अभिजीत दीपके के नेतृत्व वाली 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) ने हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक टीजर जारी करते हुए अपनी एक नई पहल 'कॉकरोच क्लब' के बारे में जानकारी दी थी। पार्टी ने इस पहल के बारे में हल्की हिंट देते हुए कहा था कि यह एक ऐसा मंच होगा, जहां समान सोच वाले लोग इकट्ठा होंगे और कई दिलचस्प कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं अब इस पहल को लेकर कुछ और बातें भी सामने आई हैं, पार्टी का कहना है कि उसकी यह पहल महात्मा गांधी की सोच और विरासत को एकबार फिर देश के युवाओं के बीच लोकप्रिय बनाने को लेकर है। इस वजह से उसने 'लिगेसी ऑफ बापू- कॉकरोच क्लब' नाम से एक अखिल भारतीय पहल शुरू करने की योजना बनाई है।
पार्टी ने बताया कि इस क्लब में कॉमेडी, व्यंग्य और बौद्धिक चर्चाओं के एक अनोखे मिश्रण के माध्यम से महात्मा गांधी की विचारधारा और देश में उनके योगदान के बारे में युवाओं को जानकारी दी जाएगी और इस बारे में जागरूकता फैलाकर उसे युवाओं खासकर जेन-जी तक पहुंचाया जाएगा। पार्टी के मुताबिक इस पहल का मकसद गांधीजी के विचारों को पारंपरिक चर्चाओं के दायरे से बाहर निकालकर, उन्हें ऐसे रूप में पेश करना है जो आज की युवा पीढ़ी से जुड़ सकें।
मुन्नाभाई' ने भी किया था युवाओं के बीच गांधीजी को लोकप्रिय
सीजेपी की यह पहल कुछ साल पहले अभिनेता संजय दत्त और फिल्म निर्देशक विधु विनोद चोपड़ा की फिल्म 'लगे रहो मुन्नाभाई'
(साल-2006) से प्रेरित या उसी की तरह लग रही है। क्योंकि उस फिल्म में भी आधुनिक बोल-चाल की भाषा के जरिए युवाओं को गांधी दर्शन और गांधी वाद के बारे में समझाया गया था, और एक बार फिर साबित किया गया था कि गांधीजी आज के दौर में भी उतने ही प्रासंगिक बने हुए हैं, जितना वे आजादी से पहले थे। इस फिल्म का कुछ ऐसा असर हुआ था कि अगले कई सालों तक देशभर के युवा नेताओं ने विरोध-प्रदर्शन के लिए फिल्म में दिखाए गए 'गांधीगिरी' के तरीके को अपना लिया था और लोगों को अपनी बात समझाने के लिए गुलाब का फूल देने लगे थे। और अब कॉकरोच जनता पार्टी की यह 'लिगेसी ऑफ बापू- कॉकरोच क्लब' की पहल भी कुछ उसी तरह का प्रयोग लग रही है।
शनिवार को पुणे में होगा पहला कार्यक्रम
अपनी इस पहल के दौरान पहले कदम के तौर पर, पार्टी शनिवार (21 नवंबर) को पुणे में 'लिगेसी ऑफ बापू' का पहला कार्यक्रम आयोजित करेगी। इसी कार्यक्रम के साथ 'कॉकरोच क्लब' की भी शुरुआत होगी। इस क्लब को लेकर लोगों की उत्सुकता उस वक्त काफी ज्यादा बढ़ गई, जब पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर रहस्यमयी पोस्टरों और 'स्टे ट्यून्ड' (जुड़े रहें) जैसे संदेशों के जरिए इस क्लब का टीजर जारी किया गया।
कार्यक्रम के मेहमानों के बारे में नहीं आई जानकारी
हालांकि CJP ने अभी तक इस क्लब में बोलने वाले वक्ताओं, कलाकारों या कार्यक्रम के स्वरूप के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है, लेकिन यह स्पष्ट किया है कि गांधीजी के विचारों पर आधारित हास्य, व्यंग्य और बातचीत ही इसका मुख्य विषय होंगे। उनकी व्यापक योजना इस पहल को देश के अलग-अलग हिस्सों तक ले जाने की है, ताकि एक दिलचस्प तरीके से लोगों, खासकर युवाओं को गांधीजी की विचारधारा और उनकी विरासत से परिचित कराया जा सके।
कॉमेडी और सटायर के साथ होगी गांधी दर्शन पर चर्चा
इस बारे में जानकारी देते हुए CJP के एक समन्वयक ने कहा, 'यह पहल सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों को उठाने के पारंपरिक तरीकों जैसे कि विरोध-प्रदर्शनों से बिल्कुल अलग है।' आयोजकों ने कार्यक्रम की जानकारी को अभी गुप्त रखा है, जिससे इसे लेकर लोगों की उत्सुकता और बढ़ गई है। आगे उन्होंने बताया, 'पुणे का यह कार्यक्रम पहली झलक देगा कि कैसे पार्टी गांधीजी के दर्शन पर चर्चा के साथ कॉमेडी और व्यंग्य को जोड़ना चाहती है। यह बड़े स्तर पर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने की उनकी तैयारी का हिस्सा है।'

