नई दिल्ली: राजनीति के गंभीर मुद्दों और सरकारी बैठकों से इतर अब केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का एक अलग अंदाज देखने को मिल सकता है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री कॉमेडियन कपिल शर्मा के चर्चित शो 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' में मेहमान बनकर पहुंच सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गडकरी इस शो की शूटिंग कर सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो वह शो में आने वाले पहले मौजूदा केंद्रीय कैबिनेट मंत्री होंगे। खास बात यह है कि गडकरी खुद भी कपिल शर्मा के शो के प्रशंसक हैं और पहले एक पॉडकास्ट में इसकी तारीफ कर चुके हैं।
कपिल शर्मा के शो में गडकरी की एंट्री की चर्चा
नितिन गडकरी पिछले कुछ वर्षों में डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काफी सक्रिय रहे हैं। वह कई पॉडकास्ट, यूट्यूब इंटरव्यू और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के कार्यक्रमों में शामिल हो चुके हैं। इन बातचीत में वह राजनीतिक मुद्दों और सड़क-इंफ्रास्ट्रक्चर के अलावा अपनी निजी जिंदगी, खान-पान और अनुभवों पर भी खुलकर बात करते हैं। इससे पहले वह फिल्ममेकर फराह खान के यूट्यूब व्लॉग और ट्रैवल-फूड शो 'कर्ली टेल्स' में भी नजर आ चुके हैं।
कपिल के साथ कैसी होगी गडकरी की जुगलबंदी?
नेटफ्लिक्स पर प्रसारित होने वाला 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' फिल्मी सितारों, खिलाड़ियों और चर्चित हस्तियों के साथ हल्की-फुल्की बातचीत के लिए जाना जाता है। शो में कपिल शर्मा के साथ नवजोत सिंह सिद्धू और अर्चना पूरन सिंह भी नजर आते हैं। ऐसे में गडकरी की संभावित एंट्री दर्शकों के लिए अलग अनुभव हो सकती है। उनके बेबाक अंदाज के बीच कपिल की कॉमेडी कैसी रहेगी, यह देखना दिलचस्प होगा।

