भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच वेलिंगटन के बेसिन रिज़र्व में खेला गया पहला टेस्ट ड्रॉ हो गया है. पहली पारी में 352 रन की बढ़त लेने के बावजूद भारत टेस्ट नहीं जीत सका. सोशल मीडिया पर इसको लेकर काफ़ी चर्चा हो रही है.
लोग टीम सिलेक्शन से लेकर भारतीय गेंदबाज़ों की नाकामी को ड्रॉ के लिए ज़िम्मेदार ठहरा रहे हैं.
टेस्ट मैच में मोहम्मद सिराज को जब प्लेइंग 11 में शामिल नहीं किया गया था तब भी सुनील गावस्कर, हर्षा भोगले, वसीम जाफ़र समेत कई एक्सपर्ट्स ने सवाल उठाए थे.
अब लोग सिराज की कमी के साथ-साथ एक विशेषज्ञ स्पिनर की टीम में गैर मौजूदगी को लेकर भी टीम मैनेजमेंट के फ़ैसलों पर प्रश्न उठा रहे हैं.
कई लोग इस बात पर भी हैरानी जता रहे हैं कि न्यूज़ीलैंड के 5 विकेट ही बचे थे फिर भी मैच के 15 ओवर्स बाक़ी रहने पर भी भारत ड्रॉ के लिए क्यों सहमत हो गया.
न्यूज़ीलैंड पहली पारी में 368 रन बनाकर ऑल आउट हो गई थी. हालांकि एक समय में उसके 70 रन पर 5 विकेट गिर चुके थे. लेकिन हेनरी निकोल्स और ग्लेन फ़िलिप्स के शतकों के सहारे टीम ने अपना स्कोर 350 के पार कर लिया.
तब भी एक्सपर्ट्स और क्रिकेट प्रेमियों ने भारत की 'गेंदबाज़ी में पैनेपन की कमी' को न्यूज़ीलैंड के फ़ाइट बैक के लिए ज़िम्मेदार ठहराया था.
अपनी पहली पारी में भारतीय टीम ने ज़बरदस्त बैटिंग की. के एल राहुल और ऋषभ पंत ने बेहतरीन शतक लगाए और कप्तान शुभमन गिल, देवदत्त पडिक्कल और ध्रुव जुरैल के अर्धशतकों के सहारे टीम ने 9 विकेट पर 720 रन का स्कोर खड़ा करने के बाद पारी घोषित कर दी.
352 रन से पीछे रहने के बाद न्यूज़ीलैंड ने दूसरी पारी में 120 ओवर खेले और 5 विकेट पर 239 रन बनाकर मैच ड्रॉ कर लिया.
भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने आख़िरी दिन 15 ओवर बाक़ी रहते ही न्यूज़ीलैंड के कप्तान डैरिल मिचेल से हाथ मिलाकर मैच ख़त्म करने पर सहमति जता दी.
15 ओवर्स बाकी रहते हुए भी भारत के मैच ड्रॉ कराने पर सहमति जताने के फ़ैसले का बचाव करते हुए कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि भारतीय तेज़ गेंदबाज़ काफ़ी थक चुके थे और अगले टेस्ट से पहले आराम के लिए भी ज़्यादा समय नहीं था.
गिल ने कहा, "अगर पिच पर थोड़ी और मदद होती तो शायद हम जीत के लिए कोशिश कर सकते थे. लेकिन तेज़ गेंदबाज़ थक चुके थे. मैच में सभी ने क़रीब 50 ओवर गेंदबाज़ी की थी."
उन्होंने कहा, "अगला मैच सिर्फ़ तीन दिन दूर है और कल हमें सफ़र भी करना है. इसलिए हम अपने सभी गेंदबाज़ों को तरोताज़ा रखना चाहते थे. मुझे नहीं लगा कि पांच-दस ओवर और गेंदबाज़ी करने से कोई ख़ास फ़र्क़ पड़ता."
गिल ने यह भी कहा कि उन्हें पिच पर दस विकेट लेना मुश्किल लग रहा था. उनके मुताबिक़, भारतीय टीम को कुछ मौक़े मिले थे, लेकिन वह उन्हें भुना नहीं सकी.
गिल ने मैच में इस्तेमाल की गई गेंद की क्वालिटी पर भी सवाल उठाए.
उन्होंने कहा, "गेंद निश्चित तौर पर बहुत अहम भूमिका निभाती है. हमारी पहली गेंद भी करीब 25-30 ओवर के बाद बहुत नरम हो गई थी. मुझे लगता है कि दूसरी टीम ने भी इसकी शिकायत की थी. हमने इंग्लैंड में भी ऐसा देखा था. वहां शुरुआती तीन-चार मैचों में गेंद बहुत जल्दी नरम हो रही थी.
मुझे नहीं पता कि गेंदों की गुणवत्ता में गिरावट आई है या इसकी कोई और वजह है. लेकिन ऐसी परिस्थितियों में, जब पिच से भी गेंदबाज़ों को मदद नहीं मिल रही हो और ऊपर से गेंद भी नरम हो जाए, तो उनके लिए विकेट लेना बहुत मुश्किल हो जाता है."
कमेंटेटर हर्षा भोगले ने गिल की बात का समर्थन करते हुए एक्स पर लिखा, "शुभमन गिल ने गेंदों की गुणवत्ता को लेकर बिल्कुल सही बात कही है. गेंद 25-30 ओवर में ही नरम नहीं पड़ जानी चाहिए. यह ऐसा मुद्दा है जिस पर आईसीसी को गंभीरता से ध्यान देना चाहिए. वेलिंगटन में मैच के आख़िरी दिन गेंदबाज़ों के लिए बिल्कुल कुछ नहीं था. पिच बेजान थी, गेंद नरम हो चुकी थी और उसमें कोई सीम मूवमेंट नहीं था. क्रिकेट के लिए यह अच्छी बात नहीं है. "

