दुबई: संयुक्त अरब अमीरात के फुजैराह में हुए भीषण सड़क हादसे में 14 लोगों की जान गई है और 30 लोग घायल हुए हैं। शेख खलीफा बिन जायद स्ट्रीट पर एक ट्रक के कई वाहनों से टकराने के चलते ये हादसा हुआ। UAE के गृह मंत्रालय ने बताया कि टक्कर के बाद कई वाहनों में आग लग गई, जिससे बड़ी जनहानि हुई। मृतकों और घायलों में भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। हादसे में तीन भारतीयों की मौत की पुष्टि हुई है, तीनों केरल के एक ही परिवार से थे।
गल्फ न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार रात हुए इस हादसे के बाद अधिकारी डीएनए टेस्ट के जरिए मृतकों की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं। घायलों में संयुक्त अरब अमीरात (UAE), ओमान, भारत, पाकिस्तान, जॉर्डन, ब्राजील और मिस्र के नागरिक शामिल हैं। घायल हुए 30 लोगों में से 15 को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि बाकी 15 अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं। वहीं मृतको में तीन के भारत से होने की पुष्टि हो गई है।
हादसे में मारे गए 3 भारतीय कौन थे?
मृतकों में केरल के एक परिवार के तीन सदस्य हैं। परिवार ने गुरुवार सुबह गल्फ न्यूज को बताया कि इसी परिवार के चार सदस्य घायल हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में 21 साल के जुड़वां भाई-बहन मोहम्मद असमिल सिद्दीकी और मिसना जुबिन सिद्दीकी और उनका तीन साल का भतीजा फैज शामिल हैं। जुड़वां भाई-बहन सिद्दीकी टीके के चार बच्चों में सबसे छोटे थे। मृतक बच्चा उनकी बेटी का बेटा था।
गल्फ न्यूज के मुताबिक, सिद्दीकी टीके ने बताया कि यह हादसा फुजैराह कोर्ट हाउस के पास तब हुआ, जब परिवार के सदस्य रात करीब 11 बजे शारजाह से फुजैराह स्थित अपने घर लौट रहे थे। सिद्दीकी की पत्नी, बड़ी बेटी और उनके दो अन्य बच्चे भी घायल हुए थे लेकिन अब वे खतरे से बाहर हैं। इस हादसे पर केरल के सीएम ने दुख जताया है।
भारतीय दूतावास ने शोक व्यक्त किया
केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीसन ने केरल के एक परिवार के तीन सदस्यों की मौत पर दुख जताया है। एक्स पर अपनी पोस्ट में सतीसन ने कहा कि इस हादसे से उन्हें गहरा दुख हुआ है। उन्होंने लिखा, 'मृतक- मुहम्मद असमिल, उनकी जुड़वां बहन मिसना जुबिन और मुहम्मद फायि- मलप्पुरम के वेंगाारा के रहने वाले थे। इस अकल्पनीय दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार और उनके प्रियजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।
हादसे के बाद दुबई में भारतीय वाणिज्य दूतावास ने X पर पोस्ट करके मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। वाणिज्य दूतावास (कॉन्सुलेट) ने पीड़ित परिवारों से संपर्क किया है और हर संभव मदद उपलब्ध कराने के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है। इस कठिन समय में हमारी गहरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं।

