करण जौहर अपने चैट शो 'कॉफी विद करण' का आख‍िरी और 9वां सीजन होस्‍ट कर रहे हैं। इसके अगले एपिसोड में अक्षय कुमार और रवि किशन मेहमान बनकर आ रहे हैं। लेकिन इस बीच यह शो गलत कारणों से सोशल मीडिया पर बहस का हिस्‍सा बना हुआ है। आरोप लग रहे हैं कि यह शो 'स्‍क्र‍िप्‍टेड' है! जी हां, इस बहस की शुरुआत 'रेडिट' पर हुई है, जहां बीते छठे एपिसोड में मेहमान बनकर आईं शनाया कपूर की एक फोटो वायरल है। इसमें शनाया के वैनिटी टेबल पर लोगों को कुछ ऐसा दिखा है, जिसके बाद गुस्‍सा, नाराजगी और दर्शकों को ठगने जैसे आरोपों की झड़ी लग गई है।
शनाया कपूर अपनी हालिया रिलीज वेब सीरीज 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क' की चर्चाओं के बीच अनन्‍या पांडे और अनन्‍या बिरला संग 'कॉफी विद करण सीजन 9' में पहुंची थीं। अब शनाया की एक तस्‍वीर सामने आई है, जो उनके वैनिटी की है। वह मेकअप करवा रही हैं और वहीं टेबल पर एक कागज दिख रहा है, जिस पर 'रैपिड फायर: शनाया कपूर' लिखा है। अब इसी तस्वीर ने इंटरनेट पर बहस छेड़ दी है कि क्या 'कॉफी विद करण' शो पहले से स्क्रिप्टेड होता है।

वायरल हो रही तस्‍वीर में कागज पर लिखा है- 'रैपिड फायर: शनाया कपूर'

'रेडिट' पर सबसे पहले सामने आई इस तस्वीर को देख दर्शक सवाल उठा रहे हैं। 'कॉफी विद करण' में शनाया कपूर बीते दिनों पहली बार पहुंची थीं। शनाया की जो तस्‍वीर सामने आई है, उसमें बड़े-बड़े अक्षरों में 'रैपिड फायर: शनाया कपूर' लिखा है। नीचे बहुत ही महीन अक्षरों में काफी कुछ लिखा हुआ, जिसको लेकर संभावना जाहिर की जा रही है कि ये उस राउंड के लिए तैयार किए गए सवाल हों।
लोग उठा रहे सवाल- क्‍या इतने साल से सब धोखा था?

अब लोग पूछ रहे हैं कि इतने साल से जिस 'रैपिड फायर' राउंड को वो असल मान रहे थे, सोचते थे कि सेलेब्‍स के झट से आने वाले जवाब (स्पॉन्टेनियस) और खुलासे मजेदार हैं, क्‍या वह सब स्‍क्र‍िप्‍ट का हिस्‍सा होते हैं? कुछ यूजर्स ने हालांकि, इसका बचाव भी किया है। समझाया है कि हो सकता है मेहमानों को कुछ पॉइंर्ट्स दिए जाते हों, जिन पर बात करनी है। लेकिन अध‍िकतर इससे अलग राय रख रहे हैं।

यूजर बोले- तो क्‍या रश्‍म‍िका और विजय वाला भी ऐसा ही था?

एक यूजर ने लिखा है, 'साफ दिख रहा है कि सवाल पहले ही बता दिए जाते हैं। यह धोखा नहीं तो और क्‍या है?' एक अन्‍य ने लिखा है, 'बताओ, इतने साल से हमें लगता था कि कम से कम ये शो असल है। लेकिन यहां भी वही चीटिंग हुई है।' एक तीसरे ने तो इसी सीजन में लाइमलाइट बटोरने वाले क‍िस्‍सों का जिक्र किया है। लिखा है, 'तो क्‍या रश्‍म‍िका मंदाना और विजय देवरकोंडा को पहले से सवाल पता थे, और विजय ने जो जवाब दिया, वह भी पहले से ही तय था। फिर ट्रोलिंग पर इतना शोर क्‍यों मचाया।'

कुछ यूजर्स का तर्क- ये स्‍क्र‍िप्‍ट नहीं, पॉइंर्ट्स हो सकते हैं

दूसरी ओर, कई यूजर्स इससे अलग राय रखते हैं। इनका तर्क है कि ऐसा कोई भी शो हमेशा 'स्क्रिप्टेड' होना नहीं होता। बल्‍क‍ि इसमें आने वाले मेहमानों को बस बातचीत की दिशा और शो के सेगमेंट को लेकर पहले एक ब्रीफ दी जाती है। हो सकता है यह कागज उसी के बारे में हो।
महीन अक्षरों को पढ़ना मुश्‍क‍िल, दावों की पुष्‍ट‍ि नहीं

हालांकि, यहां यह बताना भी जरूरी है कि तस्वीर में दिख रहे कागज में नीचे क्‍या-क्‍या लिखा है, वह पढ़ने में नहीं आ रहा। ऐसे में यह पुष्‍ट‍ि करना मुश्‍क‍िल है कि वह बस नोट्स हैं या कुछ ओर। न ही होस्ट करण जौहर या शनाया कपूर ने इस बारे में कुछ कहा है।