पंजाब विधानसभा चुनावों की तैयारी के तहत बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने रविवार को राज्य घोषणापत्र समिति और राज्य चार्जशीट समिति का गठन किया। ढिल्लों ने वरिष्ठ नेता क्रमशः अविनाश राय खन्ना और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ को इन समितियों का अध्यक्ष नियुक्त किया है।
इन समितियों को पार्टी के चुनावी रोडमैप को तैयार करने और मौजूदा सरकार को जवाबदेह ठहराने के लिए चार्जशीट तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस साल अप्रैल में आम आदमी पार्टी के कई राज्यसभा सांसदों को बीजेपी में शामिल कराने वाले राघव चड्ढा को पंजाब बीजेपी की घोषणापत्र समिति में शामिल किया गया है। उनके साथ आप छोड़ने वाले पांच अन्य राज्यसभा सांसदों को भी पार्टी की घोषणापत्र और चार्जशीट समितियों में जगह दी गई है। पंजाब बीजेपी अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि आने वाले दिनों में और भी समितियों की घोषणा की जाएगी
किसे मिली समिति में जगह?
घोषणापत्र समिति में पूर्व सांसद अविनाश राय खन्ना के अलावा मनप्रीत सिंह बादल, अश्वनी शर्मा, मनोरंजन कालिया, सोम प्रकाश, राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी, अश्वनी सेखरी, सतनाम सिंह संधू, राघव चड्ढा, राजिंदर गुप्ता, पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह, परमपाल कौर और एचएस फूलका शामिल हैं।
पंजाब बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ चार्जशीट समिति की अध्यक्षता करेंगे। इसके 13 सदस्यों में इकबाल सिंह लालपुरा, विजय सांपला, श्वेत मलिक, परनीत कौर, रवनीत सिंह बिट्टू, दिनेश बब्बू, सुशील रिंकू, गेज्जा राम, विक्रमजीत सिंह साहनी, अशोक मित्तल, संदीप पाठक, एसएस चन्नी और जगमीत सिंह बराड़ शामिल हैं
आप के पंजाब के पूर्व रणनीतिकार संदीप पाठक और व्यवसायी अशोक मित्तल तथा विक्रमजीत सिंह साहनी को चार्जशीट समिति में जगह दी गई है। यह समिति पंजाब में आप सरकार के खिलाफ बीजेपी का पक्ष तैयार करने के लिए बनाई गई है।
अकाली दल से हो सकता है गठबंधन
राघव चड्ढा ने इस साल अप्रैल में बीजेपी की सदस्यता ली थी। उसी दिन संदीप पाठक और अशोक मित्तल भी बीजेपी में शामिल हुए थे जबकि बाकी नेता बाद में पार्टी में आए। चार्जशीट समिति में शामिल सुशील रिंकू भी आप छोड़कर बीजेपी में आए हैं। पंजाब में विधानसभा चुनाव 2027 की शुरुआत में होने हैं।
बीजेपी अब तक यह कहती आ रही थी कि वह सभी 117 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी, अब गठबंधन करने के लिए शिरोमणि अकाली दल के साथ बातचीत कर रही है।

