वेलिंगटन: भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला टेस्ट ड्रॉ पर खत्म हुआ। न्यूजीलैंड में पूरे 5 दिन का खेल हुआ और सिर्फ 24 विकेट गिरे। यहां गेंदबाजों को पिच के अलावा तेज हवा और बदलते मौसम से भी मदद मिलती है, लेकिन मैच आगे बढ़ने के साथ ही यहां बल्लेबाजी आसान होती चली गई और तीसरा दिन आते-आते दोनों टीमों ने यह महसूस किया कि अगर प्लेइंग 11 में एक अच्छा स्पिनर होता तो कहानी कुछ और हो सकती थी। मैच खत्म होने के बाद दोनों कप्तानों ने भी ऐसा महसूस किया कि वह पिच को सही तरीके से पढ़ने में नाकाम रहे।
इस मैच के लिए भारत की प्लेइंग 11 को लेकर जमकर सवाल खड़े हुए थे। मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा को टीम से बाहर करने पर कई दिग्गजों ने सवाल उठाए थे। इस पर टीम के बैटिंग कोच ने कहा था कि 5 दिन को ध्यान में रखकर टीम तैयार की जाती है। हालांकि, इस मैच में तीसरे दिन से ही दोनों टीमों के पास कोई ऐसा गेंदबाज नहीं था, जो बल्लेबाजों को लगातार परेशान कर सके। इस आधार पर यह कहा जा सकता है कि दोनों टीमें पिच को सही तरीके से नहीं पढ़ पाईं।
पहले सेशन में गिरे थे 4 विकेट
इस मैच की शुरुआत से पहले पिच पर लंबी हरी घास थी। पिच को देखकर ऐसा लग रहा था कि 2 दिन के अंदर ही मैच खत्म हो जाएगा और दोनों टीमों के तेज गेंदबाज सारे विकेट लेंगे। पहले सेशन में हुआ भी ऐसा ही। भारतीय तेज गेंदबाजों ने 4 विकेट लिए। दूसरे सेशन की शुरुआत में भी भारत को एक विकेट मिला। इसके बाद पिच बल्लेबाजी के लिए आसान होती चली गई और बाकी के मैच में तेज गेंदबाजों को सिर्फ 13 विकेट मिले।
पिच नहीं पढ़ पाए गेंदबाज
मैच आगे बढ़ने के साथ ही पिच सपाट होती चली गई और दोनों टीमों के गेंदबाज इस बात को समझने में नाकाम रहे। सपाट होती पिच पर स्लोअर गेंदों में और अन्य विविधताओं के जरिए विकेट हासिल किए जा सकते थे। एक छोर से स्पिन लगाकर दूसरे छोर से विकेट लेने की कोशिश हो सकती थी, लेकिन ऐसा कुछ नहीं दिखा और पहले दो सेशन को छोड़कर पूरे मैच में बल्लेबाजों ने अपनी मर्जी के अनुसार बल्लेबाजी की।
मैनेजमेंट की गलती ज्यादा
इस मैच के ड्रॉ होने में गेंदबाजों से ज्यादा मैनेजमेंट की गलती रही। किसी भी टीम ने इस मुकाबले में स्पिन गेंदबाज को प्लेइंग 11 में शामिल नहीं किया। भारत के लिए वॉशिंगटन सुंदर और न्यूजीलैंड के लिए ग्लेन फिलिप्स ने स्पिन गेंदबाजी की जिम्मेदारी संभाली। ये दोनों ही ऑलराउंडर हैं। भारत ने तो कुलदीप को टीम से ही बाहर कर दिया। अगर वह प्लेइंग 11 का हिस्सा होते तो पांचवें दिन की पिच अपने वेरिएशन से कुछ प्रभाव छोड़ सकते थे। न्यूजीलैंड की टीम में भी सैंटनर होते तो शायद भारत 720 रन का स्कोर नहीं बना पाता।

