नई दिल्ली: हमारे देश में इनकम टैक्स भरने के नियम हैं। इसके लिए आयकर की धाराएं होती हैं। उम्र के हिसाब से टैक्स और टैक्स रिटर्न को लेकर कई सारे सवाल आते हैं। यह युवाओं, अभी-अभी नौकरी शुरू किए लोगों, रिटायर लोग समेत अन्य के लिए होते हैं।
इस बीच एक ऐसा ही सवाल सामने आया है। हमारे सहयोगी ईटी वेल्थ की एक रिपोर्ट के अनुसार, एक व्यक्ति जिनकी उम्र 80 साल के पार हो चुकी है और अभी भी वे आईटीआर (इनकम टैक्स रिटर्न) फाइल करते हैं। उनकी इनकम का स्रोत उनकी पेंशन है। अब उनका सवाल यह है कि क्या उन्हें आईटीआर फाइल करना जरूरी है? आइए इसके बारे में एक्सपर्ट से जानते हैं। शुरुआत हम संबंधित व्यक्ति के सवाल से करेंगे।
क्या केवल पेंशन पर आईटीआर दाखिल करना जरूरी है?
हमारे सहयोगी ईटी वेल्थ की रिपोर्ट के अनुसार, ओम दत्त चावला, जिनकी उम्र 80 साल से ऊपर है। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से रिटायर एक कर्मचारी हैं। उन्होंने एक्सपर्ट से सवाल किया, "मैं दिल्ली विश्वविद्यालय का एक सेवानिवृत्त (रिटायर) कर्मचारी हूं और मेरी उम्र 80 वर्ष से अधिक है। मैं नियमित रूप से अपना आयकर रिटर्न दाखिल करता रहा हूं। यदि मेरी आय का एकमात्र स्रोत मेरी पेंशन है, तो क्या मेरे लिए रिटर्न दाखिल करना जारी रखना अनिवार्य है?"
ओम के इस सवाल पर एक्सपर्ट और एकेएम ग्लोबल के मैनेजिंग पार्टनर अमित महेश्वरी ने अपना खास जवाब दिया है।
कुछ वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष छूट- एक्सपर्ट
अमित महेश्वरी कहते हैं कि आयकर अधिनियम, 2025 की धारा 263 के तहत, यदि किसी व्यक्ति की कुल आय निर्धारित बुनियादी छूट सीमा से अधिक हो जाती है, तो उसे आमतौर पर आयकर रिटर्न दाखिल करना होता है। यह अधिनियम में बताई गई कुछ शर्तों और अपवादों के अधीन है।
उन्होंने आगे कहा, "इसी तरह, पेंशनभोगियों सहित करदाताओं को, यदि वे रिटर्न दाखिल करने की कानूनी शर्तों को पूरा करते हैं, तो आमतौर पर अपना आयकर रिटर्न दाखिल करना जारी रखना होता है।"
हालांकि, कुछ वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक विशेष छूट दी गई है। धारा 263(8)(b) के अनुसार, एक विशिष्ट वरिष्ठ नागरिक—जो 75 वर्ष या उससे अधिक आयु का हो, भारत का निवासी हो, और जिसकी आय केवल पेंशन एवं उसी विशिष्ट बैंक खाते (जिसमें पेंशन आती है) से मिलने वाले ब्याज से होती हो—उसे आयकर रिटर्न दाखिल करने से छूट मिल सकती है।
अमित महेश्वरी, मैनेजिंग पार्टनर- एकेएम ग्लोबल
क्यों भरना होता है फॉर्म संख्या 125?
एक्सपर्ट अमित महेश्वरी ने बताया कि इस लाभ को पाने के लिए, वरिष्ठ नागरिक को संबंधित बैंक में फॉर्म संख्या 125 (पहले का फॉर्म 128BA) जमा करना होगा। फॉर्म मिलने के बाद, बैंक की जिम्मेदारी होगी कि वह व्यक्ति की कर योग्य आय (taxable income) की गणना करे। इसमें कानून के तहत मिलने वाली छूट और कटौती (deductions and rebates) को ध्यान में रखा जाएगा और धारा 393 के तहत लागू टैक्स काटा जाएगा।
उन्होंने आगे कहा, "इसलिए, अगर आपकी आय में केवल पेंशन और उसी बैंक से मिलने वाला ब्याज शामिल है जहां आपकी पेंशन आती है और आपने उस बैंक में फॉर्म नंबर 125 जमा कर दिया है, तो आपको उस टैक्स वर्ष के लिए इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) दाखिल करने की जरूरत नहीं पड़ सकती है।"

