मेलबर्न: ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में सैंडपेपरगेट विवाद की वजह से काफी बवाल मचा हुआ है। यह विवाद 8 साल पहले 2018 में हुआ था लेकिन बवाल के पीछे उस्मान ख्वाजा है। ख्वाजा ने अपनी ऑटोबायोग्राफी में इस विवाद को लेकर कई दावे किए हैं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की जांच में तब पाया गया था कि स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर और कैमरून बैनक्रॉफ्ट भी बॉल टैंपरिंग में शामिल हैं। उन तीनों पर बैन भी लगाया गया था। लेकिन ख्वाजा की किताब में दावा किया गया है कि पूरी टीम को इसके बारे में जानकारी थी।
कमेंट्री बॉक्स से हटाए गए वॉर्नर और ख्वाजा
इस बीच ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर उस्मान ख्वाजा के साथ ही डेविड वॉर्नर को ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए कमेंट्री टीम से हटा दिया गया है। वनडे सीरीज के दौरान दोनों कमेंट्री कर रहे थे और इस दौरान सैंडपेपर विवाद को लेकर अपनी बात भी रख रहे थे। मेलबर्न में 5 मैचों की टी20 सीरीज की शुरुआत हुई है।
फॉक्स के लिए कमेंट्री करते हैं ख्वाजा और वॉर्नर
फॉक्स स्पोर्ट्स के मैनेजिंग डायरेक्टर स्टीव क्रॉली ने मीडिया से बातचीत में दोनों को ब्रॉडकास्ट से दूर रखने के फैसले की जानकारी दी। उन्होंने कहा, 'हाल की घटनाओं को देखते हुए उस्मान और डेवी दोनों को अगले कुछ हफ्तों तक हमारे प्रसारणों से आराम दिया जाएगा। हम अपनी कमेंट्री टीम के सभी सदस्यों का सपोर्ट करते हैं और अलग-अलग विचारों का स्वागत करते हैं, जो हमारे समर ऑफ क्रिकेट की खासियत है। हालांकि, हम यह भी समझते हैं कि हर नए कमेंट का जवाब देने के लिए उन पर कितना दबाव होता है।'
क्रॉली ने आगे कहा- हमारा मानना है कि जब तक यह स्थिति जारी रहती है, तब तक खेल पर ध्यान केंद्रित करना लगातार मुश्किल होता जा रहा है। हमें लगता है कि दोनों कमेंटेटरों को इस स्थिति में रखना भी उचित नहीं है।
सैंडपेपरगेट पर ख्वाजा के दावे से बढ़ा विवाद
उस्मान ख्वाजा की बातों का डेविड वॉर्नर ने सपोर्ट किया है। वॉर्नर और ख्वाजा बचपन के दोस्त हैं। ख्वाजा ने अपनी किताब में जो बातें लिखी हैं, डेविड वॉर्नर का कहना है कि वो बातें सही हैं। सैंडपेपरगेट विवाद की समय वॉर्नर टीम के उपकप्तान थे। उन्हें और कप्तान स्मिथ को 1-1 साल के लिए बैन किया गया था। वहीं दूसरी तरफ क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने वर्तमान कप्तान पैट कमिंस का सपोर्ट किया है, जिनका कहना है कि गेंदबाजों को सैंडपेपर के इस्तेमाल के बारे में कोई जानकारी नहीं थी।

