सागर: मध्य प्रदेश के सागर शहर के एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती 16 वर्षीय नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। नाबालिग की शिकायत पर पुलिस ने अस्पताल के वार्ड बॉय राजा बंसल के खिलाफ छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की है। मामले से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसी बीच अस्पताल परिसर में विरोध-प्रदर्शन के दौरान शराब की पेटियों से भरी एक बोलेरो गाड़ी भी पुलिस ने जब्त की है।
सड़क हादसे में घायल होने के बाद 20 नवंबर को हुई थी भर्ती
नाबालिग ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि दो दिन पहले वह अपने माता-पिता और भाई के साथ पचमढ़ी से सागर आ रही थी। रास्ते में बरोदा के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें उसे चोटें आईं। इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए सागर के बरगद अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने 20 नवंबर को उसे भर्ती कर ICU थर्ड में रखा।
तड़के 4:15 बजे की घटना, CCTV फुटेज आया सामने
शिकायत के मुताबिक, 21 नवंबर की सुबह करीब 4:15 बजे जब नाबालिग बेड पर सो रही थी, तभी वार्ड बॉय राजा बंसल वहां पहुंचा और उसे गलत तरीके से छुआ। आरोप है कि आरोपी ने नाबालिग से बात करने की इच्छा जताते हुए उसका फोन नंबर मांगा और मना करने पर दोबारा गलत तरीके से स्पर्श किया। डर के कारण नाबालिग उस समय चुप रही, लेकिन बाद में अस्पताल पहुंची अपनी बुआ की बेटी को पूरी घटना बताई। मामले के सामने आए सीसीटीवी फुटेज में जैकेट पहने एक व्यक्ति नाबालिग के बेड के पास खड़ा होकर झुकता और कंबल के ऊपर व नाबालिग के हाथ तथा शरीर के ऊपरी हिस्से के पास हाथ रखता दिखाई दे रहा है।
हंगामे के बीच पहुंची शराब से भरी बोलेरो मिली
घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों और अन्य लोगों ने अस्पताल में विरोध जताते हुए कार्रवाई की मांग की। हंगामे के दौरान अचानक शराब की पेटियों से लदी एक बोलेरो अस्पताल परिसर में पहुंची, लेकिन वहां भीड़ देखकर वाहन में सवार लोग गाड़ी छोड़कर भाग निकले। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बोलेरो तथा उसमें रखी शराब को जब्त कर लिया। पुलिस ने नाबालिग और उसके परिजनों के बयान दर्ज कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

