नई दिल्ली: भारत के नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो और अमेरिकी ड्रग एनफोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन का संयुक्त ऑपरेशन 'मॉनसून थंडर' ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। दोनों देशों ने मिलकर अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त करना शुरू कर दिया है। इस कार्रवाई में 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अब इस एक्शन के बाद भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का धन्यवाद किया है। सर्जियो गोर ने अपने एक्स हैंडल पर इस ऑपरेशन को लेकर पोस्ट किया है।
सर्जियो गोर ने अमित शाह का किया धन्यवाद
सर्जियो गोर ने एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा कि अमेरिका-भारत साझेदारी का एक बेहतरीन उदाहरण 'ऑपरेशन मॉनसून थंडर' के तहत, भारत के नारकोटिक्स ब्यूरो ने अमेरिका के ड्रग एनफोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन के साथ मिलकर एक ऐसे अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त किया, जो पूरे अमेरिका में अवैध नशीले पदार्थ की तस्करी कर रहा था। इस कार्रवाई में छह लोगों पर शिकंजा कसते हुए गिरफ्तार किया गया है। आपके नेतृत्व के लिए धन्यवाद, गृह मंत्री अमित शाह जी।
ऑपरेशन मानसून थंडर क्या है?
ऑपरेशन मानसून थंडर भारत के NCB और अमेरिकी की DEA एजेंसी द्वारा ड्रग्स तस्करी के खिलाफ चलाया गया एक संयुक्त ऑपरेशन है।
इसमें भारत के नारकोटिक्स ब्यूरो और अमेरिका के ड्रग एनफोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन दोनों एक साथ मिलकर काम कर रहा है।
4 से 13 नवंबर 2026 के बीच दिल्ली, कोलकाता और लखनऊ में छापेमारी की गई और 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
जून 2022 से नवंबर 2026 के बीच अमेरिका भेजे गए करीब 3000 पार्सलों के जरिए तस्करी से जुड़े रिकॉर्ड के सबूत मिले हैं।

