शेयर बाजार में कोई शेयर कब निवेशकों को करोड़पति बना दे और कब बड़ा नुकसान करा दे, कहना मुश्किल है। ऐसा ही एक शेयर निवेशकों को लगातार कंगाल बना रहा है। यह तब है जब इसने डेढ़ साल से भी कम समय में निवेशकों को करोड़पति बना दिया था। किसी समय यह शेयर 600 रुपये से ऊपर पहुंच गया था, लेकिन अब इसकी कीमत गिरकर 120 रुपये से भी नीचे आ गई है। इस शेयर का नाम कोठारी इंडस्ट्रियल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (Kothari Industrial Corp Ltd) है।
क्या करती है कंपनी?
कोठारी इंडस्ट्रियल कॉरपोरेशन लिमिटेड चेन्नई की कंपनी है। कंपनी की स्थापना 1970 में हुई थी। कंपनी का कारोबार फुटवियर, खाद और कृषि उत्पादों से लेकर लॉजिस्टिक्स, फूड, रियल एस्टेट, ड्रोन और जियोस्पेशियल सर्विसेज तक फैला है। फुटवियर कारोबार कंपनी के प्रमुख बिजनेस में शामिल है।
क्यों आई शेयर में गिरावट?
कोठारी इंडस्ट्रियल कॉरपोरेशन के शेयरों में लगातार गिरावट की वजह कंपनी का बढ़ता घाटा और कमजोर वित्तीय स्थिति है। सितंबर 2026 तक छह महीनों में कंपनी का प्री-टैक्स घाटा बढ़कर 55.69 करोड़ रुपये हो गया। ऑडिटर्स ने भी वित्तीय रिकॉर्ड, स्टॉक वैल्यूएशन और जीएसटी खातों में कमियां बताई हैं। इसके अलावा, शेयर का महंगा वैल्यूएशन और कमजोर रिटर्न रेशियो भी निवेशकों की चिंता बढ़ा रहे हैं।
शेयर अब कर रहा कंगाल
कोठारी इंडस्ट्रियल कंपनी का शेयर अब निवेशकों को कंगाल बना रहा है। पिछले एक महीने में यह शेयर करीब 15 फीसदी गिर गया है। वहीं 6 महीने में इसमें करीब 31 फीसदी और इस साल करीब 47 फीसदी की गिरावट आई है। पिछले एक साल में तो यह शेयर करीब 73 फीसदी टूट गया है। वहीं 603 रुपये के शीर्ष के मुकाबले इसकी कीमत 81 फीसदी से ज्यादा गिर गई है।
कभी बनाया था करोड़पति
इस शेयर ने एक समय निवेशकों को करोड़पति बनाया था। साल 2024 में अप्रैल की शुरुआत में शेयर की कीमत करीब 1.98 रुपये थी। 17 महीने बाद यानी सितंबर 2025 में यह शेयर चढ़कर 603 रुपये पर पहुंच गया था। यानी इन 17 महीनों में इस शेयर ने 30354 फीसदी रिटर्न दिया। इस हिसाब से इसने एक लाख रुपये को 3 करोड़ रुपये से ज्यादा में बदल दिया।
कितना गिरी शेयर की कीमत?
कोठारी इंडस्ट्रियल कॉर्पोरेशन के शेयर की शुक्रवार को शुरुआत गिरावट के साथ हुई थी। बीएसई पर यह शेयर 114.90 रुपये पर खुला था। बाद में यह और गिर गया। कारोबार के अंत में यह शेयर 3.19% की गिरावट के साथ 112.15 रुपये पर बंद हुआ। पिछले हफ्ते यह शेयर करीब 12 फीसदी लुढ़का है।

