रायपुर। स्वदेशी व्यापारी मंच द्वारा आयोजित भव्य व्यापारी गौरव अलंकरण समारोह का आयोजन विमतरा ऑडिटोरियम, शांति नगर, इंद्रावती कॉलोनी रायपुर में गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ।
अखिल भारतीय विचार विभाग प्रमुख दीपक शर्मा ने युवा व्यापारी नेतृत्वकर्ता अजय भसीन की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि अजय के नेतृत्व में व्यापारियों की आवाज बनेगा स्वदेशी व्यापारी मंच।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के ऐसे 21 प्रतिष्ठित व्यापारियों एवं उद्योगपतियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपने जीवन में संघर्ष, परिश्रम, समर्पण और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर व्यापार एवं उद्योग जगत में एक विशिष्ट मुकाम हासिल किया है। इन सभी विभूतियों को ‘छत्तीसगढ़ रत्न’ सम्मान से अलंकृत किया गया।
इस सम्मान समारोह में भिलाई डी बी कमर्शियल कंपनी के डायरेक्टर श्री दिनकर बासोतिया जी को छतिसगढ़ व्यापार गौरव अलंकरण से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में प्रदेश संयोजक अजय भसीन जी ने अपने उद्बोधन में देश की अर्थव्यवस्था में व्यापारियों एवं उद्योगपतियों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश की आर्थिक मजबूती में व्यापार जगत का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने स्वदेशी को अपनाने, स्थानीय उद्योगों को प्रोत्साहन देने तथा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में व्यापारियों की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया।
भिलाई चेम्बर अध्यक्ष श्री गारगी शंकर मिश्रा जी ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए व्यापार, उद्यमिता और स्वदेशी अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
विशेष अतिथि श्री जगदीश पटेल जी ने कहा कि व्यापारी केवल आर्थिक गतिविधियों का हिस्सा नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था, रोजगार सृजन और सामाजिक विकास के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। ऐसे सफल व्यापारियों का सम्मान समाज में सकारात्मक प्रेरणा का संचार करेगा।
कार्यक्रम में संभाग संयोजक विनय सिंह,भिलाई जिला संयोजक मनोहर कृष्णानी, विकास पांचाल,सुनील मिश्रा, सरोजनी पाणिग्रही, पूर्णिमा नंदी,माधुरी पराशर,निरंकार सिंह,शिवराज शर्मा,लकी सोनी व बड़ी संख्या में व्यापारी, उद्योगपति, सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
समारोह का समापन स्वदेशी, आत्मनिर्भरता और सशक्त व्यापारिक भारत के संकल्प के साथ हुआ।

