नई दिल्लीः एक कार्यक्रम में शिरकत करने भारत आए पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मसूद मलिक कई दफे बौखलाए नजर आए। नई दिल्ली में रविवार को जब एक महिला पत्रकार ने उनका पुराना बयान याद दिया तो वह बिफर गए। जून में मलिक ने भारत के 1960 की सिंधु जल संधि को स्थगित करने के फैसले की आलोचना करते हुए कहा था कि जो भी पाकिस्तान के हिस्से का पानी छीनने की कोशिश करेगा, उसका 'हाथ काट दिया जाएगा।'
भारत ने रोक रखा है पाकिस्तान का पानी
गौरतलब है कि भारत ने अप्रैल 2025 में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले के बाद सिंधु जल संधि को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया था। इस हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी। भारत ने कहा था कि जब तक पाकिस्तान सीमा पार आतंकवाद को समर्थन देना विश्वसनीय और स्थायी रूप से बंद नहीं करता, तब तक संधि स्थगित रहेगी।
महिला पत्रकार के सवाल पर बिफर गए पाकिस्तान के मंत्री
बहरहाल, नई दिल्ली में एससीओ 'सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम' में पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे मसूद मलिक सिंधु जल संधि (आईडब्ल्यूटी) पर अपने पहले दिए गए बयानों से जुड़े पत्रकारों के सवालों को टालते हुए नजर आए।
महिला पत्रकार ने पाकिस्तानी नेता को उनकी मर्यादा याद दिलाई। जर्नलिस्ट ने कहा कि एक वरिष्ठ राजनेता होने के नाते, क्या आपको लगता है कि इस तरह का धमकी भरा बयान देना सही है? और क्या आप इस बयान के लिए माफी मांगते हैं या आपको इसका पछतावा है?
इससे पहले शुक्रवार को भी मलिक ने पाकिस्तान की आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई को लेकर पूछे गए सवालों से बचते हुए कहा था कि वह नई दिल्ली एक बहुपक्षीय मंच के लिए आए हैं और इतने बड़े मुद्दों पर द्विपक्षीय स्तर पर चर्चा नहीं करना चाहते।
पल्ला झाड़ने से बेहतर होता जवाब देते
मगर पत्रकार का जवाब देने के बजाय वह झल्लाते नजर आए। पत्रकार का सवाल सीधे तौर पर राजनीतिक जवाबदेही से जुड़ा था। जब कोई आला रहनुमा हाथ काट देने जैसे आक्रामक लफ्जों का इस्तेमाल करता है, तो सार्वजनिक मंच पर उससे स्पष्टीकरण या खेद की अपेक्षा स्वाभाविक मानी जाती है।
इस लिहाज से देखें तो यह तर्क सामने आता है कि संवेदनशील द्विपक्षीय मुद्दों विशेषकर जल बंटवारे पर नेताओं की भाषा संयमित होनी चाहिए, और पुराने बयानों से पल्ला झाड़ने के बजाय उन पर स्पष्ट रुख अपनाना आवश्यक है।
बिफर गए पाकिस्तान के जलवायु मंत्री
मुसादिक मसूद मलिक ने सिंधु जल संधि पर सवालों को टालते हुए कहा कि उन्हें इस मुद्दे पर भारत के साथ चर्चा के लिए नहीं बुलाया गया है। मलिक ने कहा, 'जब आप मुझे सिंधु जल संधि पर चर्चा के लिए बुलाएंगे, तब हम उस पर जरूर बात करेंगे।' उन्होंने कहा, 'जब आप मुझे सिंधु जल संधि पर चर्चा के लिए बुलाएंगे, तब हम उस पर जरूर बात करेंगे। इस समय आपने मुझे उस विषय पर बात करने के लिए आमंत्रित नहीं किया है।'
मेजबान और मेहमान की मर्यादा का हवाला
असल में, पाकिस्तानी मंत्री ने अपने बचाव में दो मुख्य तर्क रखे। पहला यह कि यह कार्यक्रम शंघाई सहयोग संगठन (SCO), संस्कृति और क्षेत्रीय जलवायु चुनौतियों पर केंद्रित था, न कि द्विपक्षीय जल विवाद पर। मेजबान और मेहमान की मर्यादा का हवाला देते हुए उन्होंने बार-बार एक ही सवाल पूछे जाने पर असहजता जताई।
इस घटनाक्रम से साफ है कि भारत और पाकिस्तान के बीच जल संसाधनों का मुद्दा कितना जटिल और भावनात्मक है। एक तरफ पुराने आक्रामक बयानों पर जवाबदेही तय करने की मांग है, तो दूसरी तरफ मंच के दायरे और साझा पर्यावरणीय खतरों का हवाला देकर विवादित सवालों से बचने की कूटनीति।

