वेलिंगटन: भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला टेस्ट मैच बेसिन रिजर्व में खेला जा रहा है। चौथे दिन भारतीय बल्लेबाजों का जलवा रहा और टीम ने 9 विकेट खोकर 720 रन बनाने के बाद अपनी पहली पारी घोषित कर दी। न्यूजीलैंड के गेंदबाज जैकब डफी का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा। जैकब डफी की भारतीय बल्लेबाजों ने जमकर धुनाई की। उन्होंने अपने 33 ओवर के स्पेल में सिर्फ एक विकेट लेकर 201 रन खर्च किए।
जैकब डफी की इकोनॉमी 6 से ऊपर की रही

जैकब डफी ने इससे पहले खेले 4 टेस्ट में 25 विकेट लिए थे। उनकी इकोनॉमी 3 से भी कम की थी। लेकिन अब टेस्ट की एक पारी में 200 से ज्यादा रन देने वाले गेंदबाजों में सबसे खराब इकोनॉमी के मामले में डफी दूसरे नंबर पर आ गए हैं। उन्होंने 6.09 की इकोनॉमी से रन दिए। उनसे पहले पाकिस्तान के गेंदबाज जाहिद महमूद ने 2022 में रावलपिंडी में इंग्लैंड के खिलाफ 33 ओवरों में 235 रन दिए थे।

टेस्ट पारी में 200 से ज्यादा रन देने के बाद सबसे खराब इकोनॉमी
न्यूजीलैंड के लिए दूसरा सबसे महंगे स्पेल

जैकब डफी न्यूजीलैंड के सिर्फ तीसरे गेंदबाज हैं, जिन्होंने टेस्ट की पारी में 200 से ज्यादा रन दिए हैं। 1989 में स्टीफन बुक ने पाकिस्तान के खिलाफ 229 रन दिए थे। वहीं डेनियल विटोरी ने 1999 में भारत के खिलाफ 200 रन खर्च किए थे। यानी डफी न्यूजीलैंड के लिए एक पारी में सबसे ज्यादा रन देने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर आ चुके हैं।
न्यूजीलैंड के लिए टेस्ट पारी में सबसे ज्यादा रन देने वाले गेंदबाज

1/229 - स्टीफन बुक vs पाकिस्तान, ऑकलैंड, 1989
1/201 - जैकब डफी vs भारत, वेलिंगटन, 2026
4/200 - डेनियल विटोरी vs भारत, अहमदाबाद, 1999
0/181 - मैथ्यू हार्ट vs वेस्टइंडीज, वेलिंगटन, 1995
0/179 - मर्फी सुआ vs वेस्टइंडीज, वेलिंगटन, 1995

  • टेस्ट इतिहास में जैकब डफी सिर्फ छठे तेज गेंदबाज हैं, जिन्होंने 200 से ज्यादा रन दिए हैं। अभी तक पाकिस्तान के खान मोहम्मद और फजल महमूद के अलावा भारत के कपिल देव, इंग्लैंड के इयान बॉथम और ऑस्ट्रेलिया के ब्रेट ली ने ही 200 से ज्यादा रन दिए थे।

भारत के लिए ऋषभ पंत ने शतक ठोका

चौथे दिन भारतीय टीम के बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए ऋषभ पंत ने शतकीय पारी खेली। उन्होंने 153 गेंदों का सामना करते हुए 128 रन बनाए। ध्रुव जुरेल ने 79 गेंदों में 78 रन बनाए। अंशुल कंबोज ने 38 रनों का योगदान दिया, जबकि वॉशिंगटन सुंदर ने 24 रन बनाए। 720 रन भारतीय टीम का टेस्ट क्रिकेट में तीसरा सबसे बड़ा टोटल है। पहली पारी में भारत को 352 रनों की बढ़त मिली। चौथे दिन का खेल खत्म होने तक न्यूजीलैंड ने दूसरी पारी में 2 विकेट खोकर 119 रन बना लिए हैं। टीम अभी भी भारत से 233 रन पीछे है।