'एवेंजर्स: डूम्सडे' की रिलीज में अब सिर्फ 23 दिन बचे हैं। दुनिया के बाकी देशों में जहां मार्वल स्टूडियोज की अब तक की यह सबसे बड़ी फिल्म 18 दिसंबर को दस्तक देगी, वहीं भारत में एक दिन पहले 17 दिसंबर 2026 को ही रिलीज हो जाएगी। भारतीय दर्शकों में फिल्म को लेकर क्रेज देखने लायक है, क्योंकि रिलीज से 23 दिन पहले ही इसके लिए 8.25 लाख से अधिक टिकटों की एडवांस बुकिंग हो चुकी है। इस बीच फिल्म की रनटाइम को लेकर खुलासा हुआ है। यही नहीं, नई जानकारी यह भी है कि 'द मावर्ल्स' फेम हेली स्टेनफेल्ड इस फिल्म में केट बिशप के रोल में वापसी कर रही हैं।
'Avengers: Doomsday' को लेकर फैंस की दीवानगी का सबसे बड़ा कारण MCU में रॉबर्ट डाउनी जूनियर की वापसी है। फ्रेंचाइज के सबसे पॉपुलर सुपरहीरो 'आयरन मैन' का किरदार निभाने के बाद वह अब सबसे बड़े विलेन डॉक्टर डूम बनकर पर्दे पर आ रहे हैं। इसके साथ ही 7 साल बाद डायरेक्टर जोड़ी जो और एंथनी रूसो भी अपनी पहली MCU फिल्म के साथ लौट रहे हैं। मल्टीवर्स को तबाही से बचाने के लिए इस फिल्म में मार्वल की अलग-अलग फ्रेंचाइज के सभी सुपरहीरोज जमा हो रहे हैं।
'एवेंजर्स: डूम्सडे' का रनटाइम
MCU के इस फिल्म में इतने सुपरहीरोज हैं कि इसके रनटाइम (अवधि) को लेकर काफी समय से लोगों में दिलचस्पी है। आमतौर पर 'एवेंजर्स' फिल्में काफी लंबी होती हैं। अब इसके निर्देशकों में से एक ने इसके रनटाइम के बारे में हिंट दिया है। जो रूसो ने बताया कि फिल्म का रनटाइम 2 घंटे 30 मिनट का होगा। 'कतर फिल्म कमिटी' के दूसरे 'दोहा इंडस्ट्री डेज' में बोलते हुए, उन्होंने फिल्म की मार्केटिंग पर चर्चा की और बताया कि इस फिल्म के साथ दर्शक लगभग 'ढाई घंटे का समय' बिताएंगे।
'एवेंजर्स' फ्रेंचाइज की दूसरी सबसे लंबी फिल्म होगी 'डूम्सडे'
इस रनटाइम के साथ ही 'डूम्सडे' एवेंजर्स फ्रेंचाइजी की दूसरी सबसे लंबी फिल्म, जबकि MCU की चौथी सबसे लंबी फिल्म बन जाएगी। यह 2019 की फिल्म 'एवेंजर्स: एंडगेम' से 31 मिनट छोटी होगी। वह फिल्म 3 घंटे 1 मिनट की अवधि के साथ सिनेमाघरों में आई थी, जो MCU के इतिहास की अब तक की सबसे लंबी फिल्म है। MCU के इतिहास में 'एंडगेम' के बाद 'ब्लैक पैंथर: वाकांडा फॉरएवर' का नाम आता है, जो 2 घंटे 41 मिनट लंबी थी और 'इटर्नल्स' का रनटाइम 2 घंटे 37 मिनट है।
'एवेंजर्स: डूम्सडे' की एडवांस बुकिंग
