नई दिल्ली: अडानी समूह ने डिफेंस प्रोडक्शन से लेकर रिन्यूएबल एनर्जी और कैपिटल मार्केट तक अपनी मजबूत पकड़ का प्रदर्शन किया है। भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में अडानी डिफेंस ने पोखरण फायरिंग रेंज में स्वदेशी रूप से विकसित 'बघीरा AT1' एंटी-टैंक गाइडेड मिसाइल सिस्टम का सफल टेस्ट कर आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। इसके साथ ही अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस की सब्सिडियरी को पश्चिम बंगाल से 25 सालों के लिए 1,750 मेगावाट रिन्यूएबल पावर सप्लाई का बड़ा ऑर्डर मिला है। इन पॉजिटिव कारोबारी घटनाक्रमों के बीच ग्लोबल इंवेस्टमेंट बैंक जेफरीज ने ग्रुप की 5 प्रमुख कंपनियों पर बुलिश रुख अपनाकर निवेशकों को 43 फीसदी तक के शानदार रिटर्न की उम्मीद दी है।
पोखरण में दागी एंटी-टैंक मिसाइल
अडानी डिफेंस एंड एयरोस्पेस ने 20 नवंबर को राजस्थान के पोखरण टेस्ट रेंज में भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारियों के सामने अपनी स्वदेशी एंटी-टैंक मिसाइल प्रणाली 'बघीरा AT1' का सफल प्रदर्शन किया।
18 महीनों में इस प्रणाली को विकसित किया गया है। यह कॉम्बैट सिस्टम 4x4 बख्तरबंद वाहन पर तैनात है। 8 किलोमीटर दूर तक दुश्मन के टैंकों और हवाई लक्ष्यों को भेदने में सक्षम है। लेजर-बीम गाइडेंस से लैस होने से यह इलेक्ट्रॉनिक जैमिंग से अप्रभावित रहता है। एक ही टारगेट पर लगातार दो मिसाइलें दागकर दुश्मन के एक्टिव प्रोटेक्शन सिस्टम (APS) को ध्वस्त कर सकता है।
वित्त वर्ष 2025-26 में भारत के रिकॉर्ड 1.78 लाख करोड़ रुपये के डिफेंस प्रोडक्शन में निजी क्षेत्र की हिस्सेदारी बढ़कर 24 फीसदी (करीब 42,000 करोड़ रुपये) हो गई है। इसमें अडानी डिफेंस का यह कदम आयात पर निर्भरता कम करने में अहम साबित होगा।
बंगाल में हाथ लगी बड़ी सफलता
एनर्जी सेक्टर में भी समूह को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड (AESL) की पूर्ण स्वामित्व वाली सब्सिडियरी 'पावरपल्स ट्रेडिंग सॉल्यूशंस लिमिटेड' (PTSL) को पश्चिम बंगाल राज्य विद्युत वितरण कंपनी (WBSEDCL) से 25 सालों के लिए 1,750 मेगावाट राउंड-द-क्लॉक रिन्यूएबल एनर्जी सप्लाई करने का लेटर ऑफ अवार्ड (LoA) मिला है।
इस समझौते में अतिरिक्त 750 मेगावाट का 'ग्रीन शू ऑप्शन' भी शामिल है। इससे कुल क्षमता 2,500 मेगावाट तक पहुंच सकती है। पहले चरण के तहत 1,750 मेगावाट बिजली की सप्लाई 1 जुलाई 2028 से शुरू होगी। कंपनी ने इसके लिए 4.6 गीगावाट सोलर-विंड और 3.5 गीगावाट-आवर बैटरी स्टोरेज (BESS) की व्यवस्था की है।
जेफरीज ने जताया भरोसा
इन मजबूत कारोबारी उपलब्धियों के बीच ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म जेफरीज इंडिया ने अडानी ग्रुप के 5 शेयरों पर 'बाय' रेटिंग दी है। ऐसा करते हुए 43% तक की तेजी का अनुमान जताया है।
जेफरीज ने अडानी एंटरप्राइजेज (ADE) पर सबसे ज्यादा भरोसा जताकर 3,830 रुपये का टारगेट प्राइस (43% संभावित उछाल) दिया है। इसके पीछे नवी मुंबई एयरपोर्ट के विस्तार और 2031 तक डेटा सेंटर क्षमता को 3 गीगावाट तक ले जाने की योजना मुख्य कारण है।
इसके अलावा ब्रोकरेज फर्म ने अडानी पोर्ट्स (2,180 रुपये टारगेट), अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस (1,980 रुपये टारगेट), अडानी ग्रीन एनर्जी (1,695 रुपये टारगेट) और अडानी पावर (240 रुपये टारगेट, 17% उछाल) में भी निवेश की सलाह दी है।
मजबूत है कंपनियों का आउटलुक
ब्रोकरेज रिपोर्ट के मुताबिक, अडानी ग्रीन एनर्जी 2030 तक अपनी क्षमता 2.4 गुना बढ़ाकर 50 गीगावाट करने की राह पर है। वहीं, अडानी पावर वित्त वर्ष 2031-32 तक अपनी क्षमता 2.5 गुना बढ़ाकर 45 गीगावाट करने का टारगेट लेकर चल रही है।
अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस के पास 872 अरब रुपये के ट्रांसमिशन प्रोजेक्ट्स हैं। स्मार्ट मीटर कारोबार तेजी से बढ़ रहा है। मजबूत कैश फ्लो, इंफ्रास्ट्रक्चर में लगातार इंवेस्टमेंट के साथ रक्षा और ग्रीन एनर्जी जैसे भविष्य के क्षेत्रों में विस्तार से अडानी समूह की कंपनियां लंबी अवधि के निवेशकों के लिए आकर्षक बनी हुई हैं।

