सीधी: मध्य प्रदेश के सीधी जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हॉस्टल सुपरिटेंडेंट रामदरश को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पतुलखी छात्रावास में पदस्थ एक कर्मचारी के नियमितीकरण के नाम पर 50 हजार रुपए की रिश्वत मांगने का आरोप है।
ईओडब्ल्यू में लिखित शिकायत
जानकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता सुरेश प्रसाद द्विवेदी ने इस संबंध में EOW में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत का सत्यापन करने के बाद EOW की टीम ने जाल बिछाया और सीधी स्थित हाउसिंग बोर्ड कार्यालय में अधीक्षक को कथित तौर पर रिश्वत की रकम लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
16 सदस्यीय टीम ने दी दबिश
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रभा किरण कुर्रे के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में EOW की 16 सदस्यीय टीम शामिल रही। गिरफ्तारी के बाद टीम द्वारा जमोड़ी थाना के समीप स्थित रेस्ट हाउस में आगे की कार्रवाई की जा रही है। आरोपी रामदरश पतुलखी हॉस्टल में पदस्थ हैं। वहां पदस्थ एक कर्मचारी से नियमतिकरण के नाम पर रिश्वत मांगी थी।
दो अलग-अलग कार्रवाई हुई
सीधी जिले में आज भ्रष्टाचार के खिलाफ दो अलग-अलग कार्रवाइयां सामने आई हैं। एक ओर लोकायुक्त की कार्रवाई हुई, वहीं दूसरी ओर EOW ने रिश्वतखोरी के मामले में छात्रावास अधीक्षक को गिरफ्तार किया है।
गौरतलब है कि लगातार हो रही इन कार्रवाइयों के बावजूद सरकारी तंत्र में रिश्वतखोरी की शिकायतें सामने आना प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। अब देखना होगा कि जांच में इस मामले से जुड़े और कौन-कौन से तथ्य सामने आते हैं।