सोमवार, 23 नवंबर को छोड़ दें तो 'एवेंजर्स: डूम्सडे' की भारत में रिलीज में अब 23 दिन बचे हैं और इसने दोपहर 3:00 PM बजे तक पूरे भारत में 8.25 लाख टिकटों की एडवांस बुकिंग कर ली है। ब्लॉक सीटों को हटा भी दें तो 17 दिसंबर से 20 दिसंबर तक के लिए 7.04 लाख टिकटें बिक चुकी हैं। ब्लॉक सीटों सहित भारत में फिल्म में अब तक प्री-सेल्स से ही ₹52.21 करोड़ की ग्रॉस कमाई कर ली है। सोमवार को ही सुबह छह बजे से तीन बजे तक ₹2.50 करोड़ की बुकिंग हुई है। अंग्रेजी वर्जन की मांग जहां सबसे ज्यादा है, वहीं इसके बाद हिंदी और तमिल वर्जन का नंबर आता है।
भारत में सबसे अधिक महाराष्ट्र, फिर दिल्ली में हो रही बुकिंग
'एवेंजर्स: डूम्सडे' के लिए भारत में सबसे अधिक टिकट महाराष्ट्र में बिक रहे हैं। अकेले इस मास मार्केट से अब तक ₹11.91 करोड़ की एडवांस बुकिंग हुई है, जो कुल कमाई का 23% है। इसके बाद नेशनल कैपिटल रीजन यानी दिल्ली-NCR) का नंबर आता है, जहां से ₹9.04 करोड़ की प्री-सेल्स बुकिंग हुई है। कर्नाटक में ₹7.38 करोड़, तमिलनाडु में ₹4.16 करोड़ और पश्चिम बंगाल में ₹3.93 करोड़ की बुकिंग हुई है।
हेली स्टेनफेल्ड की 'एवेंजर्स: डूम्सडे' में वापसी
एक नई जानकारी हेली स्टेनफेल्ड को लेकर आई है। वह 'एवेंजर्स: डूम्सडे' में केट बिशप के रोल में वापसी करेंगी। मार्वल स्टूडियोज और डिज्नी एनीमेशन ने रविवार को इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए यह जानकारी दी है। हेली स्टेनफेल्ड इससे पहले 2021 की डिज्नी+ सीरीज 'हॉकआई' और 2023 की फिल्म 'द मार्वल्स' में बिशप के किरदार में नजर आ चुकी हैं। 'हॉकआई' में उन्होंने जेरेमी रेनर के सुपरहीरो किरदार के साथ स्क्रीन शेयर की थी, जबकि 'द मार्वल्स' में वह पोस्ट-क्रेडिट सीन में ब्री लार्सन, टेयोना पैरिस और इमान वेलानी के साथ कुछ देर के लिए दिखाई दी थीं।
वांडा मैक्सिमॉफ की वापसी कंफर्म
'एवेंजर्स: डूम्सडे' की कहानी को लेकर मेकर्स ने चुप्पी साध रखी है। साथ ही इसमें कौन-कौन से MCU किरदार नजर आएंगे इसकी पूरी लिस्ट अभी भी एक रहस्य है, क्योंकि इसमें लगातार कई नाम जुड़ते जा रहे हैं। बीते दिनों जेरेमी रेनर ने साफ कर दिया था कि वह हॉकआई के रूप में वापसी नहीं कर रहे हैं। जबकि हाल ही वेब सीरीज 'विजनक्वेस्ट' के आखिरी एपिसोड के पोस्ट क्रेडिट सीन में हमें एलिजाबेथ ओल्सन की स्कारलेट विच का किरदार दिखा। वह पिछली बार 2022 की फिल्म 'डॉक्टर स्ट्रेंज इन द मल्टीवर्स ऑफ मैडनेस' के अंत में दिखी थीं, जहां वांडा मैक्सिमॉफ ने पूरे मल्टीवर्स से डार्कहोल्ड को मिटा दिया था और फिर वह एक पहाड़ के नीचे दब गई थीं। लेकिन इस बार सीन आगे बढ़ता है और रॉबर्ट डाउनी जूनियर का किरदार डॉक्टर डूम सामने आता हैं। वह वांडा के ऊपर से मलबा हटाता है और उसे अपनी टीम में शामिल करता है।

