चांदी की कीमत में लगातार गिरावट आ रही है। एमसीएक्स पर सोमवार को बाजार खुलने के कुछ ही देर बाद दिसंबर डिलीवरी की चांदी प्रति किलोग्राम 1.70 लाख रुपये से नीचे आ गई। ऐसे में इसमें शुरुआती कारोबार में ही 3 फीसदी से ज्यादा गिरावट देखने को मिली। इंटरनेशनल मार्केट में भी चांदी में बड़ी गिरावट आई है। सोमवार को ग्लोबेक्स बाजार खुलते ही चांदी करीब 3.5% गिरकर 47.48 डॉलर प्रति औंस पर आ गई। इस साल इसकी कीमत 60% से ज्यादा टूट चुकी है। यह साल 2008 के बाद चांदी के लिए सबसे खराब साल साबित हो सकता है।
कितना हुआ चांदी का भाव?
एमसीएक्स पर शुक्रवार को चांदी की कीमत प्रति किलो 1,76,309 रुपये पर बंद हुई थी। सोमवार को चांदी का भाव बड़ी गिरावट के साथ 1,72,400 रुपये पर खुला। शुरुआती दो घंटे में ही इसमें बड़ा बदलाव देखने को मिला और इसकी कीमत 1,69,557 रुपये तक गिर गई। ऐसे में इसमें 3.83 फीसदी तक की गिरावट आ गई। सोमवार सुबह 11 बजे इसका भाव प्रति किलो करीब 1,70,720 रुपये पर था।
एक महीने में बड़ी गिरावट
चांदी की कीमत एक महीने में औंधे मुंह गिर गई है। एक महीने पहले चांदी की कीमत करीब 2.23 लाख रुपये प्रति किलो थी। आज सोमवार को यह करीब 1.69 लाख रुपये तक गिर गई। ऐसे में पिछले एक महीने में चांदी की कीमत में करीब 25 फीसदी की गिरावट आई है। जिन निवेशकों ने एक महीने पहले चांदी में निवेश किया था, उन्हें अब तक बड़ा नुकसान हो चुका है।
आधी से ज्यादा गिर गई कीमत
चांदी की कीमत अपने ऑल टाइम हाई के मुकाबले आधे से ज्यादा गिर गई है। जनवरी 2026 के आखिर में चांदी का भाव 4.20 लाख रुपये प्रति किलो पहुंच गया था। इसके बाद इसकी कीमत धड़ाम हो गई। बीच-बीच में कुछ तेजी जरूर आई, लेकिन अपने ऑल टाइम हाई को नहीं छू पाई। अब चांदी की कीमत 1.69 लाख रुपये तक गिर गई चुकी है। ऐसे में इसमें ऑल टाइम हाई के मुकाबले करीब 60 फीसदी यानी आधे से ज्यादा की गिरावट आ गई है।
चांदी में गिरावट के 5 बड़े कारण
अमेरिका में उम्मीद से ज्यादा महंगाई बढ़ गई है। ऐसे में फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों में कटौती की संभावना कमजोर हुई है। अगर ब्याज दरें ऊंची बनी रहती हैं, तो निवेशकों के लिए बैंक और बॉन्ड जैसे विकल्प ज्यादा आकर्षक हो जाते हैं। ऐसे में सोने की मांग और कीमतों पर दबाव पड़ सकता है।
अमेरिकी डॉलर मजबूत हुआ है। इसके मजबूत होने से सोना और चांदी दूसरे देशों के निवेशकों के लिए महंगे हो जाते हैं। इससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने और चांदी की मांग घट सकती है। इसका असर इनकी कीमतों पर भी पड़ता है।
अमेरिकी बॉन्ड से ज्यादा रिटर्न मिल रहा है। दरअसल, अमेरिकी सरकारी बॉन्ड में निवेश करने पर ब्याज के रूप में कमाई होती है। जब बॉन्ड से मिलने वाला रिटर्न बढ़ता है, तो निवेशक सोने-चांदी के बजाय बॉन्ड में पैसा लगाना पसंद कर सकते हैं।
इंडस्ट्री में भी चांदी की मांग कम हुई है। इस साल सिल्वर की मांग में करीब 3 फीसदी की गिरावट आई है। इसका बड़ा कारण चीन में सोलर पैनल इंडस्ट्री का धीमा होना है।
ग्लोबल इलेक्ट्रिक व्हीकल (ईवी) प्रोडक्शन में चीन की हिस्सेदारी करीब 70 फीसदी है। ईवी में लगने वाली बैटरियों में सिल्वर का काफी इस्तेमाल होता है। चीन की ईवी इंडस्ट्री इस समय बुरे दौर से गुजर रही है। ऐसे में सिल्वर की डिमांड कम हुई है। इस कारण भी चांदी की कीमत गिरी है।
क्या आगे बढ़ेगी चांदी की कीमत?
निवेशकों की चिंता अब इस बात को लेकर है कि चांदी की कीमत में तेजी आएगी या अभी दाम और गिरेंगे। जानकारों के मुताबिक चांदी की कीमतों में छोटी अवधि में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। चूंकि दुनिया में सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में चांदी की कीमत में बढ़ोतरी की उम्मीद कर सकते हैं। एलकेपी सिक्योरिटीज के कमोडिटी और करेंसी रिसर्च के वाइस प्रेसिडेंट और एनालिस्ट जतिन त्रिवेदी के मुताबिक, घरेलू बाजार में सोने-चांदी की कीमतों पर रुपये की चाल और अंतरराष्ट्रीय बाजार के रुझानों का भी असर पड़ेगा।

