तेहरान: ईरान ने बहरीन में अमेरिका के अर्ली-वार्निंग रडार (हमले की चेतावनी देने वाला सिस्टम) पर हमला किया है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की ओर से शुक्रवार को रडार को निशाना बनाने की बात कही गई है। IRGC ने इसे दक्षिणी ईरान में टेलीकम्युनिकेशन टावर पर हुए हवाई हमले के जवाब में किया गया एक्शन कहा है। इससे एक फिर दोनों पक्षों में तनाव बढ़ गया है और लड़ाई शुरू होने की आशंका है। अमेरिका ने इजरायल और सहयोगी खाड़ी देशों से ईरान के साथ नए संघर्ष की स्थिति के लिए तैयार रहने को कहा है।
ईरानी एजेंसी IRNA ने गुरुवार को बताया था होर्मोजगन प्रांत के सिरिक बंदरगाह शहर पर हमला किया गया था। इसके बाद शुक्रवार को ईरान की ओर से बहरीन में अमेरिकी रडार पर हमला किया गया। IRGC का कहना है कि दुश्मन लगातार हवाई उकसावे की कार्रवाई कर रहा है और होर्मुज स्ट्रेट में तेल की तस्करी कर रहा है, जिसे बंद किया जाना चाहिए।
अमेरिका की ओर से इस तरह के उल्लंघन और आक्रामक हरकतें दोबारा होती हैं तो IRGC की एयरोस्पेस फोर्स बिना किसी सीमा के जवाबी कार्रवाई करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
IRGC
सितंबर के बाद बहरीन में पहला हमला
IRGC से जुड़ी समाचार एजेंसी फार्स ने बताया है कि IRGC की एयरोस्पेस फोर्स ने रडार इंस्टॉलेशन को निशाना बनाकर नष्ट कर दिया है। बहरीन में अपने रडार सिस्टम पर हमले के मामले में अमेरिका और बहरीन की ओर से फिलहाल कोई टिप्पणी नहीं आई है। बहरीन में अमेरिकी नौसेना के पांचवें बेड़े का मुख्यालय स्थित है।
सितंबर की शुरुआत के बाद यह पहली बार है, जब ईरान ने खाड़ी देश में अमेरिकी सैन्य संपत्तियों पर हमला किया है। यह ऐसे समय हुआ है, जब इजरायल की सुरक्षा कैबिनेट ने सेना को ईरान पर हमले की तैयारी तेज करने का आदेश दिया है। ट्रंप ने भी कहा है कि चीजें समझौते तक नहीं पहुंचती हैं तो वह युद्ध की ओर लौटने के लिए तैयार हैं।
अगर अमेरिका कोई और युद्ध शुरू करता है, तो पश्चिमी एशिया से लेकर यूरोप तक, इसमें शामिल हर सैन्य अड्डे को ईरानी हमलों का वैध लक्ष्य माना जाएगा।
ईरान के सुरक्षा प्रमुख मोहसेन रेज़ाई
अमेरिका ने इजरायल को भेजा संदेश
इजरायली मीडिया चैनल कान 11 की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने इजरायल के सैन्य प्रतिनिधियों और खाड़ी देशों को सलाह दी है कि वे ईरान के साथ फिर से संघर्ष शुरू होने की संभावना के लिए तैयार रहें। इससे ये संकेत मिलता है कि अमेरिका एक बार फिर इजरायल और खाड़ी देशों की मदद से ईरान को निशाना बना सकता है।
डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को अपने एक बयान में ये भी कहा है कि अमेरिका को ईरान के साथ किसी समझौते की जरूरत नहीं है। उन्होंने युद्ध को सुलझाने के प्रयासों में अहम भूमिका निभाने वाले उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को निर्देश दिया कि वे अपना पूरा ध्यान डेमोक्रेटिक पार्ट शासित शहरों और राज्यों में हो रहे कथित अपराध और भ्रष्टाचार पर केंद्रित करें।
ईरान पर आर्थिक दबाव
इस बीच अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है कि ईरान पर डाला जा रहा आर्थिक दबाव काफी असरदार है, इसलिए बड़े पैमाने पर सैन्य अभियानों को फिर से शुरू करने की कोई जरूरत नहीं है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने भी कहा है कि उसकी सेनाएं लगातार ईरानी बंदरगाहों पर नौसैनिक नाकेबंदी सख्ती से लागू कर रही हैं। ऐसे में फिलहाल चीजें काफी उलझी नजर आ रही हैं।

