटाया नहीं जा सका है।
वैध आवंटियों को पुनर्विकास के बाद 20 प्रतिशत अतिरिक्त बिल्ट-अप एरिया के साथ नए मकान दिए जाएंगे।
कलेक्टर के साथ बैठक कर सुलझाया जाएगा मुद्दा
सुनवाई के दौरान हाउसिंग बोर्ड और नगर निगम के वकीलों ने कहा कि सोमवार की कार्रवाई के लिए पुलिस बल और सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। हालांकि, उन्होंने यह सहमति भी जताई कि वे सोमवार को अन्य हिस्सों में अभियान चलाते हुए याचिकाकर्ता और जिला कलेक्टर के साथ बैठक करेंगे, ताकि उनके मौजूदा मकान के समान परिसर के अनुरूप किराये की राशि तय कर सूचित किया जा सके। इसके बावजूद, कोर्ट ने स्पष्ट निर्देश दिया कि 25 नवंबर को अगली सुनवाई तक EWS-465 को नहीं तोड़ा जाएगा।

