•गौरव खरे,

निवाड़ी। विश्राम गृह में विधायक अनिल जैन के द्वारा पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा वर्ष 2021 से भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की गई थी। इसी क्रम में मध्यप्रदेश में 11 से 18 नवंबर तक जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जा रहा है। इस दौरान भाजपा संगठन, प्रदेश सरकार और जनजातीय समाज के संयुक्त तत्वावधान में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर जनजातीय महापुरुषों के शौर्य, संघर्ष, बलिदान और गौरवशाली इतिहास को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

भगवान बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष की आयु में देश, समाज और जनजातीय अधिकारों की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के शोषण और अत्याचार के विरुद्ध संघर्ष करते हुए जनजातीय समाज में स्वाभिमान, स्वतंत्रता और अधिकारों के प्रति जागरूकता पैदा की। उनका उद्घोष 'अबुआ दिशुम, अबुआ राज' अर्थात हमारा देश, हमारा शासन, आज भी जनजातीय अस्मिता और आत्मसम्मान का प्रतीक है। उनका संघर्ष जल, जंगल और जमीन पर जनजातीय समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए ऐतिहासिक प्रेरणा बना हुआ है।

भाजपा की जनजातीय समाज के प्रति प्रतिबद्धता केवल आयोजनों और भाषणों तक सीमित नहीं है, बल्कि राजनीतिक भागीदारी, नेतृत्व और विकास योजनाओं में भी दिखाई देती है। मध्यप्रदेश से केंद्र सरकार में दुर्गादास उइके एवं सावित्री ठाकुर जनजातीय समाज का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। वहीं प्रदेश सरकार में निर्मला भूरिया, संपतिया उइके, विजय शाह, नागर सिंह चौहान एवं राधा सिंह महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर जनजातीय समाज की बेटी द्रौपदी मुर्मु का राष्ट्रपति बनना भी सामाजिक सम्मान और भागीदारी का ऐतिहासिक उदाहरण है।

मध्यप्रदेश की धरती भगवान बिरसा मुंडा के साथ टंट्या मामा, रानी दुर्गावती, राजा शंकर शाह, कुंवर रघुनाथ शाह, भीमा नायक, रानी कमलापति और राजा भभूत सिंह जैसे महान जननायकों के शौर्य और बलिदान की साक्षी रही है। इन महापुरुषों के योगदान को सम्मान देने के लिए सरकार द्वारा अनेक कदम उठाए गए हैं। रानी दुर्गावती के सम्मान में जबलपुर और दमोह जिले के संग्रामपुर में कैबिनेट बैठक आयोजित की गई। पचमढ़ी में राजा भभूत सिंह के सम्मान में कैबिनेट बैठक हुई। रानी दुर्गावती के नाम पर श्री अन्न योजना, टंट्या मामा के नाम पर खरगोन में विश्वविद्यालय तथा राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह के नाम पर मंडला में मेडिकल कॉलेज बनाया जा रहा है। वहीं रानी कमलापति के नाम पर रेलवे स्टेशन का नामकरण भी जनजातीय गौरव को सम्मान देने की पहल है।

प्रदेशभर में निकलेंगी सांस्कृतिक रैलियां

जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर 15 नवंबर को प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल सहित केंद्र और प्रदेश सरकार के मंत्री शामिल होंगे। प्रदेश के सभी जिलों में भव्य सांस्कृतिक जुलूस और रैलियां निकाली जाएंगी। दो से तीन किलोमीटर लंबी इन रैलियों में जनजातीय समाज की पारंपरिक वेशभूषा, लोकनृत्य, लोकसंगीत और लोककलाओं की आकर्षक झलक देखने को मिलेगी।

भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में 14 नवंबर को जबलपुर, 15 नवंबर को धार और 16 नवंबर को खंडवा में प्रदेश सरकार द्वारा बड़े आयोजन किए जाएंगे। वहीं 12 और 13 नवंबर को जिला स्तर पर बैठकों के माध्यम से कार्यक्रमों की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।

विद्यालयों और छात्रावासों में होंगे विशेष कार्यक्रम

14 नवंबर को जनजातीय प्रतिभाओं के सम्मान तथा देवस्थानों पर स्वच्छता अभियान और दीप प्रज्ज्वलन के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रदेश के सभी विद्यालयों और छात्रावासों में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती मनाई जाएगी। जनजातीय विकासखंडों के विद्यालयों में विद्यार्थियों को जनजातीय महापुरुषों के संघर्ष, शौर्य और बलिदान की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही जनजातीय नृत्य, नाटक, संगीत, रंगोली, चित्रकला, निबंध और भाषण प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी संस्कृति और विरासत से जोड़ने का प्रयास होगा।

16 और 17 नवंबर को जनजातीय छात्रावासों में युवाओं के साथ सीधा संवाद एवं संपर्क अभियान चलाया जाएगा। इसके माध्यम से युवाओं को जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, महापुरुषों के योगदान और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

गांवों में लगेंगी जनजातीय गौरव चौपाल

18 से 20 नवंबर तक प्रदेश के जनजातीय विकासखंडों के चयनित गांवों में जनजातीय गौरव चौपाल आयोजित की जाएंगी। इनमें वर्तमान एवं पूर्व जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और समाज के प्रबुद्धजन शामिल होकर जनजातीय समाज की उपलब्धियों, आवश्यकताओं और विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे। इसके अलावा सार्वजनिक भवनों, सड़कों, चौराहों और पार्कों का नामकरण जनजातीय महापुरुषों एवं जननायकों के नाम पर करने की पहल भी की जाएगी।

जनजातीय गौरव सप्ताह का उद्देश्य केवल एक आयोजन करना नहीं, बल्कि जनजातीय समाज की अस्मिता, स्वाभिमान, संस्कृति, परंपराओं और अधिकारों के प्रति व्यापक जनजागरण करना है। भगवान बिरसा मुंडा सहित जनजातीय समाज के सभी महान नायकों के संघर्ष और बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाकर उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने तथा विकसित भारत के निर्माण में जनजातीय समाज की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया है। पत्रकार वार्ता में प्रमुख रूप से पुष्पेंद्र प्रजापति मंडल अध्यक्ष ग्रामीण, कमलेश चौरसिया मंडल अध्यक्ष भाजपा, मंगेश रमपुरिया जिला महामंत्री, मुन्ना आदिवासी अनुसूचित जनजाति,मोर्चा जिलाध्यक्ष, विवेक तोमर जिला महामंत्री भाजपा, मनोज सौर जिला महामंत्री अनुसूचित जनजाति मोर्चा, बबलू आदिवासी जिला उपाध्यक्ष अनुसूचित जनजाति मोर्चा विशेष रूप से उपस्थित रहे।