इस्लामाबाद: मसूद अजहर के आतंकी गुट जैश-ए-मोहम्मद (JeM) के लोग पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में सक्रिय हैं। ये गुट कथित तौर पर लंबे समय से विरोध प्रदर्शनों का केंद्र बने पीओके में कई तरह की भूमिका निभा रहा है। जैश कमांडर मसूद इलियास कश्मीरी ने पीओके के रावलकोट में हथियारों से लैस मुजाहिदीनों की मौजूदगी होने, असीम मुनीर की पाकिस्तानी सेना और शहबाज शरीफ सरकार के अफसरों के साथ बैठक करने और प्रदर्शनों की अगुवाई कर रहे JAAC के साथ संपर्क का दावा किया है।
सोशल मीडिया पर शेयर किए गए एक वीडियो में जैश-ए-मोहम्मद का कमांडर मसूद इलियास कश्मीरी कई बातें कहता दिख रहा है। इसे इस्लामाबाद में दिए गए उसके भाषण का हिस्सा बताया गया है। वह माइक पर कह रहा है कि पीओके के सबसे ज्यादा अशांत इलाके रावलकोट में जैश-ए-मोहम्मद का हथियारों से लैस मुजाहिदीन सेटअप और गुर्गों की मौजूदगी है। कश्मीरी ने अपने भाषण में कई बड़ी बातें कही हैं-
हमारे कई हथियारबंद सदस्य उसी समुदाय से आते हैं, जो JAAC (जॉइंट अवामी एक्शन कमिटी) के विरोध प्रदर्शनों में शामिल हैं।
हमने पाकिस्तानी सरकार और सुरक्षा अधिकारियों के साथ बैठक की, ताकि विरोध प्रदर्शनों पर रुख पूरी तरह स्पष्ट किया जा सके।
सत्ता के गलियारों में बैठे लोगों ने एक्शन कमिटी के नेताओं और रावलकोट में विरोध कर रहे लोगों को मारने का फैसला कर लिया है।
सुरक्षा एजेंसियां उन लोगों की पहचान नहीं कर पा रही हैं, जो देश-विरोधी गतिविधियों में शामिल हैं। इन्होंने रेंजर्स की हत्या की है।
पीओके में अशांति भारत को प्रदर्शनकारियों को हथियार मुहैया कराने का मौका दे सकती है। इससे बलूचिस्तान जैसे हालात हो जाएंगे।
JAAC के साथ जैश के कई स्तर पर वैचारिक मतभेद हैं। इसके बावजूद हमारे समूह ने आठ बार JAAC नेताओं साथ बातचीत की है।
पीओके में क्या हो रहा है
पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में बीते कुछ महीनों में लगातार प्रदर्शन देखे गए हैं। पाकिस्तानी आर्मी और सरकार पर बलपूर्वक आंदोलन का दमन करने के आरोप लगे हैं। दूसरी ओर अब जैश जैसे आतंकी संगठन के प्रदर्शनों सक्रियता पर दावे इस पूरे क्षेत्र की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े करते हैं।
जैश कमांडर इलियास कश्मीरी को मसूद अजहर का करीबी माना जाता है। बीते साल ऑपरेशन सिंदूर के बाद कश्मीरी ने ही सार्वजनिक तौर पर ये कहा था कि उनके सरगना मौलाना मसूद अजहर के परिवार के कई सदस्य भारत के हमले में मारे गए हैं। अब उसने पीओके के प्रदर्शनों को लेकर बयान दिया है।

