भोपाल / रायसेन रोड, पटेल नगर स्थित श्री दादाजी धाम मंदिर में सुबह 10 बजे विशेष धार्मिक आयोजन हुआ। श्री श्री 1008 श्री दादाजी गुरुदेव चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष शिवरतन नामदेव एवं ट्रस्टी जीवन नामदेव सहित उपस्थित श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से संत शिरोमणि श्री नामदेव महाराज एवं भगवान लक्ष्मी-नारायण का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। भगवान श्रीकृष्ण के समक्ष बाबा खाटूश्याम जी के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में भी विशेष पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्ज्वलित कर आरती की तथा दादाजी गुरुदेव के चरणों में नमन कर जनकल्याण की प्रार्थना की।
देवउठनी एकादशी के अवसर पर पंडित राजेन्द्र पलिया के सान्निध्य में तुलसी माता एवं भगवान शालिग्राम का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया गया। विवाह की सभी रस्में श्रद्धा और उत्साह के साथ निभाई गईं। भक्तों ने मंगलगीत गाए तथा तुलसी माता एवं भगवान शालिग्राम की आरती कर परिवार की खुशहाली और सुखी दांपत्य जीवन की कामना की।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु चार माह की योगनिद्रा से जागृत होते हैं। इसी के साथ मांगलिक एवं शुभ कार्यों का पुनः शुभारंभ माना जाता है। सनातन धर्म में तुलसी-शालिग्राम विवाह का विशेष महत्व है।
संत नामदेव सामुदायिक भवन में सुंदरकांड, हवन और भजन-कीर्तन
इसी क्रम में नामदेव समाज विकास परिषद मध्य प्रदेश द्वारा जवाहर चौक स्थित संत नामदेव सामुदायिक भवन एवं मंदिर में संत शिरोमणि श्री नामदेव महाराज की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। यहां पूजन-अर्चन के साथ संगीतमय सुंदरकांड पाठ, हवन, आरती, भजन-कीर्तन एवं प्रसाद वितरण किया गया।
कार्यक्रम में परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष राजेन्द्र कुमार नामदेव (गाडरवारा), संरक्षक अवधनारायण नामदेव, कमल किशोर नामदेव, एन.पी. नामदेव, अवधेश चंद्र नामदेव (सेवानिवृत्त डीएसपी), बृजेश नामदेव (रेलवे), धर्मेंद्र वर्मा सहित परिषद की प्रांतीय एवं जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारी, समाज के वरिष्ठजन, मातृशक्ति, युवा एवं बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे। सभी ने संत नामदेव महाराज के भक्ति, प्रेम, समानता और मानव सेवा के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

