कटनी के एनकेजे थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 3 किलो गांजे के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 60 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से जिला जेल भेज दिया गया।
पुलिस को देखकर भागने लगा युवक
थाना प्रभारी रूपेंद्र सिंह राजपूत के अनुसार, 10 नवंबर को पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुंगाबाई छपरवाह तिराहा आमरोड के पास एक युवक सफेद थैला और नीली पन्नी लेकर बैठा दिखाई दिया। पुलिस वाहन को पास आता देख वह घबराकर भागने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
थैले और पन्नी से मिला गांजा
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान शनि उर्फ कुलदीप कुशवाहा, निवासी प्रेमनगर, कटनी के रूप में बताई। पुलिस ने उसके पास मौजूद सफेद थैले और नीली पन्नी की तलाशी ली तो उसमें 3 किलो गांजा मिला। इसकी अनुमानित कीमत 60 हजार रुपए आंकी गई है।
न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जिला जेल कटनी भेज दिया गया।

