प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ (FICCI) के शताब्दी अधिवेशन को संबोधित करते हुए प्राइवेट नौकरी करने वालों के लिए बड़ी बात कही है। उन्होंने इस दौरान इनकम टैक्स में 12 लाख रुपये तक मिलने वाली छूट का जिक्र किया और प्राइवेट सेक्टर की कंपनियों से पूछा कि क्या उन्होंने इसका फायदा अपने कर्मचारियों तक पहुंचाया है। प्रधानमंत्री ने आह्वान किया कि वे टैक्स कटौती का लाभ सैलरी बढ़ाने और नई नौकरियां पैदा करने में भी लगाएं।
कार्यक्रम में मौजूद उद्योगपतियों से संवाद करते हुए पीएम मोदी ने याद दिलाया कि 2014 में देश में बेसिक कॉरपोरेट टैक्स की दर 30 प्रतिशत थी, जिसे उनकी सरकार ने घटाकर 22 प्रतिशत कर दिया। इसके साथ ही आज देश में 12 लाख रुपये तक की सालाना आय पर कोई इनकम टैक्स नहीं लगता है। इस पर चुटकी लेते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने तो 12 लाख रुपये तक की आय को टैक्स-फ्री कर दिया, लेकिन क्या कंपनियों ने कर्मचारियों का वेतन बढ़ाया या नई भर्तियां कीं।
उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में पूछा कि क्या सब कुछ इसी तरह चलेगा कि "मोदी जी आप करो, हम देख लेंगे"। उनकी इस बात पर सभागार में मौजूद लोग हंस पड़े। पीएम मोदी ने कहा कि सरकार ने साहस दिखाकर इनकम टैक्स में इतनी बड़ी राहत दी, जिससे आम लोगों की क्रय शक्ति में काफी इजाफा हुआ है। उद्योग जगत को इसकी सराहना करनी चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि पहले टैक्स रिफंड की चिट्ठी आने में आठ महीने लग जाते थे, लेकिन अब एक हफ्ते के भीतर रिटर्न प्रोसेस हो जाता है।
तेज आर्थिक विकास की बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की अर्थव्यवस्था की मजबूती का जिक्र करते हुए कहा कि भारत कभी दुनिया की पांच सबसे कमजोर अर्थव्यवस्थाओं में गिना जाता था, लेकिन आज यह सबसे तेजी से बढ़ने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्था बन गया है। विश्व बैंक की एक हालिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि पिछले 12 से 13 वर्षों में देश के 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं।
पीएम मोदी ने बताया कि अक्टूबर महीने में भारत का वस्तु निर्यात लगभग 50 अरब डॉलर तक पहुंच गया, जो अब तक का सबसे ऊंचा मासिक आंकड़ा है। उन्होंने कहा कि मूडीज, एसएंडपी, फिच, विश्व बैंक और एशियाई विकास बैंक जैसी वैश्विक संस्थाओं ने भारत की विकास दर के अनुमान को ऊपर की ओर संशोधित किया है और अर्थव्यवस्था के करीब 7 प्रतिशत की दर से बढ़ने की उम्मीद है। अंत में उन्होंने कहा कि 'विकसित भारत' केवल एक नारा नहीं, बल्कि एक संकल्प है।

