भोपाल। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के भव्य एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए बिहार सांस्कृतिक परिषद द्वारा सरस्वती देवी मंदिर छठ घाट, बरखेड़ा, भोपाल में व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। लगातार चलाए गए स्वच्छता अभियान के बाद पांचों छठ कुंड तैयार कर लिए गए हैं। शनिवार को कुंडों में नर्मदा जल भरने की व्यवस्था की जाएगी।
परिषद के संयोजक एवं आयोजन समिति के अध्यक्ष श्री सतेन्द्र कुमार ने बताया कि छठव्रतियों ने नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय कठिन व्रत का शुभारंभ कर दिया है। शनिवार को दूसरे दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखकर संध्याकाल में सात्विक खीर (रसिया), हाथ से बनी रोटी, चावल का पीठा, गाय का दूध एवं चना दाल आदि से खरना का प्रसाद तैयार करेंगे। इसके बाद छठी मैया की आराधना एवं भगवान भास्कर की उपासना कर प्रसाद अर्पित करेंगे।
खरना के दिन छठी मैया का आगमन माना जाता है तथा इसी दिन संध्याकाल से 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत प्रारंभ होता है। व्रतियों की सुविधा के लिए सरस्वती मंदिर छठ घाट पर प्राचीन कुएं से पानी की व्यवस्था कर स्नान की विशेष सुविधा एवं चेंजिंग रूम बनाए गए हैं।
महापर्व छठ पूजा के सुव्यवस्थित आयोजन के लिए व्रतियों को बैठने, पूजा की वेदी बनाने, डलिया एवं सूप रखने तथा पूजा-अर्चना करने हेतु पर्याप्त स्थान उपलब्ध कराया जा रहा है।
छठ पूजा की समस्त तैयारियां मध्यप्रदेश शासन की मंत्री एवं परिषद की संरक्षक श्रीमती कृष्णा गौर, नगर निगम महापौर श्रीमती मालती राय तथा जिला अध्यक्ष श्री रविन्द्र यति के मार्गदर्शन एवं निर्देशानुसार की जा रही हैं। स्वच्छता अभियान एवं आयोजन की तैयारियों में सूर्य कुमार सिंह, संजीव कुमार, संजय साह, रामनंदन सिंह, एस.के. चौधरी, अरुण सिंह, राकेश सिंह, कमलेश सिंह, राजकुमार प्रसाद, कृष्ण कुमार, अक्षय कुमार, विकास कुमार, दिनेश सिंह, आयुष चौधरी, शुभम पाठक सहित परिषद के अनेक कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।
छठ महापर्व का चार दिवसीय कार्यक्रम
महापर्व छठ का चार दिवसीय कार्यक्रम निम्नानुसार रहेगा—
- 14 नवंबर, शनिवार: दूसरे दिन खरना (लोहंडा)।
- 15 नवंबर, रविवार: तीसरे दिन सायंकाल अस्ताचलगामी सूर्य भगवान को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा।
- 16 नवंबर, सोमवार: चौथे दिन प्रातःकाल उदयाचलगामी सूर्य भगवान को अर्घ्य अर्पित कर व्रती विधिवत पारण करेंगे।
आकर्षक विद्युत सजावट एवं विशेष सुविधाओं से सुसज्जित होगा छठ घाट
बिहार सांस्कृतिक परिषद द्वारा सरस्वती मंदिर छठ घाट के सभी पांचों पूजा कुंडों को आकर्षक सजावट, रंग-बिरंगी विद्युत रोशनी एवं छठी मैया की मनमोहक प्रतिमाओं से सुसज्जित किया जाएगा। व्रती महिलाओं की सुविधा एवं निजता को ध्यान में रखते हुए विशेष स्नानागार, प्राचीन कुएं के पवित्र जल से स्नान की व्यवस्था तथा चेंजिंग रूम की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
स्वच्छता, सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष ध्यान
स्वच्छता एवं सुरक्षा के लिए अलग-अलग समितियों का गठन किया गया है। इसके अतिरिक्त चिकित्सा सहायता, पेयजल तथा सुरक्षित प्रवेश एवं निकास की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि सभी व्रती एवं श्रद्धालु पूर्ण श्रद्धा, संयम एवं पवित्रता के साथ महापर्व मना सकें।
पारण के अवसर पर परिषद के कार्यकर्ताओं द्वारा व्रतियों के लिए गाय का कच्चा दूध, गर्म दूध, चाय एवं कॉफी की विशेष व्यवस्था भी की जाएगी।
भक्तिमय सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गूंजेगा छठ घाट
आयोजन के दौरान छठी मैया के जयघोष, पारंपरिक लोकगीत, पद्य गायन एवं भजन संध्या से पूरा छठ घाट भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहेगा।
सांस्कृतिक कार्यक्रम 15 नवंबर को सायं 4 बजे से रात्रि 8 बजे तक तथा 16 नवंबर को प्रातः 5 बजे से 8 बजे तक आयोजित किए जाएंगे।
बिहार एवं पूर्वांचल की समृद्ध लोक संस्कृति को जीवंत करने के उद्देश्य से पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुति भोजपुरी साहित्य अकादमी, मध्यप्रदेश शासन के सहयोग से पटना की लोकप्रिय गायिका श्रीमती रीना कुमारी एवं उनके म्यूजिकल ग्रुप द्वारा दी जाएगी।
इसके साथ ही बिहार सांस्कृतिक परिषद की पहल पर स्थानीय कलाकारों द्वारा महापर्व छठ की कथा, पारंपरिक गीत एवं पूजा-विधान की प्रस्तुति भी दी जाएगी। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी में धार्मिक एवं सांस्कृतिक जागरूकता का संचार करना है।
यह आयोजन केवल धार्मिक आस्था का पर्व ही नहीं, बल्कि सामाजिक समावेशिता, सांस्कृतिक सौहार्द एवं आपसी सद्भावना का भी प्रतीक है। परिषद द्वारा समस्त श्रद्धालुओं, व्रतियों एवं नागरिकों से इस पावन आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की विनम्र अपील की गई है।
प्रकृति, पर्यावरण एवं स्वच्छता का संदेश देता है छठ महापर्व
आयोजन समिति के अध्यक्ष श्री सतेन्द्र कुमार ने बताया कि छठ महापर्व बिहार की सांस्कृतिक आत्मा एवं भारतीय लोक परंपरा की सर्वश्रेष्ठ अभिव्यक्ति है। यह पर्व आज सभी वर्गों एवं समुदायों को आपस में जोड़ने वाला लोक आस्था का महापर्व बन चुका है।
छठ महापर्व प्रकृति प्रदत्त संसाधनों एवं वस्तुओं पर आधारित होने के कारण प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता का महत्वपूर्ण संदेश देता है। यह पर्व हमें प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित करने तथा सामाजिक एकता एवं समरसता को मजबूत बनाने की प्रेरणा देता है।

