झारखंड के पलामू से सामने आए एक वीडियो ने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में नई बहस छेड़ दी है. वीडियो में विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के RJD विधायक नरेश प्रसाद सिंह एक व्यक्ति के कंधे पर बैठकर नदी पार करते दिखाई दे रहे हैं. नदी पार करने की कोशिश के दौरान अचानक संतुलन बिगड़ता है और विधायक समेत कंधे पर उठाने वाला व्यक्ति पानी में गिर पड़ता है. इसी वीडियो में विधायक का जूता उठाकर ले जाते एक अन्य व्यक्ति की तस्वीर भी दिखाई दे रही है. इस व्यक्ति को ओबीसी समाज का बताया जा रहा है. घटना के बाद अब सवाल उठ रहे हैं कि आखिर गांव तक पहुंचने के लिए विधायक को इस तरह नदी पार क्यों करनी पड़ी और वर्षों से पुल की मांग के बावजूद ग्रामीणों को राहत क्यों नहीं मिली?
धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे विधायक
मामला पलामू जिले की घासीदाग पंचायत का बताया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक, देर शाम विधायक नरेश प्रसाद सिंह एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गांव पहुंचे थे. गांव तक पहुंचने के रास्ते में धुरिया नदी पड़ती है. नदी पार करने के लिए विधायक ने खुद पानी में उतरने के बजाय एक व्यक्ति के कंधे का सहारा लिया. बताया जा रहा है कि विधायक को कंधे पर बैठाकर नदी पार कराई जा रही थी. इसी दौरान नदी के बीच में पहुंचते ही व्यक्ति का संतुलन बिगड़ गया. इसके बाद दोनों पानी में गिर पड़े. आसपास मौजूद लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल है. राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई भी गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ.

