जबलपुर के नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में पदस्थ डॉक्टर अजय सिंह ठाकुर के खिलाफ महिला क्लर्क ने छेड़छाड़ और मोबाइल पर अश्लील मैसेज भेजने के आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है।
महिला का आरोप है कि डॉक्टर करीब एक साल से उसे परेशान कर रहा है। वह ऑफिस आने-जाने के दौरान उसका पीछा करता था और कई बार उसके केबिन में घंटों बैठा रहता था। विरोध करने के बावजूद डॉक्टर मोबाइल पर चैटिंग कर आपत्तिजनक बातें लिखता था।
परेशान होकर महिला ने मंगलवार रात लार्डगंज थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में BNS की छेड़छाड़ की धाराओं के तहत FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ऑफिस से घर तक करता था पीछा
महिला क्लर्क के मुताबिक डॉक्टर कई बार उसके ऑफिस आने पर पीछे-पीछे पहुंच जाता था। वह उसके केबिन में आकर घंटों बैठा रहता था। शुरुआत में उसने इसे सामान्य समझा, लेकिन बाद में डॉक्टर ने घर जाते समय भी उसका पीछा करना शुरू कर दिया। आरोप है कि वह मोबाइल पर मैसेज भेजकर प्यार का इजहार करता और आपत्तिजनक बातें लिखता था।
महिला ने कई बार डॉक्टर को ऐसा करने से मना किया, लेकिन उसकी हरकतें बंद नहीं हुईं। परेशान होकर उसने परिवार को पूरी बात बताई। इसके बाद परिजनों के साथ थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। महिला ने पुलिस को मोबाइल चैट के स्क्रीनशॉट और कॉल रिकॉर्डिंग भी सौंपी हैं।
महिला ने क्या बताया…

वह एक साल से मुझे परेशान कर रहा था। जब भी मैं ऑफिस जाती, तो वह मेरे पीछे-पीछे आ जाता था। कई बार मेरे केबिन में आकर घंटों तक बैठा रहता था। यहां तक तो ठीक था, लेकिन हद तब हो गई, जब वह घर जाते समय भी मेरा पीछा करने लगा। कई बार मोबाइल पर चैटिंग कर आपत्तिजनक बातें करता था। मैसेज में लिखता था कि मैं तुमसे प्यार करता हूं। लगातार हो रही इन हरकतों से परेशान होकर आखिरकार मुझे पुलिस थाने में शिकायत करनी पड़ी।

भाई से विवाद के बाद डॉक्टर ने भी दर्ज कराई FIR
इस मामले में एक और घटनाक्रम सामने आया है। महिला के भाई ने जब डॉक्टर को समझाने की कोशिश की तो दोनों के बीच विवाद हो गया। डॉक्टर ने रविवार को लार्डगंज थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। उसका आरोप था कि उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। इस शिकायत पर पुलिस ने महिला के भाई के खिलाफ भी FIR दर्ज की है। इसके बाद मंगलवार को महिला ने डॉक्टर के खिलाफ अपनी शिकायत दर्ज कराई।
डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच
सीएसपी अखिलेश गौर के मुताबिक, महिला की शिकायत और उपलब्ध कराए गए डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी डॉक्टर की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है। पुलिस के मुताबिक, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।
घटना सामने आने के बाद मेडिकल कॉलेज में कार्यरत महिला कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। कर्मचारियों ने आरोपी डॉक्टर के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की मांग की है।

