कई बार आपने सुना होगा कि कोई व्यक्ति रात में सोते-सोते अचानक बिस्तर से उठ जाता है, घर में घूमने लगता है या दरवाजे खोलने जैसी गतिविधियां करने लगता है। हैरानी की बात यह होती है कि सुबह उठने पर उसे रात में हुई किसी भी घटना की याद नहीं रहती। इस स्थिति को स्लीपवॉकिंग या Somnambulism कहा जाता है। यह एक तरह का स्लीप डिसऑर्डर है, जिसमें व्यक्ति पूरी तरह जागे बिना चलने-फिरने या कुछ गतिविधियां करने लगता है। यह समस्या बच्चों में अधिक देखी जाती है, लेकिन वयस्क भी इससे प्रभावित हो सकते हैं। नींद की कमी, अनियमित स्लीप शेड्यूल, तनाव, बुखार और कुछ दवाएं इस को ट्रिगर कर सकती हैं।
नींद में चलना क्या है और क्या इस दौरान व्यक्ति पूरी तरह सो रहा होता है?
मैयोक्लीनिक के अनुसार नींद में चलने को मेडिकल भाषा में Somnambulism कहा जाता है। यह NREM Parasomnia यानी नॉन-रैपिड आई मूवमेंट नींद से जुड़ा एक विकार है। इसमें व्यक्ति गहरी नींद से आंशिक रूप से जागता है और बिना पूरी तरह होश में आए कुछ गतिविधियां करने लगता है। इस दौरान कोई व्यक्ति बिस्तर पर बैठ सकता है, कमरे में टहल सकता है, दरवाजा खोल सकता है या कपड़े बदलने जैसी सामान्य गतिविधियां कर सकता है। कुछ दुर्लभ मामलों में व्यक्ति घर से बाहर भी निकल सकता है। देखने में ऐसा लग सकता है कि वह पूरी तरह जाग रहा है, लेकिन वास्तव में उसे आसपास की घटनाओं की पूरी समझ नहीं होती।
स्लीपवॉकिंग का एपिसोड आमतौर पर रात के शुरुआती हिस्से में होता है और कुछ मिनटों तक रह सकता है। व्यक्ति की आंखें खुली हो सकती हैं, लेकिन उसका चेहरा भावहीन दिख सकता है और वह सामान्य तरीके से बातचीत का जवाब नहीं दे पाता। सुबह जागने पर उसे घटना याद नहीं रहती या कुछ धुंधली यादें हो सकती हैं।
स्लीपवॉकिंग के दौरान दिमाग जागने और सोने की अवस्थाओं के बीच कैसे व्यवहार करता है?
सामान्य नींद के दौरान हमारा दिमाग अलग-अलग चरणों से गुजरता है। इनमें NREM और आरईएम स्लीप शामिल हैं। स्लीपवॉकिंग अधिकतर गहरी NREM नींद के तीसरे चरण यानी N3 स्लीप के दौरान होता है। यह आमतौर पर रात के पहले एक-तिहाई हिस्से में देखा जाता है।
हार्वर्ड हेल्थ के अनुसार इस दौरान व्यक्ति के दिमाग में पूरी तरह जागने और सोने के बीच की स्थिति बन जाती है। दिमाग के कुछ हिस्से ऐसे व्यवहार कर सकते हैं जैसे व्यक्ति जाग रहा हो, जिससे वह उठकर चलने या दूसरी गतिविधियां करने में सक्षम होता है। लेकिन उसकी जागरूकता, निर्णय लेने और आसपास की परिस्थितियों को समझने की क्षमता पूरी तरह सक्रिय नहीं होती।
नींद में चलने के क्या कारण होते हैं ?
फिलहाल नींद में चलने का कोई एक निश्चित कारण नहीं है। इसके पीछे आनुवंशिक प्रवृत्ति, नींद का पैटर्न और कुछ स्वास्थ्य स्थितियां भूमिका निभा सकती हैं। अगर परिवार में माता-पिता या भाई-बहन को नींद में चलने की समस्या रही है, तो दूसरे सदस्यों में भी इसकी संभावना अधिक हो सकती है।
मेडलाइन प्लस के अनुसार इसके अलावा कुछ स्थितियां दिमाग की गहरी नींद से सामान्य तरीके से जागने की प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती हैं। इनमें प्रमुख हैं:
नींद की कमी: पर्याप्त नींद न लेने से गहरी नींद के बाद जागने की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।
अनियमित स्लीप शेड्यूल: रोज अलग-अलग समय पर सोना या देर रात तक जागना नींद का सामान्य चक्र बिगाड़ सकता है।
तनाव और चिंता: मानसिक दबाव नींद की गुणवत्ता को प्रभावित करके स्लीपवॉकिंग के एपिसोड (बार-बार नींद में चलना) को बढ़ा सकता है।
बुखार और बीमारी: खासकर बच्चों में तेज बुखार के दौरान नींद में चलने या दूसरी पैरासोमनिया की संभावना बढ़ सकती है।
कुछ दवाएं और शराब: कुछ नींद आने वाली दवाएं और शराब नींद की सामान्य संरचना को प्रभावित कर सकते हैं।
अन्य स्लीप डिसऑर्डर: ऑब्सट्रेक्टिव स्लीप एपनिया और रेस्टलेस लेग्स सिंड्रोम जैसी स्थितियां भी नींद को बार-बार बाधित कर सकती हैं।
तनाव, बुखार और थकान नींद में चलने को कैसे प्रभावित कर सकते हैं?
हेल्थ डायरेक्ट के अनुसारतनाव और मानसिक दबाव का असर केवल दिन के मूड पर नहीं, बल्कि रात की नींद पर भी पड़ सकता है। जब व्यक्ति लगातार चिंता, काम के दबाव या भावनात्मक परेशानियों से जूझता है, तो उसकी नींद बार-बार टूट सकती है। इससे गहरी नींद और जागने के बीच होने वाली प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।
इसी तरह तेज बुखार या शरीर में बीमारी के दौरान नींद सामान्य नहीं रह पाती। खासकर बच्चों में बुखार के समय नाइट टेरर (Night Terrors) और नींद में चलने (Sleepwalking) जैसे एपिसोड दिखाई दे सकते हैं। शारीरिक थकान और अत्यधिक व्यायाम के बाद पर्याप्त रिकवरी न मिलना भी कुछ लोगों में नींद को प्रभावित कर सकता है।
नींद में चलना नींद से आंशिक रूप से जागने के दौरान होने वाली एक स्लीप डिसऑर्डर की स्थिति है। इसमें व्यक्ति चलने-फिरने जैसी गतिविधियां तो करता है, लेकिन पूरी तरह जागरूक नहीं होता और सुबह उसे अक्सर घटना याद नहीं रहती। आनुवंशिक प्रवृत्ति, नींद की कमी, अनियमित स्लीप शेड्यूल तनाव, बुखार और कुछ दवाएं इसके संभावित ट्रिगर हैं। पर्याप्त नींद, नियमित दिनचर्या और घर में सुरक्षा के उपाय अपनाकर जोखिम कम किया जा सकता है।

