मनीला: फिलीपींस और चीन दक्षिण चीन सागर को लेकर आमने-सामने हैं। चीन ने फिलीपींस के खिलाफ आक्रामक सैन्य नीति अपनाई हुई है। दोनों देशों की नौसेनाओं के बीच समुद्र में कई बार भिड़तं भी हो चुकी है। इस कारण चीन अपनी रक्षात्मक क्षमताओं को तेजी से बढ़ा रहा है। फिलीपींस के इस कदम में भारत सबसे बड़ा सहयोगी बनकर उभरा है। उसने पहले भारत से ब्रह्मोस मिसाइल की खरीद की है। अब फिलीपींस कथित तौर पर दो और वेपन सिस्टम की खरीद पर विचार कर रहा है। अगर यह सौदा फाइनल हो जाता है तो भारत-फिलीपीस चीन के खिलाफ और करीब आ सकते हैं।
फिलीपींस भारत से कौन से हथियार खरीद रहा?
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, फिलीपींस कथित तौर पर भारत से आकाश एयर डिफेंस की पांच से ज्यादा रेजिमेंट खरीदने पर विचार कर रहा है। इससे फिलीपींस का एयर डिफेंस मजबूत होगा। इसके अलावा फिलीपींस की नजर भारत के पिनाका मल्टी बैरल रॉकेट लॉन्चर को खरीदने की भी तैयारी में है। पिनाका 44 सेकेंड में 12 रॉकेट दाग सकता है, जो सटीकता के साथ एक बड़े हिस्से पर हमला करने में सक्षम है। हालांकि, फिलीपींस की तरफ से इन खरीदों पर अभी तक कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है।
ब्रह्मोस की भी अतिरिक्त यूनिट खरीदेगा फिलीपींस
फिलीपींस आने वाले दिनों में भारत से ब्रह्मोस मिसाइल की और स्क्वाड्रन खरीदने की तैयारी में है। इसको लेकर भारत-फिलीपींस में बातचीत अडवांस स्टेज में है। इसकी पुष्टि फिलीपींस के डिफेंस सेक्रेटरी गिल्बर्टो टेओडोरो ने भी की है। इसके लिए फिलीपींस ने भारत के ब्रह्मोस एक्सटेंडेड रेंज की डिमांड भी की है। ब्रह्मोस एक्सटेंडेड रेंज पुरानी ब्रह्मोस मिसाइल की तुलना में 800 से 900 किलोमीटर की रेंज तक हमला करने में सक्षम है। इसे चीनी हमलों के खिलाफ फिलीपींस की रक्षात्मक तैयारियों में मील का पत्थर माना जा रहा है।
पिनाका MBRL क्यों खरीद रहा फिलीपींस?
पिनाका MBRL की रेंज 38 से 40 किलोमीटर है। हालांकि फिलीपींस की चीन से सटी कोई जमीनी सीमा नहीं है। ऐसे में विशेषज्ञों को उम्मीद है कि फिलीपींस भारत से पिनाका MBRL चीन के जहाजों पर हमले के लिए खरीद रहा है। भले ही पिनाका MBRL ब्रह्मोस मिसाइल जितनी सटीक और तेज नहीं है, लेकिन यह एक बड़े इलाके में फैले दुश्मन के युद्धपोतों पर हमला करने में सक्षम है। यह ब्रह्मोस के मुकाबले काफी सस्ता भी है, जिससे फिलीपींस पर आर्थिक बोझ भी कम होगा।

