नई दिल्ली: छठ महापर्व शुरू हो चुका है। बिहार और पूर्वांचल का यह प्रमुख त्योहार है। दिल्ली-एनसीआर समेत देश के लगभग सभी बड़े शहरों में बिहार और पूर्वांचल के लोग रहते हैं। छठ मनाने के लिए बड़ी संख्या में लोग अपने पैतृक घरों का रुख करते हैं। लेकिन इस दौरान ट्रेन और बसों में कंफर्म टिकट मिलना काफी मुश्किल होता है। वहीं हवाई किराया भी आसमान पर पहुंच जाता है। ऐसे में कई लोग टैक्सी किराये पर लेकर अपने घर पहुंच रहे हैं।
किराए पर टैक्सी लेकर बिहार पहुंचना 3-4 सदस्यों वाले परिवार या दोस्तों को हवाई किराये के मुकाबले काफी सस्ता पड़ रहा है। हालांकि सफर जरूर कुछ लंबा हो रहा है, लेकिन बेहतर सड़क संपर्क के कारण सफर अपेक्षाकृत सुविधाजनक हो रहा है। इसके अलावा काफी लोग शेयरिंग कैब का भी इस्तेमाल करके बिहार या पूर्वांचल पहुंच गए हैं या पहुंच रहे हैं।
25 हजार रुपये में पहुंचे पटना
पटना के रहने वाले अमित झा अपने परिवार समेत नोएडा में रहते हैं। वह यहां एक कंपनी में जॉब करते हैं। परिवार में उनकी पत्नी और दो बच्चे हैं। बच्चों की उम्र 16 और 18 साल है। छठ पर जाने के लिए वह कई दिनों से ट्रेन में टिकट तलाश रहे थे, लेकिन वेटिंग बहुत लंबी थी। ऐसे में उन्होंने टैक्सी से पटना जाने का प्लान बनाया।
उन्होंने एक टैक्सी वाले से बात की। सौदा 25 हजार रुपये में तय हुआ। वह सुबह 5 बजे परिवार समेत नोएडा से निकले और शाम को 7 बजे तक पटना स्थित अपने घर पहुंच गए। इस दौरान वह रास्ते में रुकते हुए और खाते-पीते हुए आराम से अपने घर गए।
हवाई टिकट कितने महंगे?
छठ महापर्व के मौके पर बिहार जाने वाली उड़ानों का किराया आसमान पर है। अगर कोई शख्स आज यानी शुक्रवार को ही बिहार पहुंचना चाहता है तो सुबह 11 बजे मेक माय ट्रिप के अनुसार दिल्ली से बिहार के प्रमुख शहरों का किराया इस प्रकार था:
दिल्ली से पटना
एयर इंडिया एक्सप्रेस: 16,209 से 17,153 रुपये
इंडिगो: 19,045 से 20,023 रुपये
एयर इंडिया: 20,336 से 29,531 रुपये
दिल्ली से दरभंगा
दिल्ली से दरभंगा के लिए शुक्रवार को कोई फ्लाइट मौजूद नहीं है। इंडिगो की वेबसाइट के मुताबिक शुक्रवार के लिए फ्लाइट की सभी टिकट बिक चुकी हैं।
दिल्ली से पूर्णिया
दिल्ली से पूर्णिया जाने के लिए शुक्रवार को कोई फ्लाइट मौजूद नहीं है।
दिल्ली से गया
दिल्ली से गया के बीच शुक्रवार को सिर्फ एयर इंडिया की फ्लाइट है। मेक माय ट्रिप पर इसका किराया 12,344 रुपये है।

