इस्लामाबाद: पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मलिक शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के पहले सिविलाइजेशनल डॉयलाग फोरम की बैठक में हिस्सा लेने के लिए भारत आए हुए हैं। करीब 3 साल पहले बिलावल भुट्टो की भारत की यात्रा के बाद अब पहली बार कोई पाकिस्तानी मंत्री हिंदुस्तान आया है। पाकिस्तानी मंत्री दिल्ली के ऐतिहासिक स्थलों पर जा रहे हैं और मीडिया से मिल रहे हैं। इस दौरान मुसादिक मलिक ने सिंधु जलसंधि से लेकर भारत- पाकिस्तान के बीच रिश्ते में तनाव को लेकर बयान दिया है। इस दौरे को लेकर पाकिस्तानी मीडिया में मिली जुली प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। वहीं भारत के साथ कुलभूषण जाधव और बलूचिस्तान में आतंकवाद का मुद्दा न उठाने को लेकर कई पाकिस्तानी उनकी आलोचना कर रहे हैं।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार कोई पाकिस्तानी मंत्री भारत आया है। मुसादिक मलिक ने दोनों देशों के बीच रिश्ते को सुधारने के लिए बातचीत पर जोर दिया है। इस दौरे पर पाकिस्तान के चर्चित अखबार डॉन ने संपादकीय लिखा है। डॉन ने लिखा कि मुसादिक मलिक भारत में हैं। जैसी की अपेक्षा थी, कोई बड़ी सफलता नहीं मिली। इसके बाद भी यह यात्रा मायने रखती है। पाकिस्तानी अखबार ने लिखा कि जब भी भारत और पाकिस्तान के प्रतिनिधि मिलते हैं तो दोनों देशों के बीच खराब हो चुके संबंधों को लेकर नई उम्मीद जगती है।
भारत- पाकिस्तान में सुधरेंगे रिश्ते?
डॉन ने कहा कि इसकी वजह यह है कि दोनों देशों के बीच रिश्ते इस समय पर रसातल में हैं। पाकिस्तानी अखबार ने इसके लिए भारत को जिम्मेदार ठहरा दिया। साथ ही यह भी कहा कि भारत-पाकिस्तान के बीच पिछले साल संघर्ष के बाद दक्षिण एशिया में खराब हुए माहौल के बीच यह एक स्वागतयोग्य कदम है। यह एक बहुपक्षीय बैठक थी और ऐसे में इससे कोई द्विपक्षीय सफलता की उम्मीद नहीं थी। हालांकि इसमें अहम बात यह है कि यह यात्रा दोनों देशों के बीच खराब संबंधों के बाद भी हुई।
पाकिस्तानी अखबार ने कहा कि कई बार बंद दरवाजे के पीछे भी दोनों देशों के प्रतिनिधि रिश्तों को सुधारने के लिए छोटे-छोटे कदम उठाने के बारे में बातचीत कर सकते हैं। मुसादिक मलिक ने भारतीय मीडिया से बातचीत में आतंकवाद और सिंधु जल संधि को लेकर पूछे गए सवालों को एक तरह से टाल दिया। मलिक ने कहा कि वह एससीओ की बैठक में हिस्सा लेने के लिए भारत आए हैं लेकिन जब आतंकवाद और अन्य मुद्दों को लेकर बातचीत को बुलाया जाएगा तब वह इन पर बात करेंगे। पाकिस्तान की भी इन मुद्दों अपनी चिंताएं हैं।
कुलभूषण जाधव को लेकर पाकिस्तानी मंत्री को घेरा
डॉन ने कहा कि इस यात्रा के बाद भी द्विपक्षीय संबंधों में कोई बदलाव का संकेत नहीं है लेकिन इस तरह की यात्राएं तनाव और विवादित बयानबाजी को कम करने में मदद करती हैं। पाकिस्तानी टिप्पणीकार शहबाज गिल ने मुसादिक मलिक के इस भारत दौरे की आलोचना की है। यह भी कहा कि भारतीय पत्रकारों ने जब मुसादिक मलिक को आतंकवाद को लेकर घेरा तब उन्होंने इसका प्रभावी तरीके से जवाब नहीं दिया। यही नहीं मुसादिक मलिक ने कुलभूषण जाधव, बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा में आतंकवाद का मुद्दा नहीं उठाया। वह भी तब जब पाकिस्तान सरकार अपने देश में भारत के खिलाफ आरोप लगाती रहती है। बता दें कि भारत के नागरिक कुलभूषण जाधव पाकिस्तानी जेल में बंद हैं। पाकिस्तान कुलभूषण को जासूस बताता है, वहीं भारत ने इसका पुरजोर खंडन किया है।

