नई दिल्ली: रुपये में मजबूती का दौर आज लगातार पांचवें दिन भी जारी रहा और डॉलर के मुकाबले 65 पैसे मजबूत होकर 92.67 (प्रोविजनल) पर बंद हुआ। 10 अप्रैल के बाद यह पहला मौका है जब डॉलर के मुकाबले रुपया 93 के मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे आया है। घरेलू शेयर बाजारों में जोरदार खरीदारी और विदेशी निवेशकों की वापसी से रुपया मजबूत हुआ है। इस महीने रुपया डॉलर के मुकाबले दो फीसदी से ज्यादा मजबूत हुआ है।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि कमजोर अमेरिकी मुद्रा तथा एआई से जुड़े शेयरों की तेजी थमने के बीच विदेशी संस्थागत निवेशकों की जोरदार लिवाली के चलते रुपये को मजबूती मिल रही है। आंकड़ों के अनुसार विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) ने पिछले दो सप्ताह के दौरान भारतीय शेयरों में 84,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया है। इस महीने अब तक वे 12 अरब डॉलर से ज्यादा रकम भारतीय बाजार में झोंक चुके हैं। एफआईआई ने गुरुवार को 7,411.41 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
डॉलर की चाल
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 93.25 पर खुला। रुपया गुरुवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले नौ पैसे बढ़कर 93.32 पर बंद हुआ था। रुपये ने पिछले लगातार पांच सत्रों में लगभग 1.5 प्रतिशत की तेज मजबूती दर्ज की है। 13 नवंबर को यह डॉलर के मुकाबले 94.19 पर बंद हुआ था।
इस महीने रुपये का प्रदर्शन एशिया की बाकी करेंसीज की तुलना में बेहतर रहा है। डॉलर की मजबूती और फेडरल रिजर्व की सख्त मौद्रिक नीति के कारण रीजनल करेंसीज पर दबाव है। इस बीच डॉलर इंडेक्स 0.15 फीसदी गिरावट के साथ 103.68 पर था। पिछले सत्र में यह 19 महीने के हाई के करीब पहुंचा था।
रुपया मजबूत होने के फायदे
रुपये के मजबूत होने से विदेशी मुद्राओं के मुकाबले इसकी परचेजिंग पावर बढ़ेगी।
साथ ही इससे आयात की लागत कम होगी लेकिन एक्सपोर्टर पर असर पड़ेगा।
रुपया मजबूत होने से आयात सस्ता होता है। इससे महंगाई पर काबू पाने में मदद मिलती है।
भारत अपनी जरूरत का 90% कच्चा तेल आयात करता है। डॉलर कमजोर होने से भारत का आयात बिल कम होगा।
साथ ही रुपये के मजबूत होने से विदेश में पढ़ाई और यात्रा का खर्च भी कम हो जाता है।
कच्चे तेल में गिरावट
इस बीच कच्चे तेल की कीमत में आज मामूली गिरावट आई है। ब्रेंट क्रूड 1.14 फीसदी गिरावट के साथ 90.93 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा है। घरेलू शेयर बाजार में आज फिर तेजी आई। बीएसई सेंसेक्स 897.96 अंक की तेजी के साथ 83,919.71 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 286.30 अंक की तेजी के साथ 25,800.60 अंक पर आ गया।सेंसेक्स 700 अंक से अधिक उछला है जबकि निफ्टी में 200 अंक से ज्यादा तेजी आई है। पिछले सत्र में दोनों इंडेक्स में 1 फीसदी से ज्यादा तेजी आई थी।
चीनी करेंसी की चाल
इस बीच चीन के करेंसी युआन भी आज डॉलर के मुकाबले मजबूत हुई। पिछले सत्र में यह अमेरिकी करेंसी के मुकाबले एक महीने के लो पर पहुंच गई थी। ऑनशोर युआन गुरुवार को डॉलर के मुकाबले 6.6950 तक फिसल गई थी जो 14 अक्टूबर के बाद इसका न्यूनतम स्तर था। आज यह 6.6715 के लेवल पर आ गई। ऑफशोर युआन भी डॉलर के मुकाबले 6.6746 पर ट्रेड कर रही थी।

